युद्ध की क्रूर छाया, मध्य अफ़्रीकी गणराज्य और सूडान के बीच तनावपूर्ण मोर्चे
Source: UN News: शुक्रवार, 30 जनवरी 2026 00:01 AM (IST)
मध्य अफ़्रीकी गणराज्य (CAR) के सुदूर उत्तर में स्थित बिराओ शहर की ओर बढ़ते ही ज़मीन समतल होती जाती है. सवाना से घिरे इस शहर में सड़कें धूल में विलीन हो जाती हैं, और कार की तुलना में मोटरसाइकिलें कहीं अधिक संख्या में नज़र आती हैं.
सूडान की सीमा के निकट स्थित यह इलाक़ा उस देश की सरहद पर है, जो अब भी अपने बिखरे ढाँचे को समेटने की कोशिश कर रहा है, और साथ ही पड़ोसी देश में जारी युद्ध की आहटें झेल रहा है.सूडान में गृहयुद्ध शुरू होने के बाद से हज़ारों शरणार्थी, दक्षिण की ओर इस क्षेत्र में पहुँचे हैं. वे अपने साथ न केवल घरों से बचा हुआ थोड़ा-बहुत सामान लाए हैं, बल्कि दुनिया के सबसे बड़े मानवीय संकट का बोझ भी लाए हैं.नवम्बर, 2025 की झुलसाती गर्मी में, सूखे के मौसम की शुरुआत के साथ, बिराओ के बाहरी इलाक़े में स्थित कोर्सी बस्ती में एक लम्बी क़द-काठी की महिला पेड़ की छाँव में खड़ी है. प्लास्टिक के तम्बुओं और फूस की छत वाले अस्थाई घरों से बनी यह बस्ती, नए शरणार्थियों की लगातार बढ़ती सँख्या को समेटने के लिए जल्दबाज़ी में बसाई गई है.नफ़ीसा (सुरक्षा कारणों से बदला हुआ नाम) कहती हैं कि वह सूडान की राजधानी ख़ारतूम से बाहर स्थित एक शहर से आई हैं, जो यहाँ से 700 मील से भी अधिक दूर है.वह, अप्रैल 2023 में, वहाँ युद्ध शुरू होते ही, अपने परिवार के साथ पश्चिम की ओर दक्षिण दारफ़ूर चली गईं, जहाँ उनके पति ने स्थानीय बाज़ार में एक छोटी-सी दुकान खोली.लेकिन, एक दिन हथियारबन्द कुछ लोग दुकान में घुस आए और उन्हें धमकी देने लगे. उनके पति किसी तरह वहाँ से निकलने में सफल रहे, लेकिन वे लोग उनका पीछा करते हुए घर तक पहुँच गए. उसी रात वे फिर आए. नफ़ीसा ने याद करती हैं, “वे रात डेढ़ बजे हमारे पास आए. वह (उनके पति) बिस्तर से अभी उठे ही थे कि उन्होंने उन्हें तीन गोलियाँ मार दीं.”इसके बाद नफ़ीसा और उनके 9 साल के बेटे को बाँध दिया गया, जबकि उनके पति ज़मीन पर तड़पते रहे. उन्होंने बताया, “वे हमारा धन, सामान और कपड़े तक ले गए.”नफ़ीसा धीमी आवाज़ में बात कर रही थीं. उनके हाथों पर महीन मेहन्दी का डिज़ाइन बना हुआ था, लेकिन उनका चेहरा शोक और विस्थापन की कठोरता में जकड़ा हुआ था.उन्होंने, अपने पति की हत्या के बाद अपने परिवार के बाक़ी सदस्यों के साथ सूडान छोड़ने का फ़ैसला किया.
UN News/Alban Mendes De Leon
युद्ध की धधकती आग…नफ़ीसा की ज़िन्दगी की दिशा हमेशा के लिए बदल देने वाली घटनाओं की शुरुआत, सूडान की सेना के प्रमुख जनरल अब्देल फ़त्ताह अल-बुरहान और त्वरित समर्थन बल (RSF) के अर्द्धसैनिक कमांडर मोहम्मद हमदान दागलो के बीच टकराव से हुई.ख़ारतूम में सत्ता संघर्ष के रूप में शुरू हुआ यह टकराव, क़रीब 3 साल बाद, पूरे देश में फैल चुका है. लगभग 3 करोड़ लोग मानवीय संकट की चपेट में हैं.साथ ही, 1 करोड़ से अधिक लोग बेघर हो गए हैं, जिनमें आधे बच्चे हैं. जबकि वर्ष 2024 की गर्मियों से देश के अनेक हिस्सों में भुखमरी ने भी दस्तक दी है.ग़ौरतलब है कि अक्टूबर 2025 के अन्त में युद्ध ने एक नया और ख़तरनाक मोड़ ले लिया था. RSF ने, उत्तरी दारफ़ूर के अन्तिम सरकारी गढ़ अल-फ़शर शहर पर 500 दिनों से अधिक की घेराबन्दी के बाद, क़ब्ज़ा कर लिया था.इसके बाद, लाखों लोग अपना घर छोड़ने को मजबूर हुए, जबकि गै़र-अरब समुदायों के ख़िलाफ़ जातीय आधार पर हत्याओं, सामूहिक बलात्कार और बिना मुक़दमा चलाए, मौत की सज़ा दिए जाने की ख़बरें सामने आईं.दारफ़ूर के लोगों को, यह हिंसा भयावह रूप से जानी-पहचानी सी लगी, क्योंकि RSF की जड़ें दो दशक पहले दारफ़ूर युद्ध के दौरान सूडानी सरकार के साथ लड़ने वाले जंजावीड़ मिलिशिया से जुड़ी रही हैं.उस युद्ध में जंजावीड़ लड़ाके, क्षेत्र के गै़र-अरब समुदायों यानि फ़ुर, मसलित और ज़घावा के ख़िलाफ़ खड़े थे. अल-फ़शर के पतन से कुछ ही सप्ताह पहले, अन्तरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने, अली कुशाय नाम से जाने जाने वाले पूर्व जंजावीड़ नेता अली मुहम्मद अली अब्द-अल रहमान को, 2003 और 2004 में पश्चिमी दारफ़ूर में अंजाम दिए गए युद्ध अपराधों और मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों का दोषी ठहराया था.अब, अभियोजकों ने चेतावनी दी है कि आज भी इसी तरह की बर्बरताएँ दोहराई जा रही हैं, जिनमें बलात्कार को युद्ध के हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है.बिना लकीरों के सीमा रेखाएँनफ़ीसा की तरह, दारफ़ूर में रहने वाले अनेक लोगों ने, दक्षिण की ओर मध्य अफ़्रीकी गणराज्य का रुख़ किया, और वे अम दाफ़ॉक पहुँचे हैं. यह बिराओ से दो घंटे की दूरी पर दलदली ज़मीन पर बसा और सीमा से सटा एक छोटा शहर है.कोई बाड़ या भौतिक सीमा नहीं है जो एक देश के अन्त और दूसरे देश की शुरुआत को दर्शाए...केवल एक सूखी नदी की धारा है, जो नक़्शे पर खींची गई अदृश्य रेखा को पार करती है.यहाँ लोग स्वतंत्र रूप से आवाजाही करते हैं…पैदल, गधे पर बैठकर पर या पशुओं के साथ… हथियारबन्द लोग भी इसी रास्ते से गुज़रते हैं.मध्य अफ़्रीकी गणराज्य के इस क्षेत्र के उप-राज्यपाल रमदान अब्देल क़ादेर के अनुसार, अम दाफ़ॉक शहर का हालिया इतिहास भय और आतंक से भरा रहा है. “यहाँ की आबादी पूरी तरह संकट में डूब गई थी.” RSF के सदस्यों के सन्देहास्पद लोग सीमा पार करके गाँवों में लूटपाट, हत्या और आतंक फैला रहे थे.उन्होंने बताया कि इस दौरान हिंसा के चरम समय में, लगभग साढ़े 11 हज़ार लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए. यह अम दाफ़ॉक की आबादी का एक बड़ा हिस्सा था.वे संयुक्त राष्ट्र के शान्ति रक्षा मिशन (MINUSCA) की स्थानीय छावनी के पास शरण लेने को मजबूर हुए, जिसने सूडान संकट के बाद इस शहर में शिविर स्थापित किया था.रमदान अब्देल क़ादेर ने कहा, “अगर यहाँ MINUSCA (यूएन मिशन) के शान्तिरक्षक मौजूद नहीं होते, तो इस इलाक़े पर, सूडान से आए सशस्त्र समूहों पूरी तरह अपना क़ब्ज़ा कर लेते.”
UN News/Alban Mendes De Leon
पुराने युद्ध के घाव...मध्य अफ़्रीकी गणराज्य में, MINUSCA की तैनाती पुराने घरेलू टकरावों की वजह से हुई थी, जो पड़ोसी संकटग्रस्त देशों की घटनाओं से कहीं अधिक पुराने हैं.यह मिशन 2014 में शुरू किया गया था, जब देश में अराजकता फैल गई थी. उस समय राष्ट्रपति फ़्रांकोय बोज़िज़ को सत्ता से हटाकर, सलेका नामक मुस्लिम गठबन्धन ने सत्ता पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया था.इसके बाद हिंसा का एक घातक चक्र शुरू हो गया था. सलेका के लड़ाके और विशेषकर एंटी-बालाका नामक ईसाई समूह ने, आम नागरिकों के ख़िलाफ़ हत्या, लूटपाट और यौन हिंसा जैसी गम्भीर घटनाओं को अंजाम दिया. देश, इस हिंसक टकराव के कारण, सामुदायिक रक्तपात के चक्र में फँस गया. मध्य अफ़्रीकी गणराज्य में हिंसा ने, देश को पतन के कगार तक पहुँचा दिया. पूरे समुदाय धार्मिक आधार पर विस्थापित हो गए और राजधानी बांगुई के बाहर सरकार का नियंत्रण पूरी तरह समाप्त हो गया.एक दशक से अधिक समय बाद, सलेका भंग हो चुका है. राष्ट्रपति पद के लिए दो बार चुनाव आयोजित किए जा चुके हैं, और 2019 के शान्ति समझौते ने 14 सशस्त्र समूहों को राजनैतिक प्रक्रिया में शामिल किया.इसके बावजूद, देश के बड़े हिस्सों में हालात अस्थिर बने हुए हैं और संयुक्त राष्ट्र का यह मिशन, अब भी 13 हज़ार से अधिक शान्तिरक्षकों के साथ इस भूमिबद्ध देश में तैनात है.उत्तरी हिस्से में, MINUSCA के शान्तिरक्षक सीमित बुनियादी ढाँचे के बावजूद लम्बी दूरी तक गश्त लगा रहे हैं. मौसमी बाढ़ अक्सर इस क्षेत्र को, देश के बाक़ी हिस्सों से अलग कर देती है,अम दाफ़ॉक में तैनात लगभग 200 शान्तिरक्षकों के कमांडर मेजर ओबेद मुम्बा कहते हैं, “हम ऐसे माहौल में काम कर रहे हैं जहाँ देश अब भी पुनर्निर्माण की प्रक्रिया में है. हमारी मुख्य ज़िम्मेदारी आम नागरिकों की सुरक्षा करना और किसी भी ऐसे टकराव या हिंसा को रोकना है जो क्षेत्र की स्थिरता को और प्रभावित कर सके.”सूडान में युद्ध के सीधे प्रभाव के बीच, MINUSCA मिशन ने अपनी तैनाती में नई तात्कालिकता पा ली है. बिराओ में मिशन के सामुदायिक सम्पर्क कार्यक्रम की प्रमुख मेजर सिफ़ामवेल्वा अकालालुका ने कहा, “हम रोज़ाना स्थानीय लोगों से मिलते हैं. हम महिलाओं, युवाओं और सामुदायिक नेताओं की बातें सुनते हैं. इससे हमें यह समझने में मदद मिलती है कि कहाँ तनाव बढ़ रहा है, ताकि वह हिंसा में बदलने से पहले उसे रोका जा सके.”जब ज़मीन विवादित बनती है…स्थानीय अधिकारी और निवासी बताते हैं कि ये तनाव केवल सूडान से आने वाले सशस्त्र समूहों की वजह से नहीं हैं. इसके पीछे ज़मीन और संसाधनों के लिए प्रतिस्पर्धा का भी हाथ है.