लेबनान: ब्लू लाइन के निकट गोलीबारी, एक यूएन शान्तिरक्षक घायल
Source: UN News: रविवार, 28 दिसम्बर 2025 00:00 AM (IST)
लेबनान के दक्षिणी इलाक़े में, 'नीली रेखा' के दक्षिणी तरफ़ से इसराइली सैनिकों द्वारा की गई भारी गोलीबारी में, संयुक्त राष्ट्र के एक शान्तिरक्षक के घायल होने की ख़बर है. इस घटना के बाद पास में ही एक हथगोले का विस्फोट भी हुआ जिसका प्रभाव, संयुक्त राष्ट्र के एक गश्ती दल तक भी पहुँचा.
यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने शुक्रवार शाम को पत्रकारों को भेजे एक सन्देश में बताया कि यह घटना उस समय हुई, जब संयुक्त राष्ट्र के अन्तरिम बल (UNIFIL) का एक गश्ती दल, लेबनान के दक्षिण में स्थित बस्तारा गाँव में एक सड़क अवरोध का निरीक्षण कर रहा था.ग़ौरतलब है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित ‘नीली रेखा’, लेबनान की दक्षिणी सीमा के साथ लगभग 120 किलोमीटर तक फैली हुई है. यह रेखा, लेबनान के दक्षिणी इलाक़े से इसराइल की वापसी की पुष्टि करने के लिए एक “निकासी रेखा” के रूप में कार्य करती है.एक अन्य घटना में, UNIFIL के एक और गश्ती दल ने शुक्रवार को ही, उनके स्थान के पास, कफ़र शौबा गाँव के निकट, ‘नीली रेखा’ के दक्षिण की तरफ़ से मशीनगन गोलीबारी होने की जानकारी दी.यूएन प्रवक्ता दुजैरिक ने कहा, “UNIFIL ने, इन क्षेत्रों में गतिविधियों के बारे में इसराइल रक्षा बलों को पहले से सूचित किया था, जैसा कि ‘नीली रेखा’ के पास संवेदनशील क्षेत्रों में, गश्ती दलों के लिए सामान्य रूप से किया जाता है.”उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में मिशन के कार्यक्षेत्र में, स्थानीय लोगों द्वारा UNIFIL की गतिविधियों को रोकने वाली घटनाएँ भी सामने आई हैं.यूएन प्रवक्ता ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र के शान्तिरक्षकों की सुरक्षा को ख़तरे में डालने वाला कोई भी क़दम बिल्कुल अस्वीकार्य है.”उन्होंने कहा, “हम सभी पक्षों से दोहराते हुए अपील करते हैं कि वे ऐसे किसी भी क़दम से परहेज़ करें, जो शान्तिरक्षकों की भलाई को ख़तरे में डाले या सुरक्षा परिषद के संकल्प 1701 के कार्यान्वयन में उनके निर्धारित कर्तव्यों में बाधा डालें.”यूएन प्रवक्ता ने सभी पक्षों को शान्तिरक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उनकी जिम्म़ेदारी के बारे में भी याद दिलाया है.