नैरोबी स्थित यूएन मुख्यालय का विस्तार, अफ़्रीका की बढ़ती वैश्विक भूमिका पर बल
Source: UN News: शुक्रवार, 15 मई 2026 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र ने नैरोबी स्थित अपने मुख्यालय का विस्तार किया है. यूएन महासभा द्वारा स्वीकृत 34 करोड़ डॉलर की यह परियोजना, संयुक्त राष्ट्र सचिवालय के 80 वर्ष के इतिहास में, अफ़्रीका में किया गया सबसे बड़ा निवेश है. इससे नैरोबी की भूमिका वैश्विक कूटनीति और बहुपक्षीय सहयोग के एक प्रमुख केन्द्र के रूप में और मज़बूत होगी.
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने इस अवसर पर एक प्रैस वार्ता में कहा, "ये केवल इमारतें नहीं हैं. ये अन्तरराष्ट्रीय सहयोग के केन्द्र में अफ़्रीका के स्थान पर विश्वास का मत हैं."इस परियोजना से UNON में सम्मेलन की क्षमता 2,000 से बढ़कर 9,000 प्रतिभागियों तक हो जाएगी, जिसमें एक नए ऐसेम्बली सभागार का निर्माण और विस्तारित बैठक सुविधाएँ शामिल हैं.एंतोनियो गुटेरेश ने कहा कि नैरोबी में यूएन इमारतों का यह विस्तार संयुक्त राष्ट्र के उन व्यापक प्रयासों को दर्शाता है, जिसके तहत वह अपने काम को वैश्विक चुनौतियों से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों के क़रीब लाना चाहता है. "संयुक्त राष्ट्र को उन लोगों के क़रीब होना चाहिए जिनकी वह सेवा करता है – उनकी वास्तविकताओं से जुड़ा हुआ और उनके समाधानों का समर्थन करने के लिए सुसज्जित व मुस्तैद."
यूएन महासचिव ने नैरोबी को "न तो कोई सैटेलाइट और न ही कोई बाहरी चौकी" बताया, बल्कि इसे "एक स्तम्भ – अफ़्रीका में और वैश्विक दक्षिण (Global South) में संयुक्त राष्ट्र एकमात्र मुख्यालय" क़रार दिया.नैरोबी में वर्ष 1970 के दशक में यूएन पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) और संयुक्त राष्ट्र पर्यावास कार्यक्रम (UN-Habitat) के मुख्यालय स्थापित किए गए थे. उसके बाद से यह, 'गिगिरी परिसर' संयुक्त राष्ट्र के सबसे बड़े परिचालन केन्द्रों में से एक बन गया है, जो पूरे अफ़्रीका और उससे परे की गतिविधियों का समर्थन करता है. इस परिसर में अब संयुक्त राष्ट्र के 70 से अधिक कार्यालय और कार्यक्रम काम करते हैं जिनमें हज़ारों कर्मचारी कार्यरत हैं.एंतोनियो गुटेरेश ने संगठन के प्रति केनया के दीर्घकालिक समर्थन की प्रशंसा करते हुए ध्यान आकर्षित किया कि गिगिरी परिसर केनयाई सरकार द्वारा दान की गई भूमि पर स्थित है. उन्होंने कहा, "यह परिसर केनया की सरकार और वहाँ के लोगों की अपार उदारता व आतिथ्य के बिना सम्भव नहीं होता."