-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:48 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हेती: तूफ़ान प्रभावितों के लिए खाद्य सहायता से, स्थानीय परिवारों को मिला सहारा

Source: UN News: शुक्रवार, 16 जनवरी 2026 00:01 AM (IST)
हेती: तूफ़ान प्रभावितों के लिए खाद्य सहायता से, स्थानीय परिवारों को मिला सहारा
हेती के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में, कई रंगों से सजी एक इमारत में स्थित ‘गॉड्स विल डिपो’ नामक एक दुकान में चहल-पहल है. यहाँ खाने-पीने के सामान से भरे बोरे छत तक लगे हुए हैं. इस दुकान के प्रवेश द्वार पर, केटिया नाम की एक महिला अपने परिवार के लिए ख़रीदे गए ज़रूरी सामान का एक बार निरीक्षण कर रही हैं: आटे की एक बड़ी बोरी, पास्ता के पैकेट, डिब्बाबन्द दूध और साबुन की कुछ टिकियाँ. केटिया और उनके पति दोनों पेशे से शिक्षक हैं. पिछले वर्ष अक्टूबर में, कैरीबियाई क्षेत्र में अपने साथ बर्बादी लाने वाले तूफ़ान 'मेलिसा' से पहले तक, वे अपने तीन बच्चों का पालन-पोषण करने में सक्षम थे.लेकिन जब यह तूफ़ान आया, तो उनका तटीय समुदाय 'पेटी गोआव' (Petit Goâve) सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों में था. केटिया बताती है, “मैंने अपने जीवन की हर वस्तु खो दी…फ़र्नीचर, कार, घर में मौजूद सब कुछ…” तूफ़ान के बाद, केटिया और उनका परिवार उन 2.25 लाख लोगों में शामिल हैं, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) से सहायता मिल रही है.उन्हें वाउचर प्रणाली के तहत मदद दी जा रही है, जिसके ज़रिए प्रभावित परिवार चुनिन्दा दुकानों से ज़रूरी सामान ख़रीद सकते हैं. यह कार्यक्रम न सिर्फ़ तूफ़ान से प्रभावित लोगों की मदद करता है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सहारा देता है. © WFP/Sylvain Barral केटिया, वाउचर द्वारा भुगतान की जाने वाली खाद्य सहायता ले रही हैं. हेती में WFP के लिए सप्लाई चेन प्रमुख, शैनन हचांडी ने बताया कि “दुकान में एक इलैक्ट्रॉनिक प्रणाली का प्रयोग किया जा रहा है, जो वहाँ होने वाले सभी लेनदेन को दर्ज करती है, और WFP सीधे दुकानदार को भुगतान करता है.”उन्होंने कहा, “यह प्रभावित परिवारों की मदद करने का एक अच्छा तरीक़ा है, क्योंकि सहायता लेने के लिए किसी वितरण केन्द्र पर जाने के बजाय, सहायता पाने वाले लोग एक सामान्य ग्राहक की तरह बाज़ार जाकर ख़रीदारी कर सकते हैं.”गम्भीर खाद्य असुरक्षा तूफ़ान मेलिसा से पहले ही, सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले आधे से ज़्यादा लोग गम्भीर खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे थे. यह स्थिति उस गहरे मानवीय संकट को दर्शाती है, जिससे हेती पिछले अनेक वर्षों से जूझ रहा है.इस तूफ़ान में 40 से अधिक हेती नागरिकों की मौत हो गई, जबकि अनेक लोगों ने अपने घर, व्यवसाय और निजी सामान खो दिए. छोटे स्तर की खेती पर निर्भर इस क्षेत्र में, कृषि भूमि को भारी नुक़सान पहुँचा और फ़सलें लगभग पूरी तरह नष्ट हो गईं.WFP की खाद्य सहायता यूएन खाद्य एजेंसी ने तूफ़ान से पहले, उसके दौरान और बाद में भी खाद्य सहायता मुहैया कराई है.WFP ने हेती सरकार के साथ मिलकर, मोबाइल फ़ोन के ज़रिये 35 लाख लोगों तक, पूर्व-चेतावनी सन्देश भेजे और लोगों को नकद सहायता दी, ताकि वे तूफ़ान के प्रभाव से निपटने की तैयारी कर सकें और नुक़सान को कम किया जा सके.साथ ही, तूफ़ान के दौरान अस्थाई आश्रय स्थलों में पहुँचे परिवारों को खाद्य राशन उपलब्ध कराए गए. इसके तुरन्त बाद, जब परिवारों ने हुए व्यापक नुक़सान का आकलन करना शुरू किया, तब 15 दिनों के लिए भोजन सामग्री का वितरण भी किया गया.फ़िलहाल, तूफ़ान मेलिसा के बाद सहायता प्राप्त कर रहे हेती के लगभग 10 प्रतिशत आम नागरिक, वाउचर कार्यक्रम से मदद पा रहे हैं, और WFP का लक्ष्य इस पहल का और अधिक विस्तार करना है. © WFP/Sylvain Barral पिछले वर्ष अक्टूबर में, कैरेबियन क्षेत्र से तूफ़ान मेलिसा होकर गुज़ारा था 'जीवन पटरी पर लाने का अवसर'हेती में WFP के कार्यक्रम प्रमुख विल्फ्रेड नक्वाम्बी ने ज़ोर देकर कहा कि वाउचर सिर्फ़ लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का ज़रिया नहीं हैं, बल्कि ये स्थानीय अर्थव्यवस्था में एक नई ऊर्जा का संचार कर रहा है.उन्होंने बताया, “केवल इसी दुकान में, इन कार्यों के लिए यहाँ के मालिक ने 8 अन्य लोगों को रोज़गार दिया है. पेटी गोआव के इस हिस्से में ऐसी 5 और दुकानें हैं, जहाँ कुल मिलाकर 40 लोगों को काम मिला है, जिनमें ज़्यादातर महिलाएँ और युवा हैं.” प्रमुख विल्फ्रेड नक्वाम्बी ने कहा कि यह न सिर्फ़ सहायता पाने वालों के हित में है, बल्कि शहर के व्यापारियों और स्थानीय उत्पादकों के लिए भी सहायक है.साथ ही, WFP, लॉजिस्टिक्स के लिए दैनिक मज़दूरों को काम पर रखता है, जिससे स्थानीय परिवारों के लिए अतिरिक्त आय उत्पन्न होती है, जिससे सहायता के साथ ही आर्थिक सुधार की ओर एक क़दम बढ़ाया गया है.केटिया कहती हैं, “खाद्य वाउचर वितरण की वजह से, आने वाले सप्ताहों में हमें भूख से नहीं जूझना पड़ेगा, और हमारे पास अपना जीवन फिर से बनाने का अवसर है.”

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement