-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:41 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संक्षेप में: लेबनान में घर लौटने में जोखिम, ग़ाज़ा में नए सिरे से विस्थापन

Source: UN News: गुरुवार, 18 जून 2026 00:01 AM (IST)
संक्षेप में: लेबनान में घर लौटने में जोखिम, ग़ाज़ा में नए सिरे से विस्थापन
संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान के बीच शान्ति समझौते पर सहमति की घोषणा के बावजूद, लेबनान में हिंसा के कारण विस्थापित हुए नागरिक अब भी अपने घरों व समुदायों में वापिस जाने में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं. यूएन मानवतावादी कार्यालय (OCHA) ने सोमवार को इस विषय में चिन्ता व्यक्त की है. लेबनान में यूएन मिशन (UNIFIL) के अनुसार, देश के दक्षिणी हिस्से में हिंसा और गोलाबारी में कुछ कमी दर्ज की गई है. इसराइल द्वारा गोले दागे गए हैं और दो हवाई हमले भी हुए हैं, जबकि हिज़बुल्लाह या ग़ैर-सरकारी तत्वों की ओर से ऐसे किसी हमले की जानकारी नहीं है.मानवतावादी कार्यालय ने बताया कि कुछ परिवारों ने अपने घरों को लौटना शुरू किया है या फिर दक्षिणी लेबनान के कुछ हिस्सों में वापसी से पहले वे स्थिति का आकलन कर रहे हैं.मगर, फ़िलहाल बड़े पैमाने पर लोगों की वापसी नहीं हुई है. यूएन कार्यालय का मानना है कि नागरिकों को तब तक अपने समुदायों में लौटने से रुकना होगा, जब तक वहाँ पूर्ण रूप से सुरक्षित हालात नहीं हों.फ़िलहाल, सामूहिक आश्रय केन्द्रों में लोगों की भीड़ है और विस्थापित परिवार सुरक्षा परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं. लेबनान की सशस्त्र सेना और स्थानीय प्रशासन ने आम लोगों से आग्रह किया है कि उच्च-जोखिम वाले इलाक़ों में लौटने से बचा जाना होगा. संयुक्त राष्ट्र ने आम नागरिकों की सुरक्षा की अपील दोहराई है, उनकी सुरक्षित व स्वैच्छिक वापसी पर बल दिया है, और ज़रूरतमन्दों के लिए मानवीय सहायता सुनिश्चित किए जाने की अहमियत रेखांकित की है. अमेरिका और ईरान के बीच हिंसक टकराव पर विराम लगाने के लिए हुई सहमति के बारे में फ़िलहाल ठोस जानकारी उपलब्ध नहीं है. 28 फ़रवरी को इसराइल और अमेरिका द्वारा ईरान पर बमबारी की गई थी, जिसके बाद ईरान ने क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों और बहरीन, कुवैत, ओमान, क़तर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन पर ड्रोन व मिसाइल हमले किए थे. 2 मार्च को, हिज़बुल्लाह ने ईरान के समर्थन में इसराइल पर रॉकेट हमले किए थे, जिसके बाद इसराइल ने बड़े पैमाने पर लेबनान में सैन्य कार्रवाई शुरू की थी, जोकि लाखों लोगों के विस्थापित होने और सैकड़ों के हताहत होने की वजह बनी.संघर्षविराम पर सहमति होने के बावजूद, इसराइली सेना और हिज़बुल्लाह के बीच टकराव और हिंसा की घटनाएँ हुई हैं.ग़ाज़ा: असुरक्षा की वजह से नए विस्थापन मामले © WFP/मैक्सिम ले लिजौर ग़ाज़ा सिटी के एक इलाक़े में कुछ लोग गाड़ी में अपना सामान लाद रहे हैं. ग़ाज़ा में नए सिरे से असुरक्षा व्याप्त होने की वजह से बीते सप्ताहांत और अधिक संख्या में परिवार विस्थापित हुए हैं, जिससे मानवीय सहायता प्रयासों पर दबाव बढ़ा है. यूएन मानवतावादी कार्यालय ने बताया कि शुक्रवार को, जबालिया कैम्प में एक हवाई हमले में यूएन स्कूल को क्षति पहुँची है, जहाँ विस्थापित परिवारों ने शरण ली हुई थी.वहीं, ग़ाज़ा सिटी के पूर्वी हिस्से में बड़ी संख्या में परिवारों को अपनी जगह छोड़कर जाना पड़ा है, चूँकि इसराइली सेना ने ‘यैलो लाइन’ नामक सीमा का विस्तार किया है. पीले रंग के सीमेंट ब्लॉक से बनी यह लाइन, अक्टूबर 2025 में स्थापित की गई थी. यह उस इलाक़े को चिन्हित करती है, जोकि इसराइली सेना के नियंत्रण में है और जहाँ आवाजाही पर पाबन्दी है. अनेक बार इस लाइन का विस्तार किया जा चुका है. यूएन मानवाधिकार कार्यालय ने आगाह किया है कि इस रेखा के बहुत नज़दीक आने की स्थिति में फ़लस्तीनियों को गोली मारने की घटनाएँ हुई हैं.आम फ़लस्तीनियों का कहना है कि असुरक्षा बढ़ने की वजह से उन्हें एक बार फिर दबाव में विस्थापित होने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. बहुत से विस्थापित परिवार बिना किसी टैंट या सामान के ही जगह छोड़कर चले गए हैं और अपने परिजन या मित्रों के साथ शरण ले रहे हैं.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement