वेनेज़ुएला में घटनाक्रम से 'अस्थिरता गहराने की आशंका', सुरक्षा परिषद की आपात बैठक
Source: UN News: मंगलवार, 06 जनवरी 2026 00:00 AM (IST)
वेनेज़ुएला में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मदूरो को राजधानी कराकस से हिरासत में लिए जाने की पृष्ठभूमि में, संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा है कि देश की सम्प्रभुता, राजनैतिक स्वतंत्रता व क्षेत्रीय अखंडता का पूर्ण रूप से सम्मान किया जाना होगा. राजनैतिक एवं शान्तिनिर्माण मामलों की अवर महासचिव ने यूएन प्रमुख की ओर से सोमवार को न्यूयॉर्क में सुरक्षा परिषद की आपात बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि क़ानून के शासन को सर्वोपरि रखना होगा. इस बैठक का प्रसारण यहाँ उपलब्ध है.
वेनेज़ुएला में हुए इस घटनाक्रम ने दुनिया भर में हलचल मचा दी है, जिसके बाद कोलम्बिया ने चीन और रूसी महासंघ के समर्थन से सुरक्षा परिषद की बैठक का अनुरोध किया था. यह बैठक अन्तरराष्ट्रीय शान्ति व सुरक्षा के लिए पनपते ख़तरों के एजेंडा के तहत बुलाई गई है.राजनैतिक एवं शान्तिनिर्माण मामलों की प्रमुख रोज़मैरी डीकार्लो ने यूएन महासचिव की ओर से सुरक्षा परिषद को सम्बोधित करते हुए कहा कि वेनेज़ुएला में 3 जनवरी को अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद एक गम्भीर समय में यह बैठक हो रही है.अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने बीते शनिवार को वेनेज़ुएला में की गई इस व्यापक कार्रवाई और राष्ट्रपति निकोलस मदूरो को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी थी. राष्ट्रपति मदूरो को न्यूयॉर्क के एक हिरासत केन्द्र में रखा गया है, और सोमवार को एक अदालत में ड्रग्स तस्करी, हथियार सम्बन्धी अपराधों के मामले में उनकी, अपनी पत्नी सिलिया फ़्लोरेस के साथ पेशी होनी है.
रोज़मैरी डीकार्लो ने ध्यान दिलाया कि वेनेज़ुएला ने इस कार्रवाई को सैन्य आक्रामकता और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उल्लंघन के रूप में परिभाषित किया है, जिससे अन्तरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय शान्ति व सुरक्षा के लिए ख़तरा उपजा है.यूएन की वरिष्ठ अधिकारी ने ज़ोर देकर कहा है कि राष्ट्रीय, सम्प्रभुता, राजनैतिक स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा की जानी होगी.वेनेज़ुएला का भविष्य दाँव परअवर महासचिव डीकार्लो ने चिन्ता जताई कि वेनेज़ुएला के तात्कालिक भविष्य के बारे में निश्चितता कम है, इससे अस्थिरता गहराने और क्षेत्र पर असर पड़ने की आशंका है, और यह एक ख़तरनाक चलन की वजह बन सकती है.उन्होंने महासचिव के वक्तव्य को पढ़ते हुए कहा कि अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के लिए सम्मान को दिशानिर्देशक सिद्धान्त बनाए रखना होगा. 3 जनवरी को हुई सैन्य कार्रवाई में बल प्रयोग के लिए निर्धारित नियमों का सम्मान नहीं किया गया है.यूएन प्रमुख ने ध्यान दिलाया है कि यूएन चार्टर में स्पष्ट रूप से किसी अन्य देश की क्षेत्रीय अखंडता, राजनैतिक स्वतंत्रता के विरुद्ध ताक़त के इस्तेमाल या उसकी धमकी दी जानी निषिद्ध है.समावेशी सम्वाद पर बलउन्होंने बताया कि पिछले कई दशकों से चली आ रही राजनैतिक, सामाजिक व आर्थिक उथलपुथल की वजह से लाखों लोग देश छोड़कर भागने के लिए मजबूर हुए हैं. “फ़िलहाल स्थिति बहुत गम्भीर है, लेकिन एक कहीं अधिक व्यापक और विध्वसंक टकराव को रोकना अब भी सम्भव है.”इसके मद्देनज़र, उन्होंने समावेशी सम्वाद को बढ़ावा देने, सम्प्रभुता, राजनैतिक स्वतंत्रता व क्षेत्रीय अखंडता पर बल दिया, और कहा कि क़ानून की शक्ति को सुनिश्चित करना होगा. महासचिव गुटेरेश ने कहा कि जब कोई स्थिति इतनी जटिल हो, तो सिद्धान्तों का पालन करना ही सबसे अहम है, और क़ानून की शक्ति को सुनिश्चित किया जाना होगा.उन्होंने बताया कि अन्तरराष्ट्रीय क़ानून में मानवाधिकार चिन्ताओं से लेकर अवैध तस्करी और संसाधनों पर विवाद से जुड़े मुद्दों से निपटने के लिए उपकरण हैं, और हमें इसी रास्ते पर चलना होगा.