-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:03 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

होर्मुज़ संकट: सुरक्षा परिषद में रूस और चीन के वीटो पर यूएन महासभा में चर्चा

Source: UN News: मंगलवार, 21 अप्रैल 2026 00:01 AM (IST)
होर्मुज़ संकट: सुरक्षा परिषद में रूस और चीन के वीटो पर यूएन महासभा में चर्चा
यूएन जनरल असेम्बली की अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने कहा है कि मध्य पूर्व संकट के दौरान, होर्मुज़ जलडमरूमध्य में जहाज़ों की सुरक्षित व बेरोकटोक आवाजाही को समर्थन देने में सुरक्षा परिषद विफल साबित हुई है, और अब महासभा के पास यह सुनिश्चित करने का अवसर है और उसे यह दायित्व निभाना होगा. ईरान पर अमेरिका और इसराइल की हवाई बमबारी और फिर ईरान के जवाबी ड्रोन व मिसाइल हमलों के बाद मध्य पूर्व क्षेत्र में भीषण हिंसक टकराव भड़क उठा था.इसी दौरान, फ़ारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ने वाले होर्मुज़ जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाज़ों की आवाजाही की रफ़्तार ठप हो गई, जोकि तेल, गैस, उर्वरक समेत अन्य सामान की आपूर्ति के लिए रणनैतिक रूप से एक अहम जलमार्ग है.यूएन महासभा प्रमुख ने गुरूवार को इस विषय में आयोजित चर्चा को सम्बोधित करते हुए कहा कि सदस्य देशों के पास मध्य पूर्व संकट पर अपनी बात रखने और सुरक्षा परिषद को जवाबदेह बनाने का अवसर है.सुरक्षा परिषद में वीटोइससे पहले, 7 अप्रैल को मध्य पूर्व में स्थिति चर्चा के लिए सुरक्षा परिषद की बैठक हुई, जिसमें एक प्रस्ताव का मसौदा पेश किया गया था.इस प्रस्ताव में मांग की गई थी कि होर्मुज़ जलमार्ग पर व्यापारिक व कमर्शियल जहाज़ों की सुरक्षित आवाजाही के लिए समन्वित प्रयास किए जाने होंगे. साथ ही, ईरान द्वारा जहाज़ों पर हमलों को रोकने और जलडमरूमध्य पर आवाजाही की आज़ादी को बनाए रखने की मांग की गई थी.15 सदस्य देशों वाली सुरक्षा परिषद में 11 देशों ने इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, मगर चीन और रूस ने इस प्रस्ताव पर अपने वीटो अधिकार का इस्तेमाल किया था. पाकिस्तान और कोलम्बिया ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया. UN Photo/Loey Felipe यूएन महासभा की अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक (बाएं), सुरक्षा परिषद में वीटो के इस्तेमाल पर महासभा की एक बैठक की अध्यक्षता कर रही हैं. महासभा प्रमुख ऐनालेना बेयरबॉक ने सभी पक्षों को यूएन चार्टर और अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के तहत उनके तयशुदा दायित्वों के प्रति ध्यान दिलाया है.उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य में आने-जाने की आज़ादी, केवल वीटो अधिकार के इस्तेमाल के बाद समाप्त नहीं हो जाती है. “अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के अनुपालन के बारे में कुछ भी कोरा सैद्धान्तिक नहीं है. किसी एक क्षेत्र में जो कुछ भी घटित होता है, उसकी गूँज अन्य स्थानों पर सुनाई देती है.”आर्थिक संकट की आहटउन्होंने चिन्ता जताई कि मध्य पूर्व में व्याप्त संकट की वजह से तेल क़ीमतों में 40 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है, होर्मुज़ जलमार्ग में व्यवधान से अब तक वैश्विक तेल आपूर्ति का कुल 15 लाख बैरल हट चुका है.महासभा अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने कहा कि हम जो कुछ भी देख रहे हैं, वह कोई एक इक़लौता संकट नहीं है और न ही 28 फ़रवरी को शुरू हुआ है. उनके अनुसार, यह अनेक, आपस में गुंथे हुए और लम्बे समय से चले आ रहे संकटों के एक साथ मिल जाने का नतीजा है.उर्वरक आपूर्ति के व्यवधान से विश्व भर में उन लाखों-करोड़ों लोगों के लिए खाद्य असुरक्षा गहरी हुई है, जो पहले से ही नाज़ुक स्थिति में जीवन गुज़ार रहे थे. अन्तरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) ने वर्ष 2026 के लिए अपने आर्थिक प्रगति अनुमानों में कटौती की है और वैश्विक मन्दी के जोखिम की आशंका जताई है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement