-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:39 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

किर्गिज़स्तान ने पहली बार सुरक्षा परिषद में बनाई जगह, चार अन्य देश भी निर्वाचित

Source: UN News: सोमवार, 08 जून 2026 00:01 AM (IST)
किर्गिज़स्तान ने पहली बार सुरक्षा परिषद में बनाई जगह, चार अन्य देश भी निर्वाचित
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अस्थाई सदस्यों के लिए बुधवार को हुए चुनाव में निरन्तरता और बदलाव, दोनों नज़र आए. ऑस्ट्रिया, पुर्तगाल, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, ज़िम्बाब्वे तथा पहली बार निर्वाचित किर्गिज़स्तान, 15 सदस्य देशों वाली सुरक्षा परिषद में पाँच नए अस्थाई सदस्यों के तौर पर निर्वाचित हुए हैं. यूएन महासभा में गहमागहमी भरी सुबह में, प्रतिस्पर्धी सीटों के लिए कई दौर का मतदान हुआ. यह चुनाव ऐसे समय हुआ है जब भू-राजनैतिक विभाजन बढ़ रहे हैं और संघर्षों को सुलझाने व युद्ध रोकने के लिए बनाई गई संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में बार-बार गतिरोध देखा जा रहा है. Tweet URL 193 सदस्यों वाली महासभा ने इन पाँच देशों को सुरक्षा परिषद के अस्थाई सदस्यों के रूप में चुना है और उनका दो वर्ष का कार्यकाल 1 जनवरी 2027 को शुरू होगा.ऑस्ट्रिया और पुर्तगाल ने पश्चिमी योरोपीय और अन्य देशों के समूह (WEOG) को आवंटित दो सीटें जीतीं. वहीं त्रिनिदाद एंड टोबैगो, लातीनी अमेरिकी एवं कैरीबियाई समूह से, जबकि ज़िम्बाब्वे अफ़्रीकी समूह से निर्वाचित हुआ.किर्गिज़स्तान ने चार दौर के मतदान के बाद फ़िलिपीन्स को हराकर एशिया-प्रशान्त सीट हासिल की.मतों का ब्यौरापहले दौर में पुर्तगाल को 134 और ऑस्ट्रिया को 131 मत मिले. दोनों ने आवश्यक दो-तिहाई बहुमत आसानी से हासिल कर लिया. जर्मनी को 104 मत मिले और वह चुनाव से बाहर हो गया.लातीनी अमेरिकी व कैरेबियाई समूह में, त्रिनिदाद और टोबैगो को 181 मत मिले. गुयाना को उम्मीदवार नहीं होने के बावजूद एक मत प्राप्त हुआ.अफ़्रीकी समूह की सीट के लिए ज़िम्बाब्वे एकमात्र उम्मीदवार था और उसे 182 मत हासिल हुए.किर्गिज़स्तान ने रचा इतिहासएशिया-प्रशान्त समूह की सीट पर सबसे कड़ा मुक़ाबला देखने को मिला. किर्गिज़स्तान को प्रथम दौर में 105 मत मिले, जबकि फ़िलिपीन्स को 85 मत प्राप्त हुए. इसके बाद सीधे मुक़ाबले के तीन अन्य दौर हुए, जिनमें किर्गिज़स्तान का समर्थन लगातार बढ़ता गया. उसने चौथे दौर में 142 के मतों के साथ जीत हासिल की. इस दौर में फ़िलिपीन्स को 49 मत मिले.किर्गिज़स्तान के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. यह देश वर्ष 1992 में संयुक्त राष्ट्र में शामिल होने के बाद, पहली बार सुरक्षा परिषद का सदस्य बनेगा.नतीजा घोषित होने के बाद, महासभा हॉल में किर्गिज़ मिशन के प्रतिनिधियों ने कई मिनट तक तालियाँ बजाकर और अन्य राजनयिकों के साथ मिलकर जश्न मनाया.नवनिर्वाचित अन्य चार सदस्य पहले भी सुरक्षा परिषद में रह चुके हैं - ऑस्ट्रिया और पुर्तगाल तीन-तीन बार, ज़िम्बाब्वे दो बार तथा त्रिनिदाद एंड टोबैगो एक बार परिषद में सेवा दे चुके हैं. © UN Photo/Eskinder Debebe निर्वाचित होने के बाद जश्न मनाता ज़िम्बाब्वे का प्रतिनिधिमंडल. सुरक्षा परिषद के 15 सदस्यसुरक्षा परिषद में कुल 15 सदस्य होते हैं. इनमें पाँच स्थाई सदस्य - चीन, फ्रांस, रूस, ब्रिटेन और संयुक्त राज्य अमेरिका शामिल हैं, जिनके पास वीटो अधिकार है. इनके अलावा 10 अस्थाई सदस्य होते हैं, जिन्हें अलग-अलग समय पर दो वर्ष के कार्यकाल के लिए चुना जाता है.भौगोलिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए, ये सीटें अलग-अलग क्षेत्रीय समूहों के बीच बाँटी जाती हैं.डेनमार्क, ग्रीस, पाकिस्तान, पनामा और सोमालिया का कार्यकाल 2026 के अन्त में समाप्त होने के बाद, ये पाँचों नवनिर्वाचित देश सुरक्षा परिषद में दो वर्ष का कार्यकाल शुरू करेंगे.