यूएन महासचिव की चयन प्रक्रिया: ‘ऐसा नेतृत्व, जो दुनिया का आईना हो’
Source: UN News: गुरुवार, 23 अप्रैल 2026 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने, अगले महासचिव के पद के लिए चयन प्रक्रिया का आरम्भ करते हुए ज़ोर दिया है कि यह क्षण एक ऐसी सच्चाई की ओर ध्यान दिलाने का अवसर भी है, जिसे नज़रअन्दाज़ नहीं किया जा सकता. यानि दुनिया की आधी आबादी महिलाएँ और लड़कियाँ हैं, लेकिन वैश्विक नेतृत्व में यह सच्चाई बहुत कम नज़र आती है.
उन्होंने कहा है कि अगले महासचिव के चयन के लिए निर्णय केवल सतत विकास लक्ष्य 5, यानि लैंगिक समानता, को लागू करने का मामला नहीं है. यह उस संस्था की विश्वसनीयता का भी सवाल है, जो समान अधिकारों की बात करती है.“ऐसे क्षण हमें ज़रा ठहरने, सोचने और यह कल्पना करने का अवसर देते हैं कि अगर नेतृत्व वास्तव में उसी दुनिया का प्रतिबिम्ब हो, जिसकी सेवा के लिए वह है, तो वह कैसा होना चाहिए. एक ऐसी दुनिया, जहाँ महिलाएँ और पुरुष बराबरी के साथ नेतृत्व करें. एक ऐसी दुनिया, जहाँ पारदर्शिता केवल वादा नहीं, बल्कि व्यवहार का हिस्सा हो.”ऐनालेना बेयरबॉक ने कहा कि 80 वर्षों में, वह महासभा की अध्यक्ष के रूप में सेवारत केवल पाँचवीं महिला हैं. इस समय महासभा में स्थाई प्रतिनिधियों के पदों पर केवल 22 प्रतिशत महिलाएँ हैं. और अब तक संयुक्त राष्ट्र महासचिव के पद पर कोई महिला नहीं रही है.“हम किसे चुनते हैं, उससे एक मज़बूत सन्देश जाएगा कि हम कौन हैं, और क्या हम वास्तव में दुनिया के सभी लोगों की सेवा करते हैं, जबकि दुनिया भर में आधी आबादी महिलाएँ और लड़कियाँ हैं.उन्होंने कहा, “साथ मिलकर बेहतर” का विचार तभी अर्थपूर्ण बनता है, जब हम उसे एक वास्तविकता बनाए, हम किसकी बात सुनते हैं, हम प्रगति के प्रतीक के रूप में किसे चुनते हैं, और आगे की राह दिखाने के लिए किस पर विश्वास करते हैं.“अगले महासचिव सभी देशों और सभी लोगों की आवाज़ होंगे. यह चयन केवल आज की दुनिया का प्रतिबिम्ब नहीं होगा, बल्कि उस भविष्य की दिशा भी तय करेगा, जिसे हम साथ मिलकर गढ़ेंगे, साथ मिलकर बेहतर.”
UN News
संयुक्त राष्ट्र के वजूद की अनिवार्यतामहासभा अध्यक्ष ने कहा कि यह अहम प्रक्रिया ऐसे समय हो रही है, जब दुनिया अभूतपूर्व चुनौतियों का सामना कर रही है. इनमें बढ़ते भू-राजनैतिक तनाव, गहराता जलवायु संकट, और डिजिटल तकनीक में तेज़ प्रगति शामिल हैं, जो हमारे काम करने, संवाद करने और समाज के रूप में जीने के तौर-तरीक़ों को बदल रही हैं.ऐनालेना बेयरबॉक ने कहा कि आज दुनिया को शायद पहले से कहीं अधिक संयुक्त राष्ट्र की ज़रूरत है, मगर इन सीमारहित चुनौतियों से निपटने के लिए बनाए गए बहुपक्षीय तंत्रों पर भारी दबाव है. वहीं, संयुक्त राष्ट्र को भी, अपनी 80वीं वर्षगाँठ पर दुनिया की ज़रूरत है, क्योंकि जब अधिक लोगों आवाज़ें सुनी जाती हैं और अधिक दृष्टिकोण शामिल किए जाते हैं, तो इस विश्व संगठन के काम की वैधता व प्रभावशीलता दोनों मज़बूत होती हैं. यही भावना इस सत्र के लिए चुने गए विषय में भी झलकती है: एक साथ बेहतर.इसी पृष्ठभूमि में, 2025–2026 की महासचिव चयन प्रक्रिया केवल एक औपचारिक पड़ाव नहीं है. यह आत्ममन्थन का एक अहम अवसर है और उन मूल सिद्धान्तों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को फिर से मज़बूत करने का समय भी, जो हमें एक साथ जोड़ते हैं.तो संयुक्त राष्ट्र को इसके 80वें वर्ष से आगे भविष्य की ओर ले जाने वाला नेतृत्व कैसा होना चाहिए?तीन मुख्य स्तम्भमहासभा अध्यक्ष ने कहा कि दुनिया की नज़र अगले महासचिव पर है, जिनसे उम्मीद है कि वे संयुक्त राष्ट्र के तीन मुख्य स्तम्भों: शान्ति व सुरक्षा, मानवाधिकार एवं विकास को आगे बढ़ाने के लिए मज़बूत और समर्पित नेतृत्व करेंगे. साथ ही, उनसे यह भी अपेक्षा है कि वे संयुक्त राष्ट्र को आज की वास्तविकताओं और आने वाले कल की चुनौतियों के अनुरूप ढालेंगे.संयुक्त राष्ट्र, नागरिक समाज को शामिल करके यह संकेत दे रहा है कि बहुपक्षवाद का भविष्य बन्द कमरों में होने वाले विचार-विमर्श पर नहीं, बल्कि व्यापक भागेदारी पर निर्भर करता है. यह सुनने, सवाल करने व इस संस्था में भरोसे को अधिक गहरा करने का अवसर है, ऐसे समय में जब भरोसा नाज़ुक भी है और बेहद ज़रूरी भी.इस प्रक्रिया को सरल और स्पष्ट रूप में, एक जोशीले व आधुनिक नज़रिये के साथ सामने रखने का उद्देश्य, आम नागरिकों और भविष्य के राजनयिकों, दोनों को प्रेरित करना है, ताकि वे संयुक्त राष्ट्र के काम को समझें, उसका समर्थन करें, उसके लिए आवाज़ उठाएँ और उसे अगली पीढ़ी तक आगे बढ़ाएँ.चार उम्मीदवारअगले महासचिव पद के लिए दौड़ में शामिल चार उम्मीदवारों के विस्तृत वक्तव्य यहाँ देखे जा सकते हैं...मिशेल बाशेलेट (चिले)रफ़ाएल ग्रॉस्सी (अर्जेंटीना)रिबेका ग्रिनस्पैन (कोस्टा रीका)मैकी सॉल (सेनेगल)