-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:53 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत: मध्य प्रदेश में भरोसे और त्वरित कार्रवाई से ख़सरे पर नियंत्रण

Source: UN News: मंगलवार, 12 मई 2026 00:01 AM (IST)
भारत: मध्य प्रदेश में भरोसे और त्वरित कार्रवाई से ख़सरे पर नियंत्रण
भारत के मध्य प्रदेश राज्य में स्वास्थ्यकर्मियों, ज़िला अधिकारियों और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के साझा प्रयासों की बदौलत, ख़सरे के प्रकोप को नियंत्रित करने में मदद मिली है. इससे ख़सरा-रूबेला टीकाकरण को बढ़ावा मिला और समुदायों में टीकाकरण के प्रति भरोसा भी मज़बूत हुआ है. मध्य प्रदेश के मुरैना ज़िले के टिकरी गाँव में सर्दियों के दौरान बच्चों की नाक बहने जैसे लक्षण दिखाई दिए. शुरुआत में इसे सामान्य ज़ुकाम समझा गया.लेकिन कुछ ही दिनों में जब बच्चों को बुख़ार और त्वचा पर छोटे-छोटे दाने होने लगे, तो आशा कार्यकर्ता रामराजा गुर्जर ने परिवारों से बनमोर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जाकर इलाज कराने की सलाह दी.जनवरी-फ़रवरी 2026 के बीच, टिकरी गाँव में 41 बच्चों में ख़सरे की पुष्टि हुई. रामराजा के लिए इसका मतलब था - लम्बे कामकाजी दिन और बार-बार घरों का दौरा, ताकि कोई भी बच्चा जाँच और देखभाल से नहीं रह जाए.टिकरी में यह कार्रवाई ग्वालियर और मुरैना ज़िलों में चल रहे व्यापक प्रयासों का हिस्सा थी. वर्ष 2025 की इसी अवधि की तुलना में, 2026 की पहली तिमाही में इन दोनों ज़िलों में ख़सरे के प्रकोप बढ़े. इस दौरान ग्वालियर में तीन और मुरैना में छह प्रकोप दर्ज किए गए.इन मामलों ने कुछ गहरी चुनौतियों को उजागर किया - प्रवासी आबादी, टीकाकरण को लेकर हिचकिचाहट, और ऐसे समुदाय जिनकी स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच सीमित है. © WHO India/Sanchita Sharma रणनैतिक योजना, ज़मीनी कार्रवाई और समुदायों का भरोसा, भारत के मध्य प्रदेश में खसरा-रूबेला उन्मूलन प्रयासों को आगे बढ़ा रहे हैं. भरोसा ज़रूरीस्वास्थ्य टीमों के लिए हर छूटा हुआ बच्चा एक संकेत था - किसी ऐसे परिवार का, जो स्वास्थ्य व्यवस्था से पूरी तरह नहीं जुड़ा था; किसी ऐसे समुदाय का, जहाँ भरोसा और अधिक मज़बूत करने की ज़रूरत थी; या किसी नई प्रवासी बस्ती का, जहाँ अभी पहुँचना बाक़ी था.रामराजा गाँव में लगभग सभी को नाम से जानती हैं. उन्होंने घर-घर जाकर ख़सरे के नौ मामलों की पहचान की. इनमें रामराजा और भारत सिंह गुर्जर के तीन पोते-पोतियों में से दो बच्चे भी शामिल थे.उन्होंने बताया, “जब एक बच्चा बीमार पड़ा, तो परिवार तीनों बच्चों की ख़सरे की जाँच कराने के लिए तैयार हो गया. आठ साल के कपिल और सात साल के जतिन में ख़सरे की पुष्टि हुई, लेकिन साक्षी की रिपोर्ट में ख़सरा नहीं पाया गया. परिवार ने डॉक्टरों की सलाह मानी और तीनों बच्चे बिना किसी जटिलता के ठीक हो गए.”एक अन्य पुष्ट मामला 19 महीने की सान्वी बघेल का था. उसके माता-पिता ने भी रामराजा की सलाह पर उसकी जाँच कराई.सहायक नर्स मिडवाइफ़ सुनीता बराड़िया ने कहा, “अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों ने यह सुनिश्चित किया कि समुदाय में ख़सरे को लेकर जागरूकता बनी रहे. प्रकोप के बाद टीकाकरण को लेकर कोई हिचकिचाहट नहीं थी.”प्रकोप से निपटने के प्रयासों के तहत, नौ महीने से 10 वर्ष तक के बच्चों को ख़सरा-रूबेला टीके की अतिरिक्त ख़ुराक दी गई. टिकरी में कुल 322 बच्चों का टीकाकरण किया गया.वंचित समुदायों तक पहुँचनासमुदाय से जुड़ाव केवल घरों और स्वास्थ्य केन्द्रों तक सीमित नहीं रहा.भारत में ख़सरा-रूबेला उन्मूलन प्रयासों के तहत, विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक टीम शीतला माता मन्दिर भी पहुँची. यहाँ परिवार अपने बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए प्रार्थना करते हैं, विशेषकर बुख़ार और त्वचा पर दाने वाली बीमारियों से.टीम ने पुजारी और महिला श्रद्धालुओं को बताया कि बच्चों में बुख़ार और दाने दिखाई देने पर तुरन्त इलाज कराना ज़रूरी है.महिला स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कान्ता दादरिया ने कहा, “परिवार अपने बच्चों को बीमारी से बचाने के लिए शीतला माता से प्रार्थना करते हैं और ख़सरा व चेचक जैसी बुख़ार व त्वचा पर दाने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए मन्दिर आते हैं.""पुजारी परिवारों को ख़सरा-रूबेला टीकाकरण कराने और बच्चों में बुख़ार व त्वचा पर दाने होने पर तुरन्त इलाज कराने की सलाह देते हैं.” © WHO India/Sanchita Sharma आशा कार्यकर्ता रामराजा गुर्जर, ख़सरे से ठीक हो चुकी 19 महीने की सान्वी बघेल से मिलती हुईं. विश्व स्वास्थ्य संगठन की फ़ील्ड टीमों ने प्रकोप के दौरान तेज़ कार्रवाई में सहयोग दिया, जिसमें नौ महीने से 10 वर्ष तक के बच्चों का ख़सरा-रूबेला टीकाकरण भी शामिल था. त्वरित कार्रवाई और निगरानीविश्व स्वास्थ्य संगठन की टीमों के सहयोग से, ज़िला स्वास्थ्य टीमों ने सक्रिय निगरानी और त्वरित कार्रवाई की. इसमें नौ महीने से 10 वर्ष तक के बच्चों का ख़सरा-रूबेला टीकाकरण भी शामिल था.विश्व स्वास्थ्य संगठन की टीमें नियमित टीकाकरण निगरानी में भी सहयोग देती हैं, जिससे प्रकोप की शुरुआती पहचान और समय पर कार्रवाई को मज़बूती मिलती है.मार्च 2026 तक, तेज़ कार्रवाई के बाद ग्वालियर और मुरैना, दोनों ज़िलों में ख़सरे के प्रकोपों की संख्या घटकर केवल एक-एक रह गई.दोनों ज़िलों का अनुभव दिखाता है कि सार्वजनिक स्वास्थ्य में प्रगति हमेशा सीधी नहीं होती. प्रकोप छिपी हुई कमियों को सामने ला सकते हैं, लेकिन वे स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक मज़बूत और समावेशी बनाने का अवसर भी बन सकते हैं.मध्य प्रदेश में यह प्रयास उन स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत से आगे बढ़ा, जिन्होंने अतिरिक्त दूरी तय की; उन प्रशासकों की मदद से, जिन्होंने आँकड़ों पर आधारित कार्रवाई को प्राथमिकता दी; और उन समुदायों के सहारे, जिन्होंने टीकाकरण के महत्व को अपनाया.उन्होंने साथ मिलकर, परेशानी के एक दौर को उम्मीद के रास्ते में बदलने में मदद की - और ग्वालियर व मुरैना को ख़सरा उन्मूलन के लक्ष्य तथा बच्चों के सुरक्षित भविष्य के अधिक क़रीब पहुँचाया.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement