मध्य पूर्व: भोजन, ईंधन व सहायता, पहले से ही संघर्ष कर रहे लोगों की पहुँच से दूर
Source: UN News: शनिवार, 02 मई 2026 00:00 AM (IST)
मध्य पूर्व क्षेत्र में हाल ही में भड़के हिंसक टकराव व संकट का असर अब मानवीय राहत प्रयासों के लिए स्थिति को बद से बदतर बना रहा है. यूएन एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि सहायता पहुँचाने के लिए अहम मार्गों में व्यवधान आया है, भोजन व ईंधन की क़ीमतों में वृद्धि हुई है, जिससे लोगों की ज़िन्दगियों में उथलपुथल मची हुई है और विश्व भर में पहले से ही संवेदनशील स्थिति में जीवन गुज़ार रहे लोगों के अधिकारों पर गहरा असर हो रहा है.
28 फ़रवरी को ईरान पर इसराइल व संयुक्त राज्य अमेरिका की हवाई बमबारी और फिर ईरान के जवाबी ड्रोन व मिसाइल हमलों से मध्य पूर्व क्षेत्र में बड़े पैमाने पर संकट उपजा, जिसकी चपेट में खाड़ी क्षेत्र में स्थित अनेक देश भी आ गए थे. होर्मुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में जहाज़ों की आवाजारी थम जाने के कारण तेल, गैस, उर्वरक समेत अन्य महत्वपूर्ण सामान की आपूर्ति पर गहरा प्रभाव हुआ है. बुनियादी सामानों की क़ीमतों में उछाल आया है, और महत्वपूर्ण सामग्री की सप्लाई में देरी हो रही है.यूएन शरणार्थी संगठन (UNHCR) की प्रवक्ता कार्लोटा वुल्फ़ ने शुक्रवार को जिनीवा में पत्रकारों को बताया कि परिवहन, भोजन और ईंधन की क़ीमतों में वृद्धि की वजह से उन परिवारों पर अत्यधिक असर पड़ा है, जोकि पहले से ही आपात परिस्थितियों में जीवन गुज़ार रहे थे.इनमें लाखों शरणार्थी, विस्थापित जन भी हैं, जो इस संकट से सर्वाधिक प्रभावित हैं. वहीं, ज़रूरतमन्द आबादी तक समय पर मानवीय सहायता पहुँचाने के लिए राहत एजेंसियों की क्षमता में भी कमी आई है.आपूर्ति मार्ग में बदलावUNHCR प्रवक्ता ने बताया कि समुद्री मार्ग के ज़रिए भेजे जाने वाली सामग्री को अब दूसरे रास्ते से रवाना करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, और वैकल्पिक भूमि मार्गों का भी सहारा लिया जा रहा है. मगर, इससे परिवहन में समय लग रहा है और अतिरिक्त लागत भी. जिन देशों से आम तौर पर राहत सामग्री को मंगाया जाता है, संकट शुरू होने के बाद से अब तक, वहाँ से मालढुलाई की क़ीमत 18 प्रतिशत बढ़ चुकी है. उन्होंने कहा कि दुबई स्थित भंडारण केन्द्र से, सूडान और चाड में राहत अभियानों के लिए जहाज़ों के ज़रिए भेजे जाने वाली कुछ खेप की लागत दोगुनी से भी अधिक हो चुकी है.
UNCTAD
होर्मुज़ जलडमरूमध्य में जहाज़ों की आवाजाही को दर्शाता एक चार्ट.
UNHCR प्रवक्ता ने अफ़्रीका में हालात पर विशेष रूप से चिन्ता जताई है, जहाँ अक्सर आपस में गुंथे हुए संकटों को त्रासदीपूर्ण ढंग से नज़रअन्दाज़ कर दिया जाता है.केनया में यूएन शरणार्थी एजेंसी में एक वैश्विक भंडारण केन्द्र स्थित है, जहाँ ईंधन क़ीमतों में वृद्धि से आपात राहत की आपूर्ति के लिए कंटेनर से भरे ट्रकों की उपलब्धता पर असर पड़ा है. इस आपात आपूर्ति को इथियोपिया, डीआर काँगो, दक्षिण सूडान में सहायता अभियान के लिए रवाना किया जाता है. वितरण में देरीकार्लोटा वुल्फ़ ने बताया कि विशाल आवश्यकताओं से जूझ रहे लोगों को सहायता सामग्री भी देर से ही मिल पा रही है. यूएन शरणार्थी एजेंसी ने विश्व भर में अपने अभियान के लिए 8.5 अरब डॉलर की अपील की थी, लेकिन फ़िलहाल केवल 23 प्रतिशत धनराशि जुटाना ही सम्भव हो पाया है.होर्मुज़ जलडमरूमध्य में उर्वरक की स्वतंत्र आवाजाही पर पाबन्दी से खाद्य सामान की क़ीमतों में वृद्धि हुई है और मुद्रास्फीति भी बढ़ रही है. इससे, आपात परिस्थितियों में जीवन-व्यापन कर रही आबादी को दैनिक जीवन में बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने गुरूवार को चेतावनी जारी की थी कि होर्मुज़ जलमार्ग में व्याप्त संकट की वजह से, करोड़ों लोग निर्धनता के गर्त में धँस सकते हैं, भूख संकट और बिगड़ सकता है और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसका नकारात्मक असर हो सकता है.