यह प्रतिस्पर्धा, हिंसा से बचने के लिए अपने मवेशियों के साथ भाग रहे सूडानी पशुपालकों और मध्य अफ़्रीकी किसानों के बीच है, जिनके खेत पारम्परिक पशुपालन मार्गों (transhumance routes) पर पड़ते हैं.जब सूडानी पशुपालक अपने मवेशियों के साथ दक्षिण की ओर बढ़े, तो रास्ते में किसानों की फ़सलें कुचल गईं, कुओं व जल स्त्रोतों पर दबाव बढ़ा और झगड़े तेज़ी से बढ़ने लगे.पहले केवल मौसमी तनाव रहे ये विवाद, अब सीधे टकराव में बदल गए, जिसे अफ़वाहों, अवसरवादी व्यापारियों और पहले से ही अस्थिर सीमा क्षेत्र में हथियारों के प्रसार ने और बढ़ा दिया.वहीं, सन्दिग्ध RSF लड़ाके और अन्य सशस्त्र समूह इस अराजक स्थिति का फ़ायदा उठाने लगे.सितम्बर तक, अम दाफ़ॉक के सामुदायिक नेताओं में से एक, तामिया सेलस्टीन के अनुसार, स्थिति एक निर्णायक मोड़ पर पहुँच गई थी.उन्होंने कहा, “हमने बलात्कार के अनेक मामले दर्ज किए. 12-13 साल की लड़कियों पर भी हमले किए गए. लोग अपने खेतों में जाने से डर रहे थे.”उसी महीने, स्थानीय नेताओं ने 6 लोगों को गोलियों से मारे जाने और यौन हिंसा के लगभग 26 मामले दर्ज किए थे.
UN News/Alban Mendes De Leon
आपसी सम्वाद की पहल...इन कठिन हालात में, MINUSCA ने सीमापार सम्वाद की पहल की, जिसमें मध्य अफ़्रीकी और सूडानी समुदायों को एक साथ लाया गया. ये समुदाय लम्बे समय से एक दूसरे के ख़िलाफ़ थे, जिसके कारण तनाव बढ़ता जा रहा था. 27 से 30 अक्टूबर 2025 तक, अम दाफ़ॉक में 100 से अधिक प्रतिनिधि एकत्रित हुए. यह बैठक किसी औपचारिक सभागार में नहीं बल्कि बेंच और चटाइयों पर बैठकर पेड़ों की छाँव में की गई. एक धूल भरे मैदान में, धार्मिक नेताओं, गाँव के मुखियाओं, व्यापारियों, पशुपालन समितियों के सदस्यों और 9 महिलाओं ने आमने-सामने बैठकर वार्ता की. 3 दिन की इस वार्ता में भाग लेने वाले सेलस्टीन ने याद किया, “सम्वाद आसान नहीं था, लेकिन लोगों ने अपनी बात रखी, और शिकायतें साझा की गईं, आरोपों का आदान-प्रदान हुआ और सीमाएँ…नक़्शों पर नहीं, बल्कि शब्दों में तय की गईं. अन्त में हम सभी सहमत हुए कि हिंसा को रोकना होगा.”इस स्थानीय समझौते में हथियार ले जाने पर प्रतिबन्ध, मवेशियों के चरागाह मार्गों की पुष्टि और दोनों पक्षों को विवाद सुलझाने के लिए स्थानीय समितियों का सहारा लेने का संकल्प शामिल था.इसके बाद, निवासियों के अनुसार, गोलीबारी काफ़ी शान्त हो गई, खेत फिर से खेती के लिए तैयार किए जा रहे थे. अब हालात अधिक शान्तिपूर्ण थे.अम दाफ़ॉक में अब अगले आम चुनाव की तैयारियाँ चल रही थीं. निवासी, दशकों बाद पहली बार आधिकारिक मेयर चुनने वाले थे, क्योंकि देश में नगरपालिका चुनाव 1988 से नहीं हुए थे.28 दिसम्बर को, मध्य अफ़्रीका के मतदाताओं ने भारी बहुमत से मौजूदा राष्ट्रपति फॉस्टिन-आर्चेंज तूआडेरा (Faustin-Archange Touadéra0 को तीसरे कार्यकाल के लिए चुना.अनेक निवासियों के लिए यह मतपत्र सामान्य जीवन या कम से कम स्थिरता का वादा लेकर आया, जो लम्बे समय से इस क्षेत्र में ग़ायब थी.हालाँकि, यह वादा अब भी पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है.अब भी सुरक्षा की तलाश...2023 में, नफ़ीसा अम दाफ़ॉक में ज़्यादा समय नहीं रुकीं, जहाँ वह अपने पति की हत्या के बाद, अपने परिवार के साथ पहुँची थीं. उन्हें भी, युद्ध से दूर रहने की कोशिश कर रहे हज़ारों सूडानी लोगों की तरह सीमा पर असुरक्षा ने, बिराओ की ओर बढ़ने के लिए मजबूर किया.वहाँ, संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) ने स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर नए आगंतुकों का पंजीकरण किया और उनकी बुनियादी ज़रूरतें पूरी करने का इन्तेज़ाम किया.नफ़ीसा बताती है, “उन्होंने मेरे बच्चों के लिए कम्बल और गद्दे दिए. उन्होंने मुझे वह घर दिया जहाँ मैं अब रह रही हूँ.”बिराओ और उसके आसपास आज, 27 हज़ार से ज़्यादा सूडानी शरणार्थी रहते हैं, जबकि इस शहर की कुल आबादी 18 हज़ार से कम है.धरातल पर काम कर रहे UNHCR स्टाफ़ सदस्य जोफ़रोय फ़ेब्रिस सांगेबे-नाजी कहते हैं, “यह एक असामान्य स्थिति है. इतने शरणार्थियों के आगमन ने पहले से ही सीमित संसाधनों पर दबाव डाल दिया है.” यहाँ पानी और बुनियादी सेवाएँ गम्भीर रूप से प्रभावित हुई हैं.नफ़ीसा, जिस कोर्सी मोहल्ले में रहती हैं, वहाँ मानवीय संगठनों ने एक नाज़ुक प्रणाली तैयार की है.सांगेबे-नाजी ने बताया कि “यह कोई शिविर नहीं है…यह ‘आउट-ऑफ़-कैम्प’ दृष्टिकोण है, जहाँ शरणार्थी स्थानीय समुदाय के साथ रहते हैं.”फिर भी, अधिकांश निवासी खाद्य सामग्री, आश्रय, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा के लिए मानवीय सहायता पर निर्भर हैं, जबकि वित्तीय सहायता लगातार घट रही है.सांगेबे-नाजी ने कहा, “आज मुख्य चुनौती वित्तीय संसाधनों की गम्भीर कमी है.”वर्तमान में, नफ़ीसा छोटे-मोटे सामान बेचकर जीवन यापन करती हैं. वो बताती है, “उन्होंने मुझे बाज़ार के लिए एक छोटा टेबल दिया है…ख़ुदा का शुक्र है, जीवन ठीक है.”सुरक्षा की स्थिति अब भी चिन्ता का विषय है. हालाँकि, अम दाफ़ॉक में हस्ताक्षरित समझौते ने सीमा पर समुदायों के बीच तनाव को कम किया है, लेकिन हिंसा अब भी होती रहती है... यहाँ, बिराओ में भी.नफ़ीसा ने बताया, “कुछ दिन पहले, शिविर में एक लड़के की हत्या कर दी गई. रात में लोग आए और उसे मार दिया. हम उन्हें ढूँढ नहीं पाए.”नफ़ीसा के लिए अपनी माँ और बच्चों के साथ सूडान लौटना फ़िलहाल असम्भव ही है.युद्ध ने उनका अतीत निगल लिया है. लेकिन बिराओ में रहना भी सुनिश्चित नहीं है. स्थाई सुरक्षा और नियमित काम के बिना, विस्थापन केवल अस्थाई राहत है, दीर्घकालीन समाधान नहीं.