दक्षिण सूडान में विश्वास का बीज बोने वाली शान्तिरक्षक मेजर स्वाति
Source: UN News: गुरुवार, 19 फ़रवरी 2026 00:01 AM (IST)
दक्षिण सूडान में यूएन सहायता मिशन (UNMISS) में सेवारत भारतीय शान्तिरक्षक मेजर स्वाति शान्ताकुमार मानती हैं कि “कोई भी व्यक्ति इतना छोटा नहीं होता कि वह बदलाव न ला सके.” संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने हाल ही में, मेजर स्वाति को दक्षिण सूडान के मलाकल में, महिलाओं व लड़कियों के विरुद्ध लैंगिक और यौन हिंसा से जुड़े मामलों पर किए गए उनके कार्यों को मान्यता देने के लिए पुरस्कार देने की घोषणा की है.
31 वर्षीय भारतीय सेना अधिकारी मेजर स्वाति, पिछले 18 महीनों से, दक्षिण सूडान के मलाकल शहर में अपनी सेवा दे रही हैं.भारत के बेंगलुरु शहर से आने वाली मेजर स्वाति का मानना है कि नेतृत्व केवल आदेश देने का नाम नहीं है, बल्कि लोगों से जुड़कर, उनका भरोसा जीतकर और उनकी बात सुनकर आगे बढ़ने की प्रक्रिया है.मेजर स्वाति कहती हैं कि हर व्यक्ति को अपने भीतर मौजूद उस चिंगारी पर विश्वास करना चाहिए, जो कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की शक्ति देती है.उनके अनुसार, सत्य का साथ नहीं छोड़ना, विपरीत हालात में डटे रहना और बिना किसी झिझक के, अपनी पहचान के साथ खड़े रहना ही असली शक्ति है.वे स्पष्ट शब्दों में कहती हैं कि या तो हम बैठकर यह कहते रहें कि कुछ ग़लत हो रहा है, या फिर स्वयं उस बदलाव का हिस्सा बनें जिसकी समाज को आवश्यकता है.सबसे बड़े अभियानों में से एकमलाकल में मेजर स्वाति, भारत की प्रथम पूर्ण महिला बल सम्पर्क टुकड़ी का नेतृत्व कर रही हैं, और अब उनका कार्यकाल समाप्ति की ओर है.दक्षिण सूडान में यूएन शान्तिरक्षा मिशन (UNMISS), विश्व के सबसे बड़े शान्तिरक्षा अभियानों में से एक है. इस मिशन में लगभग 20 हज़ार सैनिक, पुलिसकर्मी और असैनिक कर्मचारी कार्यरत हैं, जो क़रीब 75 देशों से आते हैं.भारत समेत रवांडा, नेपाल और बाँग्लादेश जैसे देशों ने, बड़ी संख्या में शान्तिरक्षक भेजे हैं ताकि युद्ध की जटिल और गहरी विरासत से जूझ रहे दक्षिण सूडान को, स्थिरता की ओर ले जाने में सहयोग किया जा सके.मेजर स्वाति समेत हज़ारों शान्तिरक्षकों की निरन्तर मौजूदगी, आम नागरिकों की सुरक्षा, मानवीय सहायता की बेरोकटोक आपूर्ति और मानवाधिकारों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है.
UNMISS
समान भागेदारी, स्थाई शान्तिमेजर स्वाति के लिए शान्ति का अर्थ किसी दूर राजधानी में किया गया कोई भव्य समझौता नहीं है.उनके अनुसार, शान्ति एक निरन्तर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसे वे “बदलावों की श्रृंखला” के रूप में देखती हैं.मेजर स्वाति यह दावा नहीं करतीं कि उन्होंने यौन हिंसा को पूरी तरह समाप्त कर दिया है. उनके अनुसार, वे एक बड़े संगठन का केवल एक छोटा हिस्सा हैं, लेकिन शान्ति की प्रक्रिया में उनका छोटा सा योगदान भी महत्वपूर्ण रहा है.इसी सोच के साथ उन्होंने “समान भागेदारी, स्थाई शान्ति” पहल के माध्यम से काम किया.इसके तहत, महिला और पुरुष सैन्यबलों के संयुक्त गश्त के माध्यम से, स्थानीय बस्तियों तक बार-बार पहुँचा गया और वर्षों से बनी चुप्पी की दीवार को तोड़ने की कोशिश की गई.ये टीमें किसी उच्चस्तरीय राजनैतिक चर्चा के लिए नहीं आई थीं, बल्कि मलाकल के लोगों की वास्तविक परेशानियों को सुनने के लिए वहाँ मौजूद थीं.रंग लाने लगी मेहनत...टीम का पूरा ध्यान, राजधानी जूबा की राजनीति पर बात करने के बजाय, स्थानीय समुदाय की दैनिक ज़रूरतों पर था. वर्षों से ख़ामोश रहीं स्थानीय महिलाएँ, इन प्रयासों के बाद खुलकर सामने आने लगीं.महिलाओं ने अपने बच्चों की सुरक्षा, स्कूल तक पहुँचने के दौरान होने वाली परेशानियों और घरेलू हिंसा व युद्ध से जुड़े यौन हिंसा के अनुभवों के बारे में बात करनी शुरू की.अनेक महिलाओं ने यह भी कहा कि वे ऐसी स्थिति में फँसी हुई हैं, जहाँ उनकी बेटियों को उनकी इच्छा के विरुद्ध दूसरे परिवार में विवाह के लिए भेजा जा रहा है. महिलाओं की यह खुली बातचीत मेजर स्वाति के लिए इस बात का संकेत थी कि समुदाय के भीतर बदलाव की प्रक्रिया वास्तव में शुरू हो चुकी है.बदलाव तुरन्त नहीं आता...मेजर स्वाति, शान्ति मिशन की लैंगिक और बाल सुरक्षा टीम के साथ मिलकर कार्य करती हैं. उनका उद्देश्य परिवारों और समुदायों में जागरूकता लाना, शिकायतें दर्ज कराना और आवश्यकता पड़ने पर हस्तक्षेप करना है, ताकि स्थानीय समस्याओं का समाधान निकाला जा सके.उन्होंने स्पष्ट किया कि बदलाव तुरन्त नहीं आता और यह कोई एकल बड़ा क़दम नहीं बल्कि धीरे-धीरे असर डालने वाली क्रमिक प्रक्रिया है.मेजर स्वाति के अनुसार, “जब बच्चों को यह समझाने की कोशिश की जाती है कि हथियार उठाने के बजाय उन्हें अपने हाथों में किताब थामनी चाहिए, तो इसे तुरन्त बदलना सम्भव नहीं होता. असली बदलाव तब शुरू हुआ, जब हमने महिलाओं और बच्चों के साथ सीधे मुलाक़ातें कींं और माताओं ने कहा, ‘मैं नहीं चाहती कि मेरा बच्चा किसी युद्ध में लड़े.’ यही बदलावों की श्रृंखला है.”
UNMISS
इंजीनियर से शान्तिरक्षक तक का सफ़रभारतीय शान्तिरक्षक मेजर स्वाति ने, इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की शिक्षा हासिल की और बहुराष्ट्रीय कम्पनी आईबीएम में बतौर सुरक्षा विश्लेषक काम भी किया.पिता के सहयोग और लैंगिक रूढ़ियों को तोड़ने के समर्थन से प्रेरित होकर, मेजर स्वाति, 8 साल पहले सेना में शामिल हुईं और बाद में शान्ति मिशन में अपनी सेवा दी.मेजर स्वाति का कहना है, “... दुनिया में असमानताएँ बहुत हैं. जब आप समाचार देखते हैं और यह जानते हैं कि सबके पास समान अवसर नहीं हैं, तो लगता है कि किसी और को भी यही अवसर मिलना चाहिए.”वे कहती हैं कि कभी-कभी हम भोजन, बिस्तर, कॉलेज जैसी रोज़मर्रा की चीजों को सामान्य मान लेते हैं, लेकिन दक्षिण सूडान के एक बच्चे के लिए यही जीवन का बड़ा सपना है कि उसे यह चिन्ता न करनी पड़े कि अगला भोजन या स्कूल कहाँ से मिलेगा.समाधान की दिशा में प्रयासमेजर स्वाति शान्ताकुमार हमेशा इस सिद्धान्त को अपने साथ रखती हैं कि “सच्चे बने रहें, कठिनाइयों में डटे रहें और बिना झिझक अपनी पहचान के साथ खड़े रहें.” वे हर समस्या का समाधान खोजने में लगी रहती हैं, भले ही वह हिंसा के विरूद्ध अपनी आवाज़ उठाने का बेहतर तरीक़ा ढूँढने में महिलाओं की मदद करना हो या किसी बच्चे को शिक्षा में मदद करना हो.मेजर स्वाति के अनुसार, किसी युवा नेता के लिए सबसे महत्वपूर्ण उपकरण कोई किताब या डिग्री नहीं है, बल्कि यह विश्वास है कि संकट को केवल देखकर नहीं, बल्कि इसमें योगदान देकर इसे हल किया जा सकता है. यह प्रक्रिया “नहीं” से “किस तरह” तक पहुँचने का मार्ग खोजने का नाम है.