वहीं बहरीन, कोलम्बिया, काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य, लातविया और लाइबेरिया 2027 के अन्त तक परिषद में बने रहेंगे, जिससे परिषद के काम में निरन्तरता बनी रहेगी. © UN Photo/Eskinder Debebe सुरक्षा परिषद के अस्थाई सदस्य के रूप में चुने जाने के बाद जश्न मनाता त्रिनिदाद और टोबैगो का प्रतिनिधिमंडल. दबाव में शान्ति प्रयासनए सदस्य ऐसे समय में परिषद में शामिल होंगे, जब सुरक्षा परिषद कई वर्षों की कुछ सबसे कठिन चुनौतियों का सामना कर रही है.परिषद का कामकाज अब बड़ी शक्तियों, विशेषकर पाँच स्थाई सदस्यों के बीच भू-राजनैतिक मतभेदों से अधिक प्रभावित हो रहा है.यूक्रेन और ग़ाज़ा सहित कई संघर्षों पर गहरे मतभेदों के कारण बार-बार गतिरोध पैदा हुआ है, जिससे कार्रवाई रुक गई है. कई बार वीटो के इस्तेमाल के कारण, बड़े संकटों से जुड़े अहम प्रस्तावों पर सहमति नहीं बन पाई है. © UN Photo/Eskinder Debebe चुने जाने के बाद जश्न मनाता पुर्तगाल का प्रतिनिधिमंडल. सुधार की बढ़ती माँगसुरक्षा परिषद में सुधार की माँग भी लगातार बढ़ रही है. संयुक्त राष्ट्र और विश्व नेताओं का कहना है कि परिषद की मौजूदा संरचना आज की भू-राजनैतिक वास्तविकताओं को पूरी तरह नहीं दर्शाती.महासचिव एंतोनियो गुटेरेश बार-बार कह चुके हैं कि अन्तरराष्ट्रीय संस्थाएँ अब भी “1945 की दुनिया में अटकी हुई हैं, आज की दुनिया में नहीं” - और इसमें सुरक्षा परिषद भी शामिल है.अफ़्रीकी देश सुधार की माँग करने वालों में सबसे आगे हैं. उनका कहना है कि 54 सदस्य देशों वाले अफ़्रीकी महाद्वीप का, परिषद की स्थाई निर्णय-प्रक्रिया में अब भी पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं है. विकासशील देशों को व्यापक प्रतिनिधित्व देने की माँग भी तेज़ होती जा रही है. © UN Photo/Eskinder Debebe चुनाव के बाद जश्न मनाता ऑस्ट्रिया का प्रतिनिधिमंडल. वीटो का सवालवीटो अधिकार को लेकर भी सवाल बढ़ रहे हैं. इस अधिकार के तहत सुरक्षा परिषद का कोई भी स्थाई सदस्य, व्यापक समर्थन होने के बावजूद, किसी प्रस्ताव या कार्रवाई को रोक सकता है.वर्ष 2022 से महासभा के एक शासनादेश के तहत, जब भी सुरक्षा परिषद में वीटो का इस्तेमाल होता है, तो महासभा की बैठक बुलाना आवश्यक है. इससे संयुक्त राष्ट्र के व्यापक सदस्य देशों को वीटो के इस्तेमाल की समीक्षा और उस पर चर्चा करने का अवसर मिलता है.हालाँकि अस्थाई सदस्यों के पास वीटो अधिकार नहीं होता, फिर भी वे बातचीत को दिशा देने, गठबंधन बनाने और अपने क्षेत्रों व व्यापक अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. UN Photo/Paulo Filgueiras संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का कक्ष. सुरक्षा परिषद का क्या दायित्व हैसंयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत स्थापित सुरक्षा परिषद की मुख्य ज़िम्मेदारी अन्तरराष्ट्रीय शान्ति और सुरक्षा बनाए रखना है.महासभा के प्रस्ताव आमतौर पर बाध्यकारी नहीं होते, जबकि सुरक्षा परिषद के निर्णय सभी सदस्य देशों के लिए क़ानूनी रूप से बाध्यकारी हो सकते हैं.सुरक्षा परिषद के पास प्रतिबन्ध लगाने, शान्तिरक्षा मिशनों को मंज़ूरी देने, अन्तरराष्ट्रीय न्यायाधिकरण स्थापित करने और असाधारण परिस्थितियों में बल प्रयोग की अनुमति देने का अधिकार है.बन्द दरवाज़ों के पीछेसुरक्षा परिषद का अधिकतर काम न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के सुरक्षा परिषद कक्ष में होता है, जहाँ सदस्य देश घोड़े की नाल के आकार वाली प्रसिद्ध मेज़ पर बैठकर चर्चा करते हैं.दुनिया का ध्यान अक्सर परिषद की सार्वजनिक बैठकों पर ही जाता है, लेकिन उसकी कई अहम चर्चाएँ दरअसल सदस्यों के बीच बन्द दरवाज़ों के पीछे, परामर्श और बातचीत के दौरान होती हैं.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement