-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:53 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संक्षेप में: म्याँमार में झड़पों में आम नागरिक हताहत, अलेप्पो में 1.2 लाख लोग अब भी विस्थापित

Source: UN News: शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 00:01 AM (IST)
संक्षेप में: म्याँमार में झड़पों में आम नागरिक हताहत, अलेप्पो में 1.2 लाख लोग अब भी विस्थापित
संयुक्त राष्ट्र ने म्याँमार के सगाइंग क्षेत्र व चिन प्रान्त में भीषण झड़पों और हवाई हमलों में बड़ी संख्या में आम नागरिकों के हताहत होने पर गहरी चिन्ता व्यक्त की है. उधर, सीरिया के अलेप्पो शहर में लड़ाई पर विराम लगने के बाद हज़ारों नागरिक अपने घर वापिस लौटे हैं, मगर 1.2 लाख लोग अब भी विस्थापित हैं. इस वर्ष, जनवरी महीने के शुरुआती दिनों में ही म्याँमार की सशस्त्र सेना और हथियारबन्द गुटों के बीच सगाइंग क्षेत्र में टकराव भड़क उठा था, जिसकी वजह से 10 हज़ार लोगों ने भागकर पड़ोसी इलाक़ों में शरण ली है.इसी अवधि में, चिन प्रान्त में भी सरकारी सुरक्षा बलों और सशस्त्र गुटों के बीच झड़पें हुई हैं, जोकि लोगों के विस्थापित होने की वजह बनी हैं.4-6 जनवरी के दौरान, सगाइंग क्षेत्र और चिन प्रान्त के अनेक रिहायशी इलाक़ों में किए गए हवाई हमलों में आम नागरिकों के मारे जाने और उनके घायल होने की जानकारी मिली है. 1 फ़रवरी 2021 को, म्याँमार की सेना ने लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई सरकार को सत्ता से बेदख़ल कर दिया था, जिसके बाद से ही देश, मानवीय व मानवाधिकारों के संकट से जूझ रहा है, जोकि समय बीतने के साथ और अधिक गहरा हुआ है. म्याँमार के अनेक हिस्से हिंसक टकराव की चपेट में हैं.निरन्तर झड़पों, सहायता धनराशि की कमी और मानवीय राहत पहुँचाने के मार्ग में चुनौतियों के बावजूद, संयुक्त राष्ट्र के साझीदार संगठन दुर्गम व प्राथमिकताओं वाले इलाक़ों में राहत पहुँचाने में जुटे हैं. 2026 के लिए मानवतावादी योजना के तहत 89 करोड़ डॉलर की अपील जारी की गई है. म्याँमार में रैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर व मानवतावादी समन्वयक ग्वेन लुईस ने बताया कि सहायता प्रयासों के लिए रक़म की क़िल्लत की वजह से परिवारों को पर्याप्त मदद नहीं मिल पा रही है. इसकी वजह से उन्हें कठिन निर्णय लेने पड़ रहे हैं, वे अक्सर भोजन नहीं कर रहे हैं, ख़तरनाक यात्राएँ करने के लिए मजबूर हैं और गुज़र-बसर के लिए गम्भीर जोखिमों की चपेट में आ रहे हैं. सीरिया: अलेप्पो में 1.2 लाख लोग अब भी विस्थापित © UNOCHA/Ali Haj Suleiman सीरिया के अलेप्पो में हिंसक टकराव के कारण विस्थापित लोग एक क्षतिग्रस्त इलाक़े से गुज़र रहे हैं. सीरिया के अलेप्पो शहर में कुछ दिन पहले कुर्द मिलिशिया और सरकारी सुरक्षा बलों के बीच लड़ाई भड़क उठी थी, जोकि बड़े पैमाने पर लोगों के विस्थापन का कारण बनी. मानवीय सहायता संगठनों के अनुसार, झड़पों पर विराम के बाद 29 हज़ार लोग अपने घर वापिस लौट चुके हैं, हालांकि 1.2 लाख लोग अब भी विस्थापित बताए गए हैं. अलेप्पो के अशरफ़ियेह और ऐश-शेख़ मक़सूद नामक इलाक़ों तक पहुँच के लिए मार्ग भी धीरे-धीरे बेहतर हो रहे हैं, लेकिन विस्फोटक सामग्री के अवशेष अब भी वहाँ बिखरे हैं, जिन्हें हटाने के लिए कोशिशें जारी हैं. क़रीब 30 लाख लोगों के लिए जल आपूर्ति समेत अन्य सेवाओं को भी बहाल किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय स्कूलों को अगले 15 दिनों के लिए बन्द कर दिया गया है. अलेप्पो के अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ानों भी फ़िलहाल स्थगित रहेंगी.ग़ौरतलब है कि सीरिया में क़रीब एक वर्ष पहले पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद के शासन के पतन के बाद, मौजूदा संक्रमणकालीन सरकार के सुरक्षा बलों और कुर्द मिलिशिया के लड़ाकों के बीच झड़पें भड़क उठी थीं. इसकी वजह, इन मिलिशिया को केन्द्रीय प्रशासन के अन्तर्गत लाए जाने की कोशिशों पर मतभेदों को बताया गया है.संयुक्त राष्ट्र अपने साझेदार संगठनों के साथ मिलकर ज़रूरतमन्दों तक आश्रय, स्वास्थ्य, पोषण, खाद्य समर्थन समेत अन्य सेवाओं को पहुँचाने में जुटा है. साथ ही, स्थानीय आबादी की आवाजाही पर भी नज़र रखी जा रही है. सूडान: लड़ाई में आई तेज़ी, मृतकों की बढ़ती संख्या ERR-Taweela सूडान के उत्तर दारफ़ूर प्रान्त में स्थित तवीला में एक विस्थापित परिवार. संयुक्त राष्ट्र मानवतावादी कार्यालय ने सूडान के अनेक हिस्सों में हिंसक टकराव में तेज़ी की वजह से आम नागरिकों के लिए बढ़ते संकट पर अलार्म जारी किया है.स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, उत्तर दारफ़ूर प्रान्त के जरजिरा इलाक़े में ज़मीनी हमले के दौरान कम से कम 19 लोगों की जान गई है. उधर, सूडान के सेन्ना प्रान्त में स्थित सिन्जा में, एक ड्रोन हमले में 10 आम लोग मारे गए हैं, जबकि 9 अन्य घायल हुए हैं.हिंसा की वजह से आम लोग अपने घरों को छोड़कर जाने के लिए मजबूर हैं. अन्तरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) का अनुमान है कि उत्तर दारफ़ूर प्रान्त के कुछ गाँवों से 8 हज़ार से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं.कुछ लोगों ने प्रान्त के अन्य हिस्सों में शरण ली है, जबकि अन्य सूडान की सीमा को पार करके चाड पहुँचे हैं. बीते दो दिनों में, दक्षिण कोर्दोफ़ान क्षेत्र की राजधानी कडूग्ली से 125 लोग विस्थापित हुए हैं, जबकि 300 लोग डिलिंग शहर छोड़कर भाग गए हैं.इसकी वजह बढ़ती असुरक्षा बताई गई है. बड़ी संख्या में परिवारों द्वारा सुरक्षित आश्रय की तलाश में व्हाइट नाइल प्रान्त की ओर जाने की सूचना है.इस बीच, संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) ने आगाह किया है कि उत्तर दारफ़ूर प्रान्त में पोषण की स्थिति स्थिति बिगड़ रह है. पिछले महीने, यूनीसेफ़ और अन्य साझेदार संगठनों ने मिलकर अनेक इलाक़ों में एक सर्वेक्षण कराया, जिसके अनुसार, कुपोषण का स्तर, विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्धारित सीमा (आबादी का 15 प्रतिशत) से कहीं अधिक पहुँच गया है.यूएन मानवतावादी कार्यालय ने सभी पक्षों से एक बार फिर, आम नागरिकों व बुनियादी प्रतिष्ठानों की रक्षा करने, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून का सम्मान करने और ज़रूरतमन्दों तक जल्द से जल्द, सुरक्षित, बेरोकटोक मदद पहुँचाने की अपील दोहराई है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement