-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:14 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

दक्षिण सूडान: दक्षिण-दक्षिण सहयोग और UNDP ने बोए समृद्धि के बीज

Source: UN News: सोमवार, 13 अप्रैल 2026 00:00 AM (IST)
दक्षिण सूडान: दक्षिण-दक्षिण सहयोग और UNDP ने बोए समृद्धि के बीज
दक्षिण सूडान के 'रेजाफ़ पश्चिम' इलाक़े में लघु किसान, सिंचाई, प्रशिक्षण, बाज़ार तक पहुँच और जलवायु-कुशल खेती के सहारे सब्ज़ियाँ उगा रहे हैं, अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं और खाद्य सुरक्षा को भी मज़बूती दे रहे हैं. भारत, ब्राज़ील व दक्षिण अफ़्रीका द्वारा स्थापित (IBSA) कोष के ज़रिए यह बदलाव लाने में मदद मिल रही है, जोकि निर्धनता और भूख उन्मूलन पर केन्द्रित है. वर्ष 2011 में स्वाधीनता हासिल करने वाले देश, दक्षिण सूडान में 95 प्रतिशत आबादी अपनी खाद्य और आय सम्बन्धी आवश्यकताओं के लिए खेती, मछली पकड़ने या पशुपालन पर निर्भर है. इसलिए, दैनिक जीवन में कृषि भरण-पोषण का मुख्य आधार है. मगर, देश एक गम्भीर मानवीय और खाद्य असुरक्षा संकट का भी सामना कर रहा है.इन हालात में, 'रेजाफ़ पश्चिम' का एक किसान समूह यह दिखा रहा है कि सही सहयोग मिलने पर बदलाव किस तरह से शुरू हो सकता है. कोएले किसान समूह, महिलाओं और युवाओं को टिकाऊ कृषि के लिए सशक्त बनाने वाली इस परियोजना से लाभ पाने वाले चार समूहों में से एक है. इसमें 50 छोटे किसान शामिल हैं, जो भिंडी, चौलाई, जूट मल्लो, बैंगन, केल, लोबिया और टमाटर उगाते हैं. यह परियोजना (EWYSA), दक्षिण सूडान में अगस्त 2025 में औपचारिक रूप से शुरू की गई थी, जिसके लिए 'IBSA' कोष द्वारा 10 लाख डॉलर की रक़म निर्धारित की गई है. इसका उद्देश्य खाद्य सुरक्षा, रोज़गार और आय बढ़ाना है, साथ ही जलवायु परिवर्तन के प्रति सहनसक्षमता को भी मज़बूत करना है.दक्षिण-दक्षिण सहयोगयह प्रोजेक्ट दक्षिण-दक्षिण सहयोग के तहत लागू किया जा रहा है, जोकि विकासशील देशों के बीच उस विकास साझेदारी को कहा जाता है, जिसमें देश, साझा लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए ज्ञान, कौशल व संसाधनों का आदान-प्रदान करते हैं. दक्षिण-दक्षिण सहयोग के तहत विकास परियोजनाओं को समर्थन देने के इरादे से, ‘ब्रिक्स’ देशों के समूह में शामिल तीन देशों – भारत (India), ब्राज़ील (Brazil), दक्षिण अफ़्रीका (South Africa) – ने वर्ष 2004 में निर्धनता व भूख उन्मूलन के उद्देश्य से ‘इब्सा कोष’ (IBSA Fund) को स्थापित किया था. यह कोष यूएन एजेंसियों के साथ मिलकर विकास परियोजनाओं को वित्तीय समर्थन मुहैया कराता है, जिसके ज़रिए अब तक 40 देशों में, साढ़े पाँच करोड़ डॉलर की धनराशि से 49 परियोजनाओं को पाषित किया गया है. EWYSA परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दक्षिण सूडान की सरकार, यूएन विकास कार्यक्रम (UNDP) और 'ऑक्सफ़ैम' नामक संगठन ने, दानदाता देश दक्षिण अफ़्रीका के साथ मिलकर, संचालन समिति की बैठकों, निगरानी एवं निरन्तर सामुदायिक सम्वाद के ज़रिए मज़बूत समन्वय बनाए रखा है.क्षमता निर्माण © UNDP/Maureen Omwanda EWYSA परियोजना के तहत विकास कार्य शुरू होने से पहले कोएले किसान समूह का घेराबंद बाग़ स्थल. 'रेजाफ़ पश्चिम' के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले ये किसान हर दिन अपने खेतों तक पहुँचने के लिए लम्बी दूरी तय करते हैं. बेहतर जीवन की उम्मीद और अपने परिवारों के लिए कुछ अच्छा करने की चाह उन्हें आगे बढ़ाती है.इन किसानों को परियोजना शुरू होने से पहले, कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता था. आवारा जानवर फ़सलें नष्ट कर देते थे, अच्छे बीज नहीं मिलते थे, कीटों का प्रकोप रहता था, और खेती के तरीक़े इतने मेहनत-भरे थे कि भारी श्रम व निवेश के बावजूद आमदनी बहुत कम होती थी. लेकिन अब यही खेत उनके लिए उम्मीद और अवसर के स्रोत बनते जा रहे हैं.यह परियोजना, तीन क्षेत्रों में लगभग 1,200 लोगों तक पहुँचने का लक्ष्य रखती है, जिनमें लगभग 60 प्रतिशत महिलाएँ हैं. इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं युवा किसानों के सामने मौजूद उन बाधाओं को दूर करना है, जो उन्हें अच्छे बीज, औज़ार, तकनीक व वित्तीय संसाधनों तक पहुँचने से रोकती हैं. साथ ही, उन्हें बाज़ार और कृषि विस्तार सेवाओं से भी जोड़ा जा रहा है.तेज़ गर्मी, निर्धारित वर्षा व शुष्क मौसम वाली दक्षिण सूडान की उष्णकटिबंधीय जलवायु, साल भर खेती के लिए भरोसेमन्द जल स्रोतों को बेहद ज़रूरी बना देती है. छोटे किसानों के लिए यह चुनौती और भी बड़ी है.आजीविका की बहाली © UNDP/Maureen Omwanda रेजाफ़ वेस्ट के खेत में अपनी जूट मेलो पौधों के पास खड़ी लोर्ना पोनी. दिसम्बर 2025 से इस परियोजना के तहत खेती की परिस्थितियों में बदलाव दिखाई देने लगा है. महिलाओं और युवा किसानों को सिंचाई व्यवस्था लगाने और खेतों के चारों ओर बाड़ बनाने में मदद दी गई है. उत्पादन बढ़ाने के लिए उन्हें बीज, खेती के औज़ार और अन्य कृषि सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है.किसान, सेंट्रल इक्वेटोरिया प्रान्त के कृषि और वानिकी मंत्रालय के एक कृषि विस्तार कर्मी के साथ भी काम कर रहे हैं. यह अधिकारी उन्हें बेहतर खेती के तौर-तरीक़ों का प्रशिक्षण दे रहा है और जलवायु-कुशल खेती को बढ़ावा दे रहा है, ताकि वे बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढाल सकें और बाज़ार से बेहतर ढंग से जुड़ सकें.35 वर्षीय लॉर्ना पोनी, पाँच बच्चों की माँ हैं और भिंडी, जूट मल्लो, चौलाई और लोबिया उगाती हैं. वह कोएले किसान समूह से जुड़ने से पहले, इस क्षेत्र में इसलिए खेती करती थीं क्योंकि उनके पास अपनी ज़मीन नहीं थी. अन्य किसानों की तरह उन्हें भी मवेशियों, पौधों की बीमारियों, शुष्क मौसम में पानी की कमी और बाड़ नहीं होने के कारण अपने मवेशियों वा सामान की चोरी होने के कारण, भारी नुक़सान उठाना पड़ा.बदलते हालात © UNDP/Maureen Omwanda कोएले समूह की लोर्ना पोनी और एक अन्य किसान अपनी फ़सल के साथ. वह कहती हैं कि अब परिस्थितियाँ बदल रही हैं. उन्हें बेहतर सुरक्षा मिली है, पैदावार बढ़ी है, और जलवायु-कुशल खेती का प्रशिक्षण भी मिला है. वे जूट मल्लो जैसी पत्तेदार सब्ज़ी और बैंगन की फ़सल काट चुकी हैं और उसे कोन्यो कोन्यो क्षेत्र के एक आपूर्तिकर्ता को बेच चुकी हैं. उनका यह भी कहना है कि समूह द्वारा उगाई जा रही केल को आपस में बाँटने से उनके परिवार के पोषण में सुधार हुआ है. “यह परियोजना हमारे जीवन में आए सबसे अच्छे बदलावों में से एक है. हम सामूहिक और व्यक्तिगत, दोनों तरह की खेती करते हैं." "एक बार मैंने अपना जूट मल्लो बेचकर बच्चों की फ़ीस भरी और अपने सबसे छोटे बच्चे के लिए दवा ख़रीदी. बैंगन की जो फ़सल हमने मिलकर उगाई थी, उसे बेचकर हमें 3 लाख दक्षिण सूडानी पाउंड की आय हुई, जिसे हमने अपने बचत खाते में जमा कर दिया है.”बेहतर भविष्य की आशा © UNDP/Maureen Omwanda टमाटर की पौध लगाने के लिए अलग की गई ज़मीन की खुदाई करते साइमन डुकू. 25 वर्षीय साइमन डुकु, जो इस परियोजना के एक अन्य लाभार्थी हैं, दो बच्चों के पिता हैं. वे पहले जोंदोरू में रहते थे और दिहाड़ी मज़दूरी करके किसी तरह परिवार चला रहे थे. मूल रूप से 'रेजाफ़ पश्चिम' के रहने वाले साइमन ने गाँव के बुज़ुर्गों से इस परियोजना के बारे में सुना और अपने परिवार के साथ वापिस गाँव लौटकर कोएले किसान समूह से जुड़ गए.वे कहते हैं कि इस फ़ैसले ने उनका जीवन बदल दिया. परियोजना के माध्यम से उन्होंने कीटनाशकों का मिश्रण तैयार करना, ड्रिप सिंचाई जैसी जलवायु-कुशल तकनीकों का इस्तेमाल करना तथा बीज की गुणवत्ता परखना सीखा. अब वह यह ज्ञान अपने समूह के अन्य किसानों और समुदाय के लोगों तक भी पहुँचा सकते हैं. उन्होंने कोन्यो बाज़ार के खुदरा विक्रेताओं को अपनी उपज बेचना भी शुरू कर दिया है.उन्होंने कहा, “हम इस परियोजना से बहुत ख़ुश हैं. जब आप किसी व्यक्ति को मछली पकड़ना सिखाते हैं, तो उसका जीवन हमेशा के लिए बदल जाता है. यहाँ मुझे जो खेती का अनुभव मिल रहा है, उससे मैं बहुत ख़ुश हूँ. हम चाहते हैं कि दानदाता, महिलाएँ व युवाओं में और अधिक निवेश करें. मैं जूबा के अलग-अलग सब्ज़ी विक्रेताओं से मिले बाज़ार सम्पर्कों के लिए भी आभारी हूँ. अब मुझे अपने परिवार के बेहतर भविष्य की उम्मीद है.”दीर्घकालिक समाधान © UNDP/Maureen Omwanda कृषि विस्तार कर्मी स्टीफ़न बेफ़ो. स्थानीय किसानों का कहना है कि अब तक उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि वे कठिन जलवायु परिस्थितियों के बावजूद साल भर खेती कर पा रहे हैं. साझा ज़मीन पर व्यक्तिगत और सामूहिक, दोनों तरह की खेती से उन्हें उत्पादन बढ़ाने एवं अपनी आर्थिक स्थिति मज़बूत करने के दोहरे अवसर मिल रहे हैं.यह परियोजना दक्षिण-दक्षिण सहयोग की अहमियत को भी सामने लाती है. भारत, ब्राज़ील और दक्षिण अफ़्रीका ने मिलकर दक्षिण सूडान के खाद्य सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और जलवायु सहनसक्षमता से जुड़े दीर्घकालिक लक्ष्यों को समर्थन दिया है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement