बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में, आवश्यक होने पर यथासम्भव तकनीकी समर्थन
Source: UN News: बुधवार, 07 जनवरी 2026 00:00 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि यदि आवश्यक हुआ तो, बांग्लादेश में फ़रवरी में होने वाले संसदीय चुनावों में और वहाँ के लोगों द्वारा अपने देश के राजनैतिक भविष्य के लिए अभिव्यक्ति को यथासम्भव तकनीकी समर्थन मुहैया कराया जा सकता है.
ग़ौरतलब है कि बांग्लादेश में, आगामी 12 फ़रवरी को, राष्ट्रीय संसद के चुनाव के लिए मतदान प्रस्तावित है.यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने सोमवार को न्यूयॉर्क में नियमित प्रैस वार्ता में पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र अब किसी देश में अपने पर्यवेक्षक नहीं भेजता, बशर्ते कि यूएन महासभा या सुरक्षा परिषद की तरफ़ से ऐसा करने का शासनादेश सौंपा जाए.प्रवक्ता ने हालाँकि कहा कि किसी सदस्य देश में स्थित यूएन कार्यालय, वहाँ होने वाले चुनावों में अक्सर तकनीकी सहयोग मुहैया कराता है और आवश्यक हुआ तो बांग्लादेश में स्थित यूएन कार्यालय भी ऐसा समर्थन मुहैया करा सकता है.प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने, एक पत्रकार द्वारा उठाए गए सन्दर्भ में, बांग्लादेश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री और बीएनपी की पूर्व अध्यक्ष ख़ालिदा ज़िया की मृत्यु पर शोक भी व्यक्त किया.प्रवक्ता ने कहा, “हम बेगम ख़ालिदा ज़िया के निधन पर उनके परिवार और देश के लोगों के साथ संवेदना व्यक्त करते हैं.”परिवर्तन का दौरबांग्लादेश में सरकारी रोज़गारों में आरक्षण कोटा निर्धारित किए जाने के विरोध में, जुलाई-अगस्त 2024 में विश्वविद्यालय परिसरों में विरोध प्रदर्शन भड़क उठे थे. इस आन्दोलन के दौरान सुरक्षाकर्मियों पर दमनात्मक बल प्रयोग और मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन किए जाने के आरोप लगे थे, जिनमें सैकड़ों लोग मारे गए थे व हज़ारों अन्य घायल हुए थे.इन परिस्थितियों में, तत्कालीन सरकार की प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को इस्तीफ़ा देना पड़ा था और उन्होंने बांग्लादेश छोड़कर भारत में शरण ली थी. इसके बाद, एक अन्तरिम सरकार का गठन हुआ है, और देश फ़िलहाल एक संक्रमण के दौर से गुज़र रहा है.