-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:54 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

WFP ने 15 हज़ार किलोमीटर की यात्रा करके, अफ़ग़ान स्कूली बच्चों तक पहुँचाया भोजन

Source: UN News: गुरुवार, 11 जून 2026 00:01 AM (IST)
WFP ने 15 हज़ार किलोमीटर की यात्रा करके, अफ़ग़ान स्कूली बच्चों तक पहुँचाया भोजन
अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल के बाहरी क्षेत्र में स्थित विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के एक गोदाम में, कई सप्ताह की यात्रा के बाद पोषक तत्वों से समृद्ध बिस्कुटों की खेप पहुँची है. इस खेप को 15 हज़ार किलोमीटर लम्बी यात्रा पूरी करके काबुल पहुँचाया गया. यात्रा के दौरान इसे दो बार व्यवधानों का सामना करना पड़ा, जबकि अन्तिम चरण में सड़क मार्ग से 9 देशों की सीमाओं को पार करना पड़ा. विश्व खाद्य कार्यक्रम के आपूर्ति श्रृंखला एवं वितरण अधिकारी अब्दुल अहद मोनिब ने बताया कि ट्रकों के सुरक्षित पहुँचने पर राहत महसूस की जा रही है.उन्होंने कहा कि पूरी यात्रा के दौरान हर देरी, हर सीमा पार करने की प्रक्रिया और योजना में हुए प्रत्येक बदलाव पर लगातार नज़र रखी गई.अब्दुल अहद मोनिब ने बताया कि यात्रा के दौरान कई बार आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी टीमों को पूरे मार्ग पर पुनर्विचार करना पड़ा.“लेकिन हमारा लक्ष्य एक ही था - अफ़ग़ानिस्तान के स्कूली बच्चों तक इन बिस्कुटों को यथाशीघ्र पहुँचाना.”लगातार चुनौतियों के बीच...रेगिस्तानों, पहाड़ों और समुद्री मार्गों से होकर गुज़री यह लम्बी यात्रा उन चुनौतियों को दर्शाती है, जिनका सामना विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) को ज़रूरतमन्द लोगों तक खाद्य सहायता पहुँचाने में करना पड़ता है.साथ ही, यह भी दिखाती है कि बदलती परिस्थितियों के अनुरूप त्वरित ढंग से कैसे रणनीति बदली जाती है, ताकि जीवनरक्षक सहायता सामग्री को तेज़ी और कम लागत में उसके गन्तव्य तक पहुँचाया जा सके.WFP की आपूर्ति श्रृंखला एवं वितरण निदेशक कोरीन फ़्लाइशर ने कहा कि संगठन, हर वर्ष लाखों मीट्रिक टन खाद्य सामग्री दुनिया के सबसे कठिन और दूरदराज़ क्षेत्रों तक पहुँचाता है.उन्होंने कहा, “जब कोई मार्ग बन्द हो जाता है या कोई बाधा सामने आती है, तो हम परिस्थितियों के अनुसार स्वयं को ढालते हैं, समाधान तलाश करते हैं और समन्वय स्थापित करते हैं. कई बार इसके लिए अनेक देशों की सीमाओं के पार भी काम करना पड़ता है. भूख, मार्गों के दोबारा खुलने का इन्तेज़ार नहीं करती.” © WFP/Danijela Milic अफगानिस्तान में WFP का खाद्य वितरण वैकल्पिक मार्गों की तलाशइंडोनेशिया के सुरबाया बन्दरगाह से 397 मीट्रिक टन पोषक तत्वों से भरपूर बिस्कुट, जहाज़ के माध्यम से पाकिस्तान के कराची बन्दरगाह तक भेजे गए थे.यह खेप अफ़ग़ानिस्तान के स्कूल भोजन कार्यक्रम के लिए इंडोनेशिया सरकार के 35 लाख अमेरिकी डॉलर के योगदान का हिस्सा है. इससे अफ़ग़ानिस्तान के 1 लाख 72 हज़ार स्कूली बच्चों को भोजन उपलब्ध कराया जाना था, जहाँ गम्भीर खाद्य संकट की स्थिति बनी हुई है.कराची से यह खेप मूल रूप से पाकिस्तान के भीतर लगभग 7 हज़ार किलोमीटर की दूरी तय करके, सड़क मार्ग से अफ़ग़ानिस्तान पहुँचाई जानी थी.लेकिन दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के कारण सीमा बन्द हो गई, जिससे WFP को तुरन्त वैकल्पिक मार्ग तलाशना पड़ा.हर दिन की देरी अफ़ग़ान बच्चों तक पहुँचने वाली इस पोषण सहायता के लिए गम्भीर ख़तरा बन रही थी, जो स्कूल भोजन पर निर्भर हैं ताकि वे स्वस्थ रह सकें, पढ़ाई पर ध्यान दे सकें और स्कूली शिक्षा जारी रख सकें.ऐसे में WFP ने परिस्थितियों के अनुसार अपनी योजना में बदलाव किया.एक और व्यवधान...