-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:54 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सूडान: भीषण टकराव और अकाल के बीच परिवार कगार पर, धन कटौती ने बढ़ाई चुनौती

Source: UN News: सोमवार, 19 जनवरी 2026 00:01 AM (IST)
सूडान: भीषण टकराव और अकाल के बीच परिवार कगार पर, धन कटौती ने बढ़ाई चुनौती
सूडान में परस्पर विरोधी सैन्य बलों के बीच हिंसक टकराव को भड़के हुए 1,000 दिन बीत चुके हैं, जिसकी वजह से यहाँ दुनिया का सबसे बड़ा भूख व विस्थापन संकट उपजा है और फ़िलहाल इसमें कमी आने के कोई संकेत नज़र नहीं आ रहे हैं. इन परिस्थितियों में, सीमित संसाधनों से जूझ रहे संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के लिए ज़रूरतमन्द लोगों तक जीवनरक्षक खाद्य सहायता पहुँचाना एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है. अप्रैल 2023 में लड़ाई शुरू होने के बाद से अब तक, यूएन एजेंसी ने सूडान में एक करोड़ से अधिक लोगों तक आपात खाद्य सामग्री, नक़दी व पोषण सहायता पहुँचाई है, जिनमें अधिकाँश बेहद सम्वेदनशील हालात का सामना कर रहे पुरुष, महिलाएँ व बच्चे हैं. Tweet URL WFP, हर महीने, औसतन 40 लाख लोगों को आपात खाद्य राहत प्रदान कर रहा है, जिनमें दारफ़ूर व कोर्दोफ़ान क्षेत्रों के अलावा, राजधानी ख़ारतूम व अल जज़ीरा में रहने वाले लोग भी हैं. अतीत में इन इलाक़ों में पहुँच पाना कठिन था.आपात तैयारी व प्रतिक्रिया के लिए WFP निदेशक रॉस स्मिथ ने आगाह किया कि बड़ी कठिनाई के साथ सहायता प्रयासों में प्रगति हुई है, मगर अब उनकी दिशा पलट रही है.“WFP को रसद में कटौती करने के लिए मजबूर होना पड़ा है, जोकि अब गुज़र-बसर के लिए पूरी तरह से न्यूनतम है. मार्च के अन्त तक, सूडान में हमारा खाद्य भंडार ख़त्म हो चुका होगा.”उन्होंने कहा कि यदि तत्काल अतिरिक्त सहायता धनराशि हासिल नहीं हुई तो लाखों लोग कुछ ही सप्ताह के भीतर आवश्यक खाद्य सहायता से वंचित हो जाएंगे.पिछले 6 महीनों के दौरान, अकाल का सामना या उसका जोखिम झेल रहे क़रीब 18 लाख लोगों तक, WFP ने नियमित रूप से हर महीने खाद्य सहायता पहुँचाई है.हाल ही में, कोर्दोफ़ान क्षेत्र के कडूग्ली में संयुक्त राष्ट्र के एक संयुक्त क़ाफ़िले समेत अन्य पहल के ज़रिए उन परिवारों तक मदद पहुँचा पाना सम्भव हुआ है, जो पिछले कई महीनों से सहायता से कटे हुए थे.टकराव के 1,000 दिनसूडान की सशस्त्र सेना और अतीत में उसके सहयोगी रहे अर्द्धसैनिक बल (RSF) के बीच अप्रैल 2023 में, देश पर नियंत्रण के मुद्दे पर मतभेदों के बीच हिंसक टकराव भड़क उठा था.पिछले वर्ष 26 अक्टूबर को, RSF ने उत्तर दारफ़ूर प्रान्त की राजधानी अल फ़शर पर, 1.5 साल की घेराबन्दी के बाद, अपना क़ब्ज़ा किया, जहाँ बड़े पैमाने पर विस्थापन और अत्याचारों को अंजाम दिए जाने के आरोप सामने आए. इसके बाद लड़ाई अब कोर्दोफ़ान क्षेत्र में केन्द्रित हो गई है.दो वर्ष से अधिक समय से जारी लड़ाई के बाद, सूडान में 2.1 करोड़ लोग भूख संकट का सामना कर रहे हैं. देश के ऐसे कई हिस्सों में अकाल की पुष्टि की गई है, जहाँ महीनों तक लड़ाई की वजह से सहायताकर्मियों द्वारा खाद्य राहत नहीं पहुँचाई जा सकी. 1.2 करोड़ लोग अपने घर छोड़कर जाने के लिए मजबूर हुए हैं, और यह विश्व में सबसे बड़ा विस्थापन संकट है. WFP सूडान में दो वर्ष से अधिक समय से जारी युद्ध में लाखों लोग हताहत हुए हैं और विशाल स्तर पर खाद्य व विस्थापन संकट उपजा है. समर्थन की अपीलयूएन एजेंसी के अनुसार, सूडान में 37 लाख बच्चे और गर्भवती व स्तनपान करा रही महिलाएँ, कुपोषण का शिकार हैं. हाल के दिनों में कराए गए कुछ सर्वेक्षणों के अनुसार, उत्तर दारफ़ूर प्रान्त में कुछ स्थानों पर रिकॉर्ड स्तर पर कुपोषण का प्रकोप है, जहाँ छोटे बच्चों की आधी से अधिक आबादी इसकी चपेट में है.WFP निदेशक रॉस स्मिथ ने कहा कि लड़ाई जैसे-जैसे हर दिन जारी है, वैसे-वैसे स्थानीय परिवार व समुदाय कगार पर धकेले जा रहे हैं. “हम इस बहाव के रुख़ को मोड़ और अकाल परिस्थितियों को और फैलने से रोक सकते हैं, लेकिन तभी जब हमारे पास सर्वाधिक निर्बल परिवारों को समर्थन देने के लिए रक़म हो.”यूएन एजेंसी ने अपने सहायता अभियान के लिए तत्काल 70 करोड डॉलर की धनराशि की अपील की है, ताकि इस वर्ष, जनवरी से जून महीने के दौरान ज़रूरतमन्द आबादी तक मदद पहुँचाई जा सके.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement