-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:42 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

श्रीलंका: भूस्खलनों के बीच सीखने की जद्दोजहद जारी रखने का जोश

Source: UN News: बुधवार, 29 अप्रैल 2026 00:01 AM (IST)
श्रीलंका: भूस्खलनों के बीच सीखने की जद्दोजहद जारी रखने का जोश
श्रीलंका के बदुल्ला ज़िले में चक्रवात दित्वाह के बाद, शिक्षकों और छात्रों के लिए, स्कूल तक रोज़ का सफ़र एक कठिन परीक्षा बन गया है. इसके बावजूद, वे तमाम मुश्किलों के बीच शिक्षा जारी रखने के लिए डटे हुए हैं. बदुल्ला शहर की रहने वाली इन्दुमती* हर सुबह अपने घर से इस इरादे के साथ निकलती हैं कि उन्हें अपने छात्रों तक पहुँचना है.श्रीलंका के पहाड़ी इलाक़ों में स्थित उस स्थानीय प्राथमिक विद्यालय तक पहुँचना, चक्रवात दित्वाह से पहले, उनके लिए आसान था, जहाँ वह अध्यापन कार्य करती हैं. बसें समय पर चलती थीं और स्कूल तक जाने वाली संकरी सड़क भरोसेमन्द थी. लेकिन अब बाढ़ और भूस्खलन ने रास्ते के अहम हिस्सों को बहा दिया है. बाग़ान इलाक़ों के भीतर की कई सड़कें अब भी इतनी क्षतिग्रस्त हैं कि सार्वजनिक परिवहन दूरदराज़ क्षेत्रों तक नहीं पहुँच पा रहा.स्कूल फिर से खुलने के बाद, इन्दुमती अब अतिरिक्त ख़र्च उठाकर थ्री-व्हीलर से सफ़र करती हैं. वह कहती हैं, “और कोई रास्ता नहीं है. मेरे छात्र मेरा इन्तज़ार कर रहे हैं.”छात्रों के सामने भी कम मुश्किलें नहीं हैं. स्कूल के पास ढहे हुए एक पुल के उस पार रहने वाले 35 से अधिक बच्चों को हर दिन कक्षा तक पहुँचने के लिए चट्टानों और अस्थिर ज़मीन से होकर गुज़रना पड़ता है.बड़ी आयु के छात्रों के लिए यह संकट और भी गहरा है. कक्षा 11 के छात्र गनीएस्कर भूस्खलन के बाद अपनी पढ़ाई जारी रखने की कोशिश कर रहे हैं. इस आपदा के बाद उनके स्कूल को बन्द कर रैड ज़ोन घोषित कर दिया गया. अब कक्षाएँ एस्टेट मैनेजर के घर में चल रही हैं, लेकिन वहाँ जगह बहुत कम है. बहुत सी पाठ्यपुस्तकें भी भूस्खलन में नष्ट हो गईं, जिससे लगभग आधे छात्र सही अध्ययन सामग्री के बिना पढ़ाई कर रहे हैं.गनीएस्कर के कई दोस्त आर्थिक तंगी और स्कूल तक पहुँचने के लम्बे रास्ते की वजह से पढ़ाई छोड़ चुके हैं. परिवहन साधन नहीं होने के कारण कुछ छात्रों को लगभग छह किलोमीटर पैदल चलकर कक्षा तक पहुँचना पड़ता है. सामान्य स्तर की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए इस तरह की बाधाएँ, उनकी पढ़ाई के लिए बड़ा ख़तरा हैं.*पहचान छुपाने के लिए नाम बदल दिया गया है. © UN Sri Lanka/Praveena Sridharan चक्रवात दित्वाह के बाद, स्कूल तक रोज़ का सफ़र शिक्षकों और छात्रों के लिए हिम्मत और धैर्य की परीक्षा बन गया, लेकिन उन्होंने कठिनाइयों के बावजूद पढ़ाई जारी रखने का संकल्प बनाए रखा. दोहरा असरकई स्कूल अब पुनर्वास की दोहरी हक़ीक़त को दर्शाते हैं. दिन में वहाँ पढ़ाई होती है, जबकि रात में वे भूस्खलन से विस्थापित परिवारों के लिए अस्थाई आश्रय बन जाते हैं. हर दिन सामान समेटा जाता है, ताकि कक्षाएँ फिर शुरू हो सकें. विशेषकर बुज़ुर्गों के लिए यह बार-बार का स्थानान्तरण बेहद थकाने वाला है.चक्रवात दित्वाह ने बदुल्ला ज़िले में 90 हज़ार से अधिक लोगों को प्रभावित किया और घरों, बुनियादी ढाँचे तथा आजीविका को व्यापक नुक़सान पहुँचाया. इस आपदा ने, मलैयाहा तमिल समुदाय समेत सभी बागान समुदायों की पुरानी कमज़ोरियों को भी उजागर कर दिया. अनेक परिवार एस्टेट की ज़मीन पर बिना औपचारिक मालिकाना हक़ या दस्तावेज़ों के रहते हैं, जिससे मुआवज़ा, आवास सहायता और अन्य पुनर्वास मदद तक पहुँचना कठिन हो जाता है.दैनिक मज़दूरी पर निर्भर लोगों की आमदनी सड़कें कटने और एस्टेट बन्द होने के साथ ही रुक गई. बागान और असंगठित क्षेत्र में बड़ी संख्या में काम करने वाली महिलाएँ सबसे अधिक प्रभावित हुईं, क्योंकि आय रुकते ही खाद्य असुरक्षा बढ़ी और क़र्ज़ भी तेज़ी से बढ़ने लगा.बहाली के प्रयासइसके जवाब में, UNICEF और उसके मानवीय साझीदारों ने सबसे अधिक प्रभावित समुदायों की सहायता के लिए एक मानवीय प्राथमिकता योजना शुरू की. यह योजना आश्रय, कृषि और आजीविका, खाद्य सुरक्षा और पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, स्वच्छ पानी, साफ़-सफ़ाई और स्वच्छता, सुरक्षा सेवाओं एवं शुरुआती बहाली पर केन्द्रित है.इस योजना के तहत, बच्चों के लिए शिक्षा और आवश्यक सेवाओं की बहाली में मदद की गई. अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई, अस्थाई शिक्षण स्थल बनाए गए और क्षतिग्रस्त स्कूल भवनों की मरम्मत की गई. स्कूलों को सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता सुविधाएँ और पोषण सेवाएँ बहाल करने में भी सहायता दी गई. इसके परिणामस्वरूप, 1 लाख 30 हज़ार से अधिक बच्चे बेहतर माहौल में फिर से पढ़ाई शुरू कर सके हैं.इन्दुमती के लिए हालात की बहाली का मतलब है छात्रों का सुरक्षित स्कूल पहुँचना, पढ़ाई का फिर शुरू होना, और कक्षा में मुस्कान और हँसी का लौट आना. वह हर दिन वही महँगी यात्रा करती हैं, क्योंकि उनका मानना है कि संकट के समय भी शिक्षा रुकनी नहीं चाहिए.लेख पहले यहाँ प्रकाशित हुआ.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement