-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:44 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भारत में नए यूएन रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर स्टेफ़ान प्रीज़नर ने पदभार सम्भाला

Source: UN News: बुधवार, 21 जनवरी 2026 00:01 AM (IST)
भारत में नए यूएन रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर स्टेफ़ान प्रीज़नर ने पदभार सम्भाला
भारत में संयुक्त राष्ट्र के नए प्रतिनिधि के रूप में स्टेफ़ान प्रीज़नर ने रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर का पद सम्भाल लिया है. उन्होंने शुक्रवार को भारत सरकार के समक्ष औपचारिक रूप से अपने परिचय-पत्र प्रस्तुत किए. स्टेफ़ान प्रीज़नर, रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर के रूप में, देश में संयुक्त राष्ट्र की देशव्यापी टीम के कार्य का नेतृत्व करेंगे. वह राष्ट्रीय विकास की प्राथमिकताओं के समर्थन में काम करेंगे और एक समन्वित संयुक्त राष्ट्र प्रयास के माध्यम से, सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में प्रगति का मार्गदर्शन करेंगे.संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश द्वारा इस पद पर नियुक्त किए गए स्टेफ़ान प्रीज़नर ने, नई दिल्ली में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) राजदूत सिबी जॉर्ज को अपने परिचय पत्र प्रस्तुत किए. इस अवसर पर स्टेफ़ान प्रीज़नर ने कहा, “भारत में यह ज़िम्मेदारी सम्भालना मेरे लिए सम्मान की बात है. भारत की विविधता, ऊर्जा और इतिहास इसे संयुक्त राष्ट्र का एक बहुत महत्वपूर्ण साझीदार बनाते हैं.""हम भारत सरकार और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर और अधिक नज़दीकीके साथ काम करने के लिए तत्पर हैं, ताकि ऐसा समावेशी और टिकाऊ विकास आगे बढ़ाया जा सके, जिसमें कोई भी पीछे नहीं छूटे.” © Ministry of External Affairs, Government of India नव नियुक्त संयुक्त राष्ट्र रेज़िडेंट कोऑर्डिनेटर स्टेफ़ान प्रीज़नर ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) राजदूत सिबी जॉर्ज को अपने परिचय पत्र प्रस्तुत किए. स्टेफ़ान प्रीज़नर इस भूमिका में अन्तरराष्ट्रीय विकास, नीति परामर्श और जटिल बहु-क्षेत्रीय कार्यक्रमों के प्रबंधन का लगभग तीन दशकों का अनुभव लेकर आए हैं. उन्होंने हाल तक, ईरान में यूएन रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर (2021–2025) के रूप में कार्य किया.इससे पहले वह मलेशिया, ब्रुनेई दारुस्सलाम और सिंगापुर के लिए रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर (2017–2021) रह चुके हैं. इसके अलावा, उन्होंने उज़बेकिस्तान में रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर और संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) के स्थानीय प्रतिनिधि (2013–2017) के रूप में भी सेवा दी है.स्टेफ़ान प्रीज़नर ने, अपने करियर के शुरुआती वर्षों में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम में कई वरिष्ठ ज़िम्मेदारियाँ निभाईं. उन्होंने बांग्लादेश में देश निदेशक (2008–2012), बोस्निया और हर्ज़ेगोविना में उप-स्थानीय प्रतिनिधि (2004–2008) और नेपाल में दक्षिण व पश्चिम एशिया के लिए उप-क्षेत्रीय संसाधन सुविधा के उप-प्रमुख (2001–2004) के रूप में कार्य किया.उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में अपना करियर, 1997 में भूटान में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के साथ शुरू किया था. इससे पहले वह निजी क्षेत्र में भी काम कर चुके हैं.ऑस्ट्रिया के नागरिक स्टेफ़ान प्रीज़नर ने अमेरिका के जॉन हॉपकिन्स विश्वविद्यालय से अन्तरराष्ट्रीय सम्बन्धों में परास्नातक और ऑस्ट्रिया के विएना विश्वविद्यालय से विधि में परास्नातक की डिग्री प्राप्त की है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement