UN80: संयुक्त राष्ट्र प्रणाली के कामकाज को मज़बूत करने के लिए ऐतिहासिक प्रस्ताव
Source: UN News: शनिवार, 04 अप्रैल 2026 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इस विश्व संगठन के शासनादेशों (Mandates) के वजूद में आने, उन्हें लागू किए जाने और उनकी समीक्षा किए जाने की प्रक्रिया को पूरी यूएन प्रणाली में मज़बूत करने के लिए एक ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया है.
शासनादेश (Mandates) संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों द्वारा लिए गए वे निर्णय होते हैं, जिन पर अमल करने की ज़िम्मेदारी इस विश्व संगठन को सौंपी जाती है और ये शासनादेश ही, संगठन के कार्यों का मार्गदर्शन करते हैं.मंगलवार को पारित किया गया यह प्रस्ताव, UN80 पहल के तहत एक मील का पत्थर है. यह पूरी यूएन प्रणाली में सुधार का एक प्रयास है ताकि बदलती दुनिया में संयुक्त राष्ट्र को अधिक प्रभावी, सुसंगत और परिणाम देने के लिए बेहतर ढंग से सुसज्जित किया जा सके.यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने मंगलवार को महासभा हॉल में चर्चा में शिरकत करते हुए, इस प्रस्ताव का स्वागत किया और इसे एक "ऐतिहासिक प्रस्ताव" और "एक बड़ा क़दम" बताया. उन्होंने सदस्य देशों से कहा, "आज अपनाया गया प्रस्ताव पूरे शासनादेश चक्र (mandate lifecycle) की साझा समझ और इसके प्रत्येक चरण को मज़बूत करने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है. आज का प्रस्ताव UN80 पहल की महत्वाकांक्षा को ठोस और व्यावहारिक कार्रवाई में बदलने में मदद करता है."शासनादेश क्यों अहम हैं?सदस्य देश शासनादेश सृजित करके, पूरी संयुक्त राष्ट्र प्रणाली को निर्देश और मार्गदर्शन देते हैं कि वैश्विक चुनौतियों का समाधान कैसे किया जाए: शान्ति और सुरक्षा बनाए रखने और मानवीय सहायता देने से लेकर, विकास को बढ़ावा देने और मानवाधिकारों की रक्षा करने तक.हालाँकि, समय के साथ शासनादेशों की बढ़ती और विशाल संख्या ने व्यावहारिक चुनौतियाँ भी उत्पन्न कर दी हैं.1946 के बाद से, प्रमुख संयुक्त राष्ट्र निकायों में 40 हज़ार से अधिक प्रस्ताव, निर्णय और अध्यक्षीय बयान अपनाए गए हैं. यह एक ऐसा परिदृश्य जिसे समझना और प्रबन्धित करना कठिन होता जा रहा है.इसके कारण कार्यों में दोहराव, रिपोर्टों और बैठकों की भरमार, और पूरी प्रणाली में समीक्षा तंत्र की कमी जैसी समस्याएँ पैदा हुई हैं.इससे सदस्य देशों और संयुक्त राष्ट्र प्रणाली दोनों पर भारी बोझ पड़ता है और प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करना कठिन हो जाता है.
UN Photo/MB
'एक अधिक व्यवस्थित दृष्टिकोण'यह प्रस्ताव पहली बार पूरे शासनादेश चक्र यानि उनके वजूद में आने से लेकर कार्यान्वयन और समीक्षा तक के लिए एक व्यवस्थित दृष्टिकोण पेश करता है. व्यावहारिक रूप से इसका अर्थ है:स्पष्ट और अधिक केन्द्रित शासनादेश: आरम्भ से ही निर्णय लेने के लिए बेहतर जानकारी का समर्थन.मज़बूत और अधिक समन्वित कार्यान्वयन: डेटा का बेहतर उपयोग, उपयोगकर्ता-उन्मुख रिपोर्टिंग और संसाधनों का प्रभावी उपयोग.परिणामों की व्यवस्थित समीक्षा: यह सुनिश्चित करना कि शासनादेश प्रासंगिक बने रहें और प्रभाव बनाएँ, साथ ही साक्ष्यों और जवाबदेही पर आधारित निरन्तर सुधार की संस्कृति को बढ़ावा देना.पारदर्शिता में वृद्धि: बेहतर डिजिटल उपकरण और विस्तारित 'यूएन शासनादेश रजिस्ट्री' के माध्यम से सदस्य देशों को शासनादेशों, संसाधनों और परिणामों पर समेकित और तुलनात्मक जानकारी प्रदान करना.यह सारी प्रक्रिया क्यों अहम है?इस प्रस्ताव का उद्देश्य सदस्य देशों के लिए जटिल शासनादेश परिदृश्य के बारे में समझ को आसान बनाना है. यह साथ ही संयुक्त राष्ट्र को, कामकाज में दोहराव, बिखराव और अक्षमता को कम करने में मदद करना है.इस प्रस्ताव का लक्ष्य, शासनादेशों के निर्माण और उन पर अमल किए जाने की प्रक्रिया को मज़बूत करके, संयुक्त राष्ट्र द्वारा लिए गए निर्णयों को वास्तविक परिणामों में बदलने की प्रक्रिया में सुधार करना भी है.
UN Photo/Manuel Elias
आगे का रास्ता?यह प्रस्ताव महासभा के 'शासनादेश कार्यान्वयन समीक्षा पर अनौपचारिक तदर्थ कार्य समूह' (Informal Ad Hoc Working Group on the Mandate Implementation Review) के कार्य पर आधारित है, जिसकी सह-अध्यक्षता जमैका और न्यूज़ीलैंड ने की थी.प्रस्ताव के अनुसार अब एक ‘औपचारिक तदर्थ कार्य समूह’ वजूद में आएगा जो सभी सदस्य देशों और पर्यवेक्षकों के लिए की राय के लिये खुला होगा. इसके कार्यों में बेहतर व्यावहारिक प्रक्रियाएँ विकसित करना, समीक्षा के कड़े मानदंड बनाना और मौजूदा शासनादेशों की आगे समीक्षा करना शामिल है.यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने दोहराया, "यह एक बड़ा क़दम है, लेकिन यह केवल शुरुआत है. हम एक एकल, सुसंगत संगठन के रूप में काम करेंगे ताकि शासनादेशों को लागू किए जाने में सुधार हो सके."यूएन महासभा की अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने भी इस भावना को दोहराते हुए कहा कि इस प्रस्ताव का अपनाया जाना एक व्यापक सुधार प्रयास का महत्वपूर्ण हिस्सा है. उन्होंने कहा, "हमने संयुक्त राष्ट्र को अधिक चुस्त, कुशल, प्रभावी और भविष्य के लिए उपयुक्त बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण क़दम उठाया है."
UN80 पहलयह प्रस्ताव UN80 पहल के तहत, नवीनतम मील का पत्थर है. महासचिव द्वारा एक वर्ष पहले शुरू की गई इस पहल को संयुक्त राष्ट्र को ऊपर से नीचे तक प्रभावित करने के लिए आकार दिया गया है, ताकि हर शासनादेश, डॉलर और निर्णय, लोगों व ग्रह के लिए अधिकतम मूल्य प्रदान कर सके.