हॉलोकॉस्ट स्मरण दिवस: ‘हमें, हर दिन, अपनी साझा मानवता के लिए खड़ा होना होगा’
Source: UN News: बुधवार, 28 जनवरी 2026 00:00 AM (IST)
‘अन्तरराष्ट्रीय हॉलोकॉस्ट (यहूदी जनसंहार) स्मरण दिवस’ न केवल हमारे अतीत में झाँकने, बल्कि वर्तमान पर मनन करने और भविष्य को सुरक्षित बनाने का अवसर भी है. यूएन मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर टर्क ने इस अन्तरराष्ट्रीय दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने सन्देश में यह बात कही है.
दूसरे विश्व युद्ध के दौरान नात्सियों ने 60 लाख से अधिक यहूदियों और उनके साथ रोमा, सिन्ती समूहों के लोगों का संहार किया था, और अन्य अनगिनत पीड़ितों को अभूतपूर्व भयावहता व क्रूरता के दौर से गुज़रना पड़ा. 81 वर्ष पहले, आउशवित्ज़-बर्केनाउ यातना व जनसंहार शिविर को आज़ाद कराए जाने की स्मृति में, हर वर्ष 27 जनवरी को यह स्मरण दिवस मनाया जाता है. इन यातना शिविरों में 10 लाख से अधिक लोगों की हत्या कर दी गई थी.मानवाधिकार उच्चायुक्त टर्क ने अपने सन्देश में चिन्ता जताई कि पिछले कुछ वर्षों में यहूदीवाद विरोध में उछाल आया है, सिडनी और मैनचैस्टर में यहूदी समुदायों को निशाना बनाकर जघन्य हमले किए गए हैं. “घृणा और मानवीय गरिमा को नकारने की प्रवृत्ति हमारे दैनिक जीवन में पनप रही है.”उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि हॉलोकॉस्ट से मिले सबक़ को याद रखा जाना होगा. “जनसंहार, यातना शिविरों और गैस चैम्बर के साथ नहीं शुरू हुआ था.”“यह अन्याय के सामने उदासीनता और चुप्पी से शुरू हुआ और स्वयं से भिन्न लोगों को अमानवीय बनाने वाली हानिकारक मानसिकता के साथ.”स्मरण की आवश्यकताइस वर्ष अन्तरराष्ट्रीय दिवस की थीम में गरिमा व मानवाधिकारों पर बल दिया गया है. मानवाधिकार उच्चायुक्त ने ऐसे क़ानूनों की आवश्यकता पर बल दिया, जिनके ज़रिए भेदभाव पर पाबन्दी लगाई जाए.साथ ही, ऐसे राजनेताओं की भी ज़रूरत है जोकि भिन्नताओं के आधार पर ध्रुवीकरण करने के बजाय, अन्याय के विरुद्ध लोगों को एकजुट करें.उन्होंने कहा कि मानवता को अपने सबसे अंधकारमय अध्याय को दोहराने से रोकने के लिए यह ज़रूरी है कि हम हॉलोकॉस्ट के प्रति लोगों को जागरुक बनाएँ: सभी आयु वर्गों के लिए मानवाधिकार, और डिजिटल सामग्री को संयमित बनाने के लिए समावेशी व्यवस्था, ताकि लोग बिना किसी भय के अपनी चिन्ताओं को व्यक्त कर सकें.भेदभाव से मुक्तिउच्चायुक्त टर्क ने कहा कि दुनिया को कारगर उपायों का सहारा लेने की ज़रूरत है, जैसेकि अन्तरराष्ट्रीय मानवाधिकार क़ानून, सत्यापित जानकारी की सुलभता और यह स्मृति भी कि बहिष्करण, किस तरह से हमारे विनाश की ओर बढ़ने की वजह बन सकती है.इसके मद्देनज़र, उन्होंने नस्लवाद, यहूदीवाद विरोध और अमानवीयकरण के ‘प्लेग’ से निपटने के लिए कार्रवाई पर बल दिया. “हमें विशिष्टतावाद, वर्चस्ववाद और कट्टरता, जहाँ कहीं भी नज़र आएँ, उनका विरोध करना होगा: भोजन की मेज़ पर, कार्यस्थलों पर और सोशल मीडिया पर भी.”उन्होंने कहा कि हम में से हर कोई, भेदभाव और असहिष्णुता से मुक्त दुनिया के निर्माता बन सकते हैं.