IAEA: अमेरिका-ईरान सहमति के बाद तकनीकी काम शुरू होने की राह खुली
Source: UN News: शुक्रवार, 19 जून 2026 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र की परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख रफ़ाएल ग्रॉस्सी ने अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए हुए शुरुआती समझौते (MoU) का स्वागत किया है. एजेंसी दोनों पक्षों के साथ मिलकर ईरान के परमाणु कार्यक्रम के सत्यापन जैसे अहम मुद्दों पर ठोस क़दम तय करने में मदद करने के लिए तैयार है.
अन्तरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ( IAEA) के महानिदेशक रफ़ाएल मारियानो ग्रॉस्सी ने समझौता ज्ञापन के प्रकाशित मसौदे का सन्दर्भ देते हुए कहा, “हमारा मानना है कि IAEA की अपरिहार्य भूमिका को स्वीकार किया जाना एक ठोस शुरुआत है.”उन्होंने कहा, “अब हमें अपने अमेरिकी और ईरानी सहयोगियों के साथ बैठकर यह तय करना है कि आगे कौन-से ठोस क़दम उठाए जाएँगे. समझौता ज्ञापन एक सकारात्मक घटनाक्रम है. अब तकनीकी काम शुरू होगा.”मीडिया ख़बरों के अनुसार, समझौता ज्ञापन में अधिकतम 60 दिनों की बातचीत के बाद एक ‘अन्तिम समझौते’ तक पहुँचने का लक्ष्य रखा गया है. बातचीत में ईरान के यूरेनियम संवर्धन जैसे मुद्दे शामिल होंगे. ईरान को यह भी दोहराना होगा कि उसका परमाणु हथियार बनाने का कोई इरादा नहीं है.समझौता ज्ञापन की अन्य शर्तों में सभी जहाज़ों के लिए होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलना और ईरान पर लगे अमेरिकी व संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रतिबन्धों में ढील देना शामिल है.इसके 14 बिन्दुओं में सबसे पहले “लेबनान सहित सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई को तत्काल व स्थाई रूप से समाप्त करने” की बात कही गई है.सदभावना के साथ बातचीतरफ़ाएल ग्रॉस्सी ने गुरूवार को जिनीवा स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए, दोनों पक्षों के दरम्यान वार्ता में सम्भावित बाधाओं को लेकर अटकल लगाने से इनकार किया.उन्होंने कहा, “हम बातचीत शुरू करने वाले हैं और हमें यह मानकर आगे बढ़ना चाहिए कि सभी पक्ष सदभावना से इसमें शामिल हैं और इसे सफल बनाना चाहते हैं.”IAEA प्रमुख ने ईरान के यूरेनियम संवर्धन के स्तर में सम्भावित कटौती से जुड़े सवाल पर कहा कि “कई सम्भावनाओं” पर विचार किया जा सकता है.उन्होंने कहा, “अलग-अलग विकल्प मौजूद हैं. ईरान के मौजूदा भंडार में विभिन्न स्तरों पर संवर्धित यूरेनियम है. अब देखना होगा कि किस विकल्प पर सहमति बनती है.”उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों तक एजेंसी की पहुँच अभी उतनी व्यापक नहीं है, जितनी होनी चाहिए. हालाँकि, ईरानी अधिकारियों के साथ सम्पर्क जारी है और एजेंसी को पूरा अन्दाज़ा है कि उसे किन स्थानों व गतिविधियों तक पहुँच की आवश्यकता है.रफ़ाएल ग्रॉस्सी ने कहा, “अब, मेरे विचार में, तकनीकी काम वास्तव में शुरू हो सकता है.”अन्तरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) की स्थापना 1957 में परमाणु ऊर्जा के शान्तिपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के लिए की गई थी. यह संयुक्त राष्ट्र प्रणाली की एक स्वायत्त एजेंसी है यानि सीधे संयुक्त राष्ट्र सचिवालय के नियन्त्रण में नहीं है. यह संयुक्त राष्ट्र महासभा और सुरक्षा परिषद को रिपोर्ट सौंपती है.वियना स्थित IAEA के 180 सदस्य देश हैं. इसका काम परमाणु प्रतिष्ठानों की निष्पक्ष निगरानी करना, परमाणु गतिविधियों पर रिपोर्ट देना, सुरक्षा मानकों की देखरेख करना, कूटनीति के ज़रिए शान्ति को बढ़ावा देना तथा परमाणु प्रौद्योगिकी के शान्तिपूर्ण एवं लाभकारी उपयोग को प्रोत्साहित करना है.