Advertisement
यूक्रेन: व्यापक हमलों के बाद, लाखों लोगों के लिए बिजली, तापन, जल आपूर्ति ठप

यूएन स्वास्थ्य एजेंसी के अनुसार, इस वर्ष अब तक, स्वास्थ्य देखभाल केन्द्रों पर 9 हमलों की पुष्टि की जा चुकी है, जिनमें 2 व्यक्तियों की जान गई है और 11 घायल हुए हैं.संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) का कहना है कि यूक्रेन के कई इलाक़ों में हुए इन हमलों में 3 बच्चों के घायल होने की ख़बर है, और लाखों लोगों के लिए हीटिंग, बिजली व जल आपूर्ति रुक गई है.यूनीसेफ़, स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर मरम्मत करने में जुटी है ताकि बच्चों व परिवारों के लिए इन अति-आवश्यक सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके. यूएन मानवतावादी कार्यालय के अनुसार, मध्य यूक्रेन के क्रिवि रिह शहर में, मानवीय सहायताकर्मियों ने प्रभावित आबादी में गर्म भोजन वितरित किया है. इसके अलावा, क्षतिग्रस्त घरों के लिए निर्माण सामग्री भी मुहैया कराई गई है. यह हमला एक ऐसे सप्ताह में हुआ है, जिसमें पूर्वोत्तर में स्थित ख़ारकीव, पूर्व में ड्निप्रो, दक्षिणपूर्व में ख़ेरसॉन पर पहले ही व्यापक हवाई हमले किए जा चुके हैं. हमलों का चिन्ताजनक रुझानयूएन शरणार्थी एजेंसी की प्रवक्ता ऐलिज़ाबेथ आर्न्सडॉर्फ़ हसलूंड ने कहा कि यूक्रेन पर रूसी हमलों में गहनता का रुझान जारी है, जिसे हम पिछले कई महीनों से ज़मीन पर देख रहे हैं. “और यह स्पष्ट है कि ये रुझान अब 2026 में भी जारी है.” यूक्रेन में पिछले कई वर्षों से जारी युद्ध, विशाल हमलों, सर्दी के मौसम की वजह से विकट परिस्थितियों और ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाए जाने से, देश में मानवीय हालात बेहद गम्भीर हैं.यूएन एजेंसी अपने साझेदार संगठनों के साथ मिलकर ज़रूरतमन्दों तक जीवनरक्षक सहायता पहुँचा रही हैं. इसके तहत, परिवारों के लिए आश्रय सम्बन्धी सामान, मनोसामाजिक समर्थन, परामर्श व क़ानूनी सहायता की व्यवस्था की गई है, ताकि वे अपने खोए हुए दस्तावेज़ों को फिर से जुटा सकें. संयुक्त राष्ट्र ने एक बार फिर, यूक्रेन पर रूसी सैन्य बलों के पूर्ण स्तर पर किए गए आक्रमण का अन्त करने की पुकार लगाई है. यह आक्रमण 24 फ़रवरी 2022 को शुरू हुआ था, जिसके बाद से 50 हज़ार आम नागरिकों के मारे जाने या घायल होने की जानकारी है. हालांकि वास्तविक आँकड़ा इससे कहीं अधिक होने की आशंका है.
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