सीमा के अनिश्चित समय तक बन्द रहने का इन्तेज़ार करना सम्भव नहीं था. ऐसे में, WFP के शिपिंग अधिकारियों ने इस माल को दुबई के जेबेल अली बन्दरगाह के ज़रिए भेज दिया, जहाँ से इसे फ़ारस की खाड़ी के रास्ते ईरान भेजने और फिर सड़क मार्ग से आगे अफ़ग़ानिस्तान पहुँचाने की योजना बनाई गई.लेकिन मध्य पूर्व में बढ़ती अस्थिरता के कारण, जिससे रणनैतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज़ जलडमरूमध्य भी प्रभावित हुआ, यह योजना भी बाधित हो गई.इसके बाद WFP के संचालन कक्षों में लॉजिस्टिक्स विशेषज्ञों ने फिर से गहन मन्थन किया और क्षेत्र के नक्शों का अध्ययन किया, ताकि कोई वैकल्पिक मार्ग खोजा जा सके.आख़िरकार एक नया ज़मीनी मार्ग सामने आया यानि दुबई से काकेशस क्षेत्र होते हुए अफ़ग़ानिस्तान तक पहुँचने वाला एक पूरी तरह नया गलियारा. यह मार्ग लम्बा, महँगा और जटिल था, लेकिन उपलब्ध एकमात्र विकल्प भी यही था.इस बीच बिस्कुटों की खेप को दुबई स्थित WFP द्वारा संचालित यूएन मानवीय सहायता कार्रवाई डिपो में सुरक्षित रूप से उतारा गया, जो राहत सामग्री के भंडारण और वितरण का एक प्रमुख मानवीय लॉजिस्टिक्स केन्द्र है. इससे अतिरिक्त भंडारण लागत से बचाव हुआ और टीमों को आगे की यात्रा की तैयारी का समय भी मिल गया.इन 21 ट्रकों का क़ाफ़िला दुबई से रवाना हुआ और संयुक्त अरब अमीरात तथा सऊदी अरब के रेगिस्तानी रास्तों से होकर आगे बढ़ा.इसके बाद यह जॉर्डन, सीरिया, तुर्कीये और जॉर्जिया से गुजरते हुए अज़रबैजान के बाकू स्थित बन्दरगाह पर पहुँचा, जहाँ से यह नाव के माध्यम से कैस्पियन सागर पार करके तुर्कमेनिस्तान तक गया.कुछ दिनों बाद ट्रक, टोरघुंडी के दूरस्थ सीमा पार मार्ग से अफ़ग़ानिस्तान में दाख़िल हुए और फिर राजधानी काबुल की ओर बढ़े.इस पूरे मार्ग में क़ाफ़िले को जिन देशों से होकर गुज़रना पड़ा, वहाँ हर जगह नए कस्टम नियमों का पालन, सुरक्षा मूल्यांकन, परिवहन अनुमति और समन्वय प्रक्रियाओं से गुज़रना पड़ा. कुल मिलाकर सात सीमाओं पर अलग-अलग औपचारिकताएँ पूरी करनी पड़ीं.अफ़ग़ान स्कूली बच्चों के लिए, WFP के स्कूल भोजन कार्यक्रम के तहत वितरित पोषक तत्वों से भरपूर बिस्कुट केवल एक नाश्ता नहीं हैं. भुखमरी और ग़रीबी से जूझते समुदायों में ये बिस्कुट, अक्सर बच्चों को दिनभर मिलने वाला सबसे पौष्टिक भोजन होते हैं. © UNOPS Afghanistan अफ़ग़ानिस्तान के लिए बारूदी सुरंग हटाने वाली एजेंसी (DAFA) के प्रशिक्षक, अफ़ग़ानिस्तान के कुनार प्रान्त में बच्चों को विस्फोटक खतरों के बारे में शिक्षा दे रहे हैं. लाखों बच्चों तक पहुँची मददWFP ने पिछले वर्ष, अफ़ग़ानिस्तान के अत्यधिक खाद्य-असुरक्षित 8 प्रान्तों में 13 लाख स्कूली बच्चों को स्कूल भोजन गतिविधियों के माध्यम से सहायता प्रदान की थी.वर्ष 2026 में, कुपोषण का असर लगभग 41 लाख महिलाओं और बच्चों तक पहुँचने की आशंका है, जो एक नया उच्च स्तर होगा.अफ़ग़ानिस्तान इस समय बार-बार आने वाली बाढ़ और भूकम्प, मानवीय सहायता में कमी तथा सीमाओं पर जारी दोहरी संकट स्थितियों के कारण बढ़ते दबाव का सामना कर रहा है. ऐसे में WFP की सहायता एक महत्वपूर्ण जीवनरेखा के रूप में कार्य कर रही है.सप्ताहों तक सड़क मार्ग से यात्रा करने के बाद ये बिस्कुट अफ़ग़ानिस्तान के ग़ोर, नूरिस्तान और पक्तिका प्रान्तों के स्कूलों में पढ़ने वाले लड़के-लड़कियों तक पहुँच गए. ये प्रान्त क्रमशः मध्य, पूर्वोत्तर और पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में स्थित हैं.अब्दुल अहद मोनिब ने कहा, “बच्चों के लिए यह बिस्कुटों का एक पैकेट है जो उन्हें स्वस्थ रहने में मदद करता है. हमारे लिए यह एक लॉजिस्टिक्स की उपलब्धि है. हर पैकेट के पीछे हज़ारों किलोमीटर की यात्रा, देरी और मार्ग परिवर्तन की कहानी अक्सर नज़र नहीं आती. लेकिन यही इसका महत्व है, चाहे कितनी भी बाधाएँ हों, WFP अपना कार्य पूरा करता है.”

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement