-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:43 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

यूक्रेन: आम लोगों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले, 'अनुचित व पूर्ण रूप से अस्वीकार्य'

Source: UN News: बुधवार, 14 जनवरी 2026 00:01 AM (IST)
यूक्रेन: आम लोगों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले, 'अनुचित व पूर्ण रूप से अस्वीकार्य'
यूक्रेन में आम नागरिकों व बुनियादी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर किए गए हमले, अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून का उल्लंघन हैं. वे पूर्ण रूप से अस्वीकार्य हैं और उन्हें तुरन्त रोका जाना होगा. राजनैतिक एवं शान्तिनिर्माण मामलों के लिए यूएन अवर महासचिव रोज़मैरी डीकार्लो ने सुरक्षा परिषद की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होना चाहिए था और अब इस पर जल्द से जल्द विराम लगाया जाना होगा. कड़ाके की सर्दी के दिनों में रूसी सैन्य बलों के घातक ड्रोन व मिसाइल हमलों से उपजी चिन्ताओं के बीच, सोमवार को यूएन सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई गई. संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने इन हमलों को अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून का एक ऐसा उल्लंघन क़रार दिया है, जोकि अस्वीकार्य है.यूएन अवर महासचिव डीकार्लो ने कहा कि नए साल में भी यूक्रेन के लिए कोई शान्ति या राहत नहीं है, बल्कि नए सिरे से लड़ाई व विध्वंस हो रहा है. “रूसी महासंघ द्वारा देश भर में आम लोगों व नागरिक प्रतिष्ठानों के विरुद्ध बड़े पैमाने पर किए गए हवाई हमलों से भयावह स्तर पर बर्बादी और पीड़ा उपजी है.”उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे तापमान गिर रहा है, रूसी महासंघ, व्यवस्थागत ढंग से यूक्रेन के ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहा है. इन हमलों में बड़ी संख्या में आम नागरिक हताहत हुए हैं और लाखों लोग बिजली, तापन और जल आपूर्ति से वंचित हुए हैं.अवर महासचिव डीकार्लो ने बताया कि 8-9 जनवरी की रात को 242 ड्रोन और 36 मिसाइलों से यूक्रेन पर हमला किया गया. राजधानी कीव में कम से कम 4 लोगों की जान गई और 25 के घायल होने की ख़बर है.इस हमले में हताहत हुए लोगों तक मदद पहुँचाने के लिए आ रहे राहतकर्मी एक और हमले की चपेट में आ गए और अनेक रिहायशी इमारतों व ऊर्जा प्रतिष्ठानों को नुक़सान पहुँचा. उसी दिन, पोलैंड की सीमा के नज़दीक लिविव क्षेत्र में, रूस ने मध्यम दूरी तक मार करने वाली बैलेस्टिक मिसाइल “ओरेशनिक” का इस्तेमाल किया. “2024 के बाद यह दूसरी बार है जब इस विध्वंसक हथियार का को यूक्रेन पर दागा गया.”पिछले कुछ हफ़्तों में, ख़ेरसॉन, दोनेत्स्क, ख़ारकीव, सूमी, ज़ैपोरिझझिया, ओडेसा समेत अन्य शहरों व क्षेत्रों को निशाना बनाया गया है.अवर महासचिव डीकार्लो ने कहा कि यह युद्ध यूक्रेनी लोगों के लिए ऐसी पीड़ा की वजह बना है, जिसे शब्दों में बयाँ नहीं किया जा सकता है. UN Photo/Manuel Elias बयाँ न की जा सकने वाली पीड़ाउन्होंने ध्यान दिलाया कि फ़रवरी 2022 में, रूसी सैन्य बलों द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण किए जाने के बाद से अब तक कम से कम 14,999 लोगों की जान जा चुकी है. इनमें 763 बच्चे हैं. वहीं, 40 हज़ार से अधिक लोग घायल हुए हैं. हताहतों का वास्तविक आँकड़ा इससे कहीं अधिक होने की आशंका है. यूक्रेन के लिए मानवाधिकार निगरानी मिशन ने बताया कि 2022 के बाद, 2025, अब तक आम नागरिकों के लिए सबसे जानलेवा वर्ष साबित हुआ है.उन्होंने ध्यान दिलाया कि महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने इन हमलों की कठोर निन्दा करते हुए कहा है कि आम लोगों व नागरिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर किए गए हमले, अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून का उल्लंघन हैं, पूर्ण रूप से अस्वीकार्य हैं, और उन्हें तुरन्त रोका जाना होगा. “इसमें दोनों देशों में अकल्पनीय संख्या में युवा पुरुषों की जान गई हैं, वैश्विक स्तर पर आर्थिक उथलपुथल मची है और इस क्षेत्र में व उससे परे अस्थिरता पनपी है.”उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि यह युद्ध कभी शुरू ही नहीं होना चाहिए था. “हम शान्ति की दिशा में संयुक्त राज्य अमेरिका व अन्य पक्षों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हैं.”राजनैतिक एवं शान्तिनिर्माण मामलों की प्रमुख ने महासचिव गुटेरेश की अपील दोहराई, जिसमें उन्होंने तत्काल, बिना किसी शर्त के लिए पूर्ण रूप से युद्धविराम लागू करने की बात कही है.उनके अनुसार, यह अन्तरराष्ट्रीय क़ानून व यूएन चार्टर के सिद्धान्तों के सम्मानस्वरूप एक न्यायसंगत, स्थाई शान्ति की दिशा में उठाया गया पहला क़दम होगा.उन्होंने सचेत किया कि यूक्रेन में शान्ति के लिए देश की सम्प्रभुता, स्वाधीनता और क्षेत्रीय अखंडता का ख़याल रखा जाना होगा, उसकी अन्तरराष्ट्रीय रूप से मान्य सीमाओं के भीतर. © UNHCR/Yevheniia Kozun यूक्रेन के ख़ारकीव में हुए हमलों की वजह से बड़ी संख्या में आम नागरिक, बिजली व जल आपूर्ति सेवा से वंचित हो गए. आम लोगों पर जोखिमआपात राहत मामलों के लिए यूएन कार्यालय (OCHA) में मानवतावादी विभाग के निदेशक रमेश राजासिंहम ने सदस्य देशों को हालात से अवगत करते हुए कहा कि यूक्रेन में आम नागरिकों की व्यथा और गहरी हुई है और उनकी हताशा बढ़ रही है.उन्होंने आपात राहत समन्वयक टॉम फ़्लैचर की ओर से जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष की शुरुआत से अब तक, यूक्रेन में स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं पर 11 हमले हो चुके हैं. निदेशक राजासिंहम के अनुसार, किसी सब-स्टेशन, तापन (heating) पाइपलाइन या पम्पिंग स्टेशन के क्षतिग्रस्त होने से उनसे जुड़ी और सेवाएँ भी ठप होने लगती हैं, जिससे आम ज़िन्दगियों पर जोखिम बढ़ता है. “अपनी आवाज़, अपने प्रभुत्व, अपने सम्पर्क व बातचीत का इस्तेमाल कीजिए,” ताकि आम नागरिकों की रक्षा की जा सके और उन तक बेरोकटोक मानवीय सहायता पहुँचाने का मार्ग सुलभ हो.उन्होंने कहा कि मौजूदा आवश्यकताओं के स्तर के अनुरूप ही मानवीय सहायता प्रयासों को आगे बढ़ाया जाना होगा. “जो आम नागरिक इन हमलों को सहन कर रहे हैं, उन्हें चिन्ता व्यक्त करने वाले वक्तव्यों से कहीं अधिक आवश्यकता है.”

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement