Advertisement
हिरासत में लिए गए 118 यूएन कर्मचारियों की तत्काल रिहाई की पुकार

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने 'हिरासत में लिए गए और लापता स्टाफ़ सदस्यों के साथ एकजुटता के अन्तरराष्ट्रीय दिवस' के अवसर पर जारी एक वक्तव्य में कहा है कि "किसी भी सहकर्मी को भुलाया नहीं गया है" और सदस्य देशों से सुरक्षित व निर्बाध मानवीय कार्य सुनिश्चित करने के लिए, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून का पालन करने का आग्रह किया.संयुक्त राष्ट्र, दुनिया के कुछ सबसे ख़तरनाक और अस्थिर स्थानों में मौजूदगी बनाए हुए है, जिनमें ग़ाज़ा, अफ़ग़ानिस्तान, सूडान, यूक्रेन, यमन, हेती और काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) शामिल हैं.यूएन महासभा की अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने भी बुधवार को कहा, "कोई भी हिरासत न केवल मौलिक मानवाधिकारों, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून और विशेषाधिकारों का उल्लंघन करती है, बल्कि यह महत्वपूर्ण मानवीय प्रयासों को भी कमज़ोर करती है, जिससे लाखों लोगों तक पहुँचने वाली जीवन रक्षक सहायता में देरी होती है."यमन में सर्वाधिक कर्मचारी हिरासत मेंयमन में, संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारी लगातार मनमानी गिरफ़्तारियों का सामना कर रहे हैं. यूएन मानवाधिकार प्रमुख वोल्कर टर्क ने कहा है कि "कुछ लोगों को उनकी स्वतंत्रता से वंचित किए हुए अब पाँच वर्ष हो रहे हैं." "हर दिन, उनकी हिरासत का अन्याय बढ़ता जा रहा है. उनका और उनके परिवारों का कष्ट असहनीय है."इन कर्मचारियों को देश के उन क्षेत्रों में रखा गया है जो हूथी अधिकारियों के नियंत्रण में हैं. वर्ष 2014 से, यमन हूथी विद्रोहियों और अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के बीच गृहयुद्ध से जूझ रहा है.मानवाधिकार उच्चायुक्त ने यमन के अधिकारियों से 73 कर्मचारियों को तत्काल और बिना शर्त रिहा करने का आहवान किया है.वोल्कर टर्क ने स्पष्ट किया कि "संयुक्त राष्ट्र कर्मियों को, यमनी लोगों की ओर से उनके महत्वपूर्ण कार्य करने के लिए, किसी भी परिस्थिति में हिरासत में नहीं लिया जा सकता, और उन पर अपराधों का आरोप लगाना तो दूर की बात है."'यूएन कर्मचारी कभी निशाना नहीं'महासभा अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने, अन्तरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर एक वीडियो सन्देश में कहा, "संयुक्त राष्ट्र कर्मचारी कभी भी निशाना नहीं होने चाहिए... वे हर दिन गम्भीर संकट में फँसे समुदायों की सहायता और संयुक्त राष्ट्र के सिद्धान्तों के लिए अपना जीवन समर्पित कर रहे हैं." वोल्कर टर्क ने भी इसी सन्देश को दोहराते हुए, उन हज़ारों कर्मचारियों को श्रद्धांजलि दी, जो सहायता के पात्र समुदायों की सेवा के लिए कठिन परिस्थितियों, संकटों और संघर्षों में काम करते हैं.'हिरासत में लिए गए और लापता स्टाफ़ सदस्यों के साथ एकजुटता का अन्तरराष्ट्रीय दिवस' ऐलेक कोलेट के अपहरण की बरसी के रूप में मनाया जाता है. ऐलेक कोलेट एक पूर्व पत्रकार थे जो संयुक्त राष्ट्र की फ़लस्तीनी शरणार्थी एजेंसी (UNRWA) के लिए काम कर रहे थे. 1985 में एक बन्दूकधारी ने उनका अपहरण कर लिया था और उनका शव 2009 में लेबनान की बेका घाटी में मिला था.इस अन्तरराष्ट्रीय दिवस का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र कर्मचारियों, शान्ति रक्षकों, ग़ैर-सरकारी समुदायों और प्रैस के कार्यकर्ताओं की रक्षा के संकल्प को मज़बूत करना, कार्रवाई को गति देना व न्याय की मांग करना है. हाल के वर्षों में, जैसे-जैसे संयुक्त राष्ट्र पर हमले तेज़ हुए हैं, इस दिन का महत्व और भी बढ़ गया है.महासचिव एंतोनियो गुटेरेश के अनुसार, "आज और हर दिन, आइए हम उन लोगों के साथ खड़े हों जो मानवता की सेवा करते हैं, और यह सुनिश्चित करें कि वे अपना आवश्यक कार्य करते समय सुरक्षित और समर्थित रहें."
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


