हेती: गिरोहों का बढ़ता आतंक, पुलिस पर भी 'बिना मुक़दमे चलाए हत्या' के आरोप
Source: UN News: शुक्रवार, 27 मार्च 2026 00:01 AM (IST)
हेती के घातक हथियारबन्द गिरोह अपना प्रभाव बढ़ाते हुए अब महत्वपूर्ण समुद्री और सड़क मार्गों पर नियंत्रण कर रहे हैं. वहीं, इस संकटग्रस्त कैरीबियाई द्वीप देश की पुलिस पर भी "अनावश्यक और अत्यधिक घातक बल का प्रयोग करने व क़ानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना ही, लोगों की हत्याएँ (summary executions)" करने के आरोप लग रहे हैं.
हेती की राजधानी पोर्ट-औ-प्रिंस और आसपास के इलाक़ों में कम से कम 26 गिरोह "ख़तरनाक स्तर की हिंसा " के साथ सक्रिय हैं. लगभग 14 लाख लोगों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है और हज़ारों अन्य लोग मारे गए हैं.संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) की, जिनीवा में मंगलवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में, हेती के लोगों के मानवाधिकारों पर गिरोहों के बढ़ते प्रभाव और निरन्तर जारी घातक हिंसा के विवरण दिए गए हैं.वर्ष 2025 में, इस हिंसा के परिणामस्वरूप साढ़े 5 से अधिक लोगों की मौत हुई थी.गिरोहों का बढ़ता दायरायूएन रिपोर्ट के अनुसार, इसी अवधि के दौरान गिरोहों ने राजधानी से बाहर अपनी गतिविधियाँ फैलाई हैं. हथियारबन्द गिरोह "रणनैतिक गलियारों को मज़बूत करने और महत्वपूर्ण समुद्री तथा ज़मीनी मार्गों पर अपना प्रभुत्व बनाए रखने" में सक्षम रहे हैं, जो उनके लिए धन की उपलब्धता और गतिविधि क्षमता को बनाए रखते हैं.इस बीच, गिरोहों ने लोगों की हत्या व अपहरण करना, बच्चों की तस्करी, अवैध चौकियों के ज़रिए चोरी, व्यवसायों से धन उगाही और सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियों को नष्ट करके और लूटपाट करके, आम लोगों को आतंकित करना जारी रखा है. गिरोहों ने उन व्यक्तियों को निशाना बनाया जो पुलिस के साथ सहयोग करते हैं या उनके अधिकार को चुनौती देते हुए प्रतीत हुए हैं. रिपोर्ट में कहा गया है, "कुछ पीड़ितों को मार दिया गया, उनके शरीर पर अक्सर पैट्रोल छिड़ककर जला दिया गया."
Giles Clarke
अनेक तत्वहिंसा में न केवल गिरोह, बल्कि हेती के सुरक्षा बल, निजी सुरक्षा ठेकेदार और स्व-रक्षा समूह भी शामिल हैं. रिपोर्ट में पुलिस द्वारा "अनावश्यक या अत्यधिक" बल का उपयोग करते हुए, गिरोहों के सन्दिग्ध सदस्यों या उनके समर्थकों की "बिना मुक़दमा चलाए, हत्या किए जाने या हत्या के प्रयास" के लगभग 250 मामलों की पहचान की गई है.एक निजी सैन्य कम्पनी द्वारा चलाए गए सुरक्षा अभियानों के बारे में भी चिन्ता व्यक्त की गई है, जिसे कथित तौर पर हेती सरकार की तरफ़ से ठेका दिया गया था. इस कम्पनू ने ड्रोन हमलों और हेलीकॉप्टर से गोलीबारी का उपयोग किया है. हालाँकि इस उपाय की वैधता पर सन्देह व्यक्त किया गया है. रिपोर्ट में कहा गया है, "इनमें से कुछ, या अधिकांश ड्रोन हमलों और हेलीकॉप्टर अभियानों को 'लक्षित हत्याओं' (targeted killings) के रूप में वर्णित किया जा सकता है, क्योंकि यह पहले से पहचान किए गए व्यक्तियों के ख़िलाफ़ घातक बल का पूर्व-निर्धारित और जानबूझकर किया गया उपयोग था." न्यायिक अधिकारियों ने इन अभियानों की वैधता स्थापित करने के लिए कोई जाँच शुरू नहीं की है.पत्थरों, चाकुओं और अब उच्च क्षमता वाले हथियारों से लैस स्व-रक्षा समूहों व भीड़ ने तथाकथित "जन न्याय" यानि बिना क़ानूनी कार्रवाई और अदालती सुनवाई के ही, न्याय मुहैया कराने के उपाय का सहारा लिया है, जिससे गिरोह से जुड़े होने के सन्देह में लोगों की पीट-पीटकर हत्या (lynching) की जा रही है. रिपोर्ट के अनुसार, कभी-कभी इन गतिविधियों को "कथित तौर पर पुलिस तत्वों द्वारा प्रोत्साहित या आसान बनाया गया."यूएन समर्थन जारीसंयुक्त राष्ट्र ने लगातार इस बात पर ज़ोर दिया है कि हेती की स्थिरता की ख़ातिर, देश में सुरक्षा बहाल करना आवश्यक है, लेकिन केवल यही पर्याप्त नहीं है. शासन, न्याय, जवाबदेही और सामाजिक सेवाओं (विशेषकर युवाओं के लिए) में प्रगति के बिना, सुरक्षा के क्षेत्र में होने वाला कोई भी लाभ अस्थिर होगा.हिंसा और अस्थिरता के चक्र को तोड़ने और सुरक्षा बहाल करने के हेती-नेतृत्व वाले प्रयासों में निरन्तर अन्तरराष्ट्रीय समर्थन महत्वपूर्ण है. ग़ौरतलब है कि वर्ष 2025 में संयुक्त राष्ट्र समर्थित गिरोह दमन बल (GSF), स्थापित किया गया है जिसमें 5,000 कर्मियों का प्रावधान है. इससे एक महत्वपूर्ण सहायक भूमिका निभाने की उम्मीद की जा रही है.