ग़ाज़ा: पुनर्निर्माण में मलबे से द्वीप बनाने पर विचार, मगर तकनीकी व पर्यावरणीय चिन्ता भी
Source: UN News: शनिवार, 16 मई 2026 00:01 AM (IST)
ग़ाज़ा में इसराइली सैन्य बलों और हमास के बीच हिंसक टकराव के दौरान बड़े पैमाने पर स्थानीय इमारतों और बुनियादी ढाँचों को क्षति पहुँची और मलबे का विशाल ढेर लग गया. अब वहाँ पुनर्निर्माण प्रयासों के तहत यह अध्ययन किया जा रहा है कि क्या इस मलबे के इस्तेमाल (रीसाइक्लिंग) से तटीय भूमि को प्राप्त किया जाना और कृत्रिम द्वीपों का निर्माण सम्भव है या नहीं.
ग़ाज़ा के अनेक इलाक़ों में दूर-दूर तक बिखरा हुआ मलबा नज़र आता है. अक्टूबर 2023 में इसराइल पर हमास व अन्य हथियारबन्द गुटों के आंतकी हमलों के बाद, इसराइली सैन्य बलों ने ग़ाजा में अपनी कार्रवाई शुरू की थी, जो लगभग 2 वर्ष तक जारी रही. इस लड़ाई में हुए व्यापक नुक़सान की वजह से ग़ाज़ा में 5.7 करोड़ टन कंक्रीट व अन्य प्रकार के मलबे का ढेर लग गया है. ग़ाज़ा में लगभग 75 फ़ीसदी इमारतें व अन्य प्रतिष्ठान बर्बाद हो चुके हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए पुनर्निर्माण प्रक्रिया में अनेक परिदृश्यों पर विचार किया जा रहा है.इसमें तकनीकी व राजनैतिक दृष्टि से सम्वेदनशील एक विकल्प, इस मलबे के फिर इस्तेमाल से ग़ाज़ा में भूमध्यसागर तटरेखा को आगे बढ़ाना और किनारे से दूर कृत्रिम द्वीपों का निर्माण करना भी है.रीसाइक्लिंग में कठिनाइयाँइस उपाय को अपनाने में एक बड़ा फ़ायदा यह है कि युद्ध जनित मलबे की विशाल मात्रा को फिर से निर्माण कार्य में इस्तेमाल में लाया जा सकेगा और इमारतों को खड़ी करने में नए माल की ज़रूरत अपेक्षाकृत कम होगी.मगर, यूएन पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) ने सतर्क किया है कि इस विशाल इंजीनियरिंग परियोजना के लिए पर्याप्त मात्रा में मलबा उपलब्ध नहीं है.यूएन एजेंसी के पास ‘मलबा प्रबन्धन कार्य समूह’ की सह-अध्यक्षता है, जिसने मिस्र की राजधानी काहिरा में अरब शिखर बैठक के दौरान पारित की गई एक पुनर्निर्माण योजना का उल्लेख किया. इसके तहत, 14 वर्ग किलोमीटर भूमि को फिर से बहाल किया जाना है और इस प्रोजेक्ट में 20 करोड़ क्यूबिक मीटर मलबे की आवश्यकता होगी, जिसमें से 1 करोड़ क्यूबिक मीटर को मलबे की रीसाइक्लिंग से प्राप्त किया जा सकता है.यूएन पर्यावरण कार्यक्रम ने अपने दस्तावेज़ में स्पष्ट किया है कि यदि ग़ाज़ा में कुल मलबे (3.6 करोड़ क्यूबिक मीटर) का लगभग 55 प्रतिशत भी फिर से इस्तेमाल में लाया जाता है, तो भी यह मात्रा परियोजना के लिए ज़रूरी स्तर का केवल 10 प्रतिशत ही होगी. UNEP ने ज़ोर देकर कहा है कि इस परियोजना की व्यावहार्यता, लागत और पुनर्निर्माण प्राथमिकताओं की समीक्षा किए जाने की आवश्यकता है. उसके अनुसार, रीसाइक्लिंग के मलबे को कृत्रिम द्वीपों के निर्माण, निचले तटीय इलाक़ों का स्तर ऊँचा करने में इस्तेमाल में लाया जा सकता है, लेकिन उसके लिए सामग्री स्वच्छ व भू-तकनीकी दृष्टि से अनुकूल होनी चाहिए.परियोजना पर सवाल
UN News
ग़ाज़ा पट्टी में हिंसक टकराव के दौरान वहाँ बड़े पैमाने पर बर्बादी हुई. (फ़ाइल)
ग़ाज़ा में मलबे के ढेर, मोटे तौर पर वहाँ ध्वस्त हुई इमारतों से उपजा है, जिसमें अन्य प्रकार की सामग्री भी मिली हुई है. इसमें कंक्रीट के अलावा चपटे पत्थर या सिरेमिक की पट्टियाँ (tiles), धातु, स्टील समेत अन्य सामग्री हैं. इनमें से कुछ को इस्तेमाल में लाया जा सकता है, लेकिन ऐस्बेसटॉस युक्त गाद और फ़र्नीचर को नहीं. और मानव अवशेषों के मलबे में मिले होने की आशंका को टाला नहीं जा सकता है.यूएन पर्यावरण एजेंसी ने इन जटिलताओं की वजह से आग्रह किया है कि हानिकारक कचरे और उन सामग्रियों को इस्तेमाल से पहले छांटा जाना आवश्यक है, जिनकी रीसाइक्लिंग सम्भव नहीं है. इस बीच, ग़ाज़ा में यूएन टीम ने मलबे को निर्माण सामग्री में तब्दील करने के लिए दो रीसाइक्लिंग केन्द्रों को स्थापित करने का कार्य शुरू किया है. कंक्रीट, ईंट, पत्थर और टायल को फिर से इस्तेमाल में लाना अपेक्षाकृत आसान होगा, मगर, रसायन, औद्योगिक कचरा मिले मलबे के लिए यह सम्भावना कम है.मलबे के प्रबन्धन में विरासत और सुरक्षा सम्बन्धी अनेक सम्वेदनशील मुद्दे भी जुड़े हैं, चूंकि उसमें ऐतिहासिक, पुरातत्व, सांस्कृतिक व स्थापत्य सम्बन्धी सामान होने की भी आशंका है.लेबनान व जापान से सबक़इन कठिनाइयों के बावजूद, अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसे उदाहरण हैं, जो दर्शाते हैं कि ग़ाज़ा के लिए पुनर्निर्माण योजना में मलबे को फिर से इस्तेमाल में लाया जा सकता है या नहीं.लेबनान में गृहयुद्ध के बाद, राजधानी बेरूत में मलबे के ढेर को समुद्र से तटीय ज़मीन फिर से हासिल करने में इस्तेमाल किया गया था. हालांकि, यूएन एजेंसी के दस्तावेज़ के अनुसार, यह अनुभव पर्यावरणीय और प्रशासनिक दृष्टि से विवादों में घिरा रहा.उधर, जापान में 2011 के भूकम्प व सुनामी के बाद, मलबे को व्यापक तौर पर छांटा गया और फिर तटरेखा की रक्षा, ज़मीन का स्तर ऊँचा करने और पुनर्निर्माण के लिए इस्तेमाल में लाया गया.UNEP के अनुसार, ये उदाहरण दर्शाते हैं कि किस तरह से बड़े पैमाने पर मलबे की रीसाइक्लिंग सम्भव है, लेकिन उसके लिए सख़्त तकनीकि व पर्यावरणीय मानकों का पालन करना अहम है.