Advertisement
विकलांग व्यक्तियों के अधिकारों में चुनौतियाँ बरक़रार, यूएन सम्मेलन में मन्थन

विकलांग व्यक्तियों के अधिकारों पर कन्वेंशन के सदस्य देशों के इस 19वें सम्मेलन (COSP19) का आयोजन 9 से 11 जून तक किया जा रहा है.इस वर्ष सम्मेलन का विषय है - “उपलब्धियों का उत्सव मनाना, उन्हें सुदृढ़ बनाना और बदलती दुनिया में क्रियान्वयन के अगले चरण को आकार देना.” सम्मेलन में गोलमेज़ चर्चाएँ, चुनाव, भविष्य की कार्ययोजनाओं पर विचार-विमर्श तथा दुनिया भर से चुनौतियों, नवाचारपूर्ण समाधानों और सफलता की कहानियों को साझा किया जा रहा है.प्रगति अपेक्षित गति से नहीं...विकलांग व्यक्तियों के अधिकारों पर होने वाली वैश्विक कार्रवाई का आधार ‘विकलांग व्यक्तियों के अधिकारों पर कन्वेंशन’ (CRPD) है, जो सदस्य देशों के बीच एक क़ानूनी रूप से बाध्यकारी समझौता है.इस कन्वेंशन को यूएन महासभा ने वर्ष 2006 में अपनाया था और अब तक 192 देशों ने इसकी पुष्टि की है.दो दशक बाद इस क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है. आज 90 प्रतिशत से अधिक देशों में ऐसे क़ानून मौजूद हैं जो विकलांग व्यक्तियों के अधिकारों की गारंटी देते हैं.इसके बावजूद, यूएन की नवीनतम ‘विकलांगता और विकास रिपोर्ट’ दर्शाती है कि सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) से जुड़े लगभग सभी संकेतकों पर विकलांग व्यक्तियों के लिए प्रगति अपेक्षित गति से नहीं हो रही है.महासचिव ने कहा कि प्रगति अवश्य हुई है, लेकिन इसकी गति अस्वीकार्य रूप से धीमी है.उन्होंने आगाह किया कि किए गए वादों को वास्तविकता में बदलने और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के लिए और अधिक ठोस प्रयासों की आवश्यकता है.अन्य चुनौतियाँ...यूएन प्रमुख ने कहा कि दुनिया इस समय जलवायु परिवर्तन, संघर्षों और बढ़ती महँगाई जैसी अनेक चुनौतियों का सामना कर रही है.ऐसे में विकलांग व्यक्तियों को अक्सर ऐसे समाज और व्यवस्थाओं में जीवन बिताना पड़ता है, जिन्हें उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर नहीं बनाया गया है.उन्होंने कहा कि सौभाग्य से दुनिया को अधिक समावेशी बनाने के लिए उसे नए सिरे से आकार देना सम्भव है.उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करने का प्रयास कर रहा है. इसी उद्देश्य से उसकी ‘विकलांगता समावेशन रणनीति’ लागू की गई है, जिसका लक्ष्य विकलांग व्यक्तियों के अनुभवों और सुझावों के आधार पर संस्थागत बदलाव सुनिश्चित करना है.महासचिव ने सभी पक्षों से आहवान किया कि वे मिलकर विकलांग व्यक्तियों के अधिकारों को पूरी तरह साकार करें और ऐसा न्यायपूर्ण, समावेशी तथा जीवन्त भविष्य निर्मित करें, जिसमें सभी को समान अवसर और सम्मान प्राप्त हो.COSP19 की औपचारिक शुरुआत से पहले सोमवार को, दुनिया भर के समुदायों और नागरिक समाज संगठनों ने अपनी आवाज़ बुलन्द की.सम्मेलन के तहत आयोजित बहु-सत्रीय ‘नागरिक समाज मंंच’ में सहभागी समूहों ने, लचीले और समावेशी समाजों के निर्माण, नागरिक भागेदारी को अधिक सुलभ बनाने तथा राजनैतिक और सार्वजनिक जीवन में विकलांग व्यक्तियों के नेतृत्व और पैरवी को सशक्त करने जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया.मंच में ज़ोर दिया गया कि निर्णय लेने की प्रक्रियाओं में विकलांग व्यक्तियों की सार्थक भागेदारी सुनिश्चित किए बिना, समावेशी विकास और समान अधिकारों के लक्ष्य हासिल नहीं किए जा सकते हैं.
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


