सीरिया लोगों के साहस की सराहना, देश का भविष्य स्वतंत्र, सम्प्रभु और एकजुट हो
Source: UN News: मंगलवार, 09 दिसम्बर 2025 00:01 AM (IST)
सीरिया में पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद के शासन का अन्त होने का एक वर्ष होने के अवसर पर, देश के लोगों के साहस और सहनसक्षमता की सराहना की गई है और देश की सत्ता परिवर्तन प्रक्रिया को मज़बूत बनाए जाने की पुकार लगाई गई है.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने 8 दिसम्बर को असद शासन के पतन का एक वर्ष होने के अवसर पर, इस दिन को सीरियाई लोगों के बलिदानों को सम्मानित करने और उन्हीं आकांक्षाओं में फिर से जान फूँकने का अवसर क़रार दिया है जिन्होंने देश में ऐतिहासिक परिवर्तन के लिए ऊर्जा मुहैया कराई थी.ग़ौरतलब है कि 8 दिसम्बर 2024 को तत्कालीन राष्ट्रपति बशर अल असद, देश में जारी विद्रोह के सामने अपनी सत्ता छोड़कर, देश से बाहर चले गए थे.यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने रविवार को जारी एक वक्तव्य में, सीरियाई लोगों की सहनशीलता व हिम्मत की सराहना की है, जिन्होंने अकल्पनीय कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद, कभी भी उम्मीद का दामन नहीं छोड़ा.उन्होंने बीते एक वर्ष को इस बात का सबूत बताया कि जब सीरियाई लोगों को सशक्त बनाया जाए और उन्हें स्वयं द्वारा किए जाने वाले परिवर्तन के लिए समर्थन मुहैया कराया जाए तो, सार्थक बदलाव सम्भव है.बहुत बड़ी है ज़िम्मेदारीयूएन प्रमुख ने अपने वक्तव्य में कहा है, “भविष्य में जो सामने आने वाला है वो राजनैतिक परिवर्तन मात्र से कहीं अधिक है; ये एक अवसर है – बिखरे हुए समुदायों को फिर से अपने पैरों पर खड़े करने का और मतभेदों की गहरी खाइयों को पाटने का.”“यह अवसर है – एक ऐसा देश बनाने का जहाँ हर एक सीरियाई, सुरक्षा, समानता और सम्मान के साथ जीवन जी सकें - अपनी जातीयता, धर्म, लैंगिक पहचान या राजनैतिक प्राथमिकताओं की परवाह किए बिना.”संयुक्त राष्ट्र, दिसम्बर 2024 में असद शासन के पतन के बाद से ही, सीरियाई अधिकारियों और सिविल सोसायटी के साथ मिलकर, देश में स्थिरता लाने और एक समावेशी सरकार के गठन के लिए आधार तैयार करने में मदद के लिए काम करता रहा है.संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों में, अनिवार्य सेवाओं की बहाली, मानवीय सहायता का दायरा बढ़ाने, और शरणार्थियों व विदेशों से सीरियाई लोगों की वापसी के लिए अनुकूल हालात बनाने में मदद करना भी शामिल है.इस बीच यूएन शरणार्थी एजेंसी – UNHCR ने बताया है कि दिसम्बर 2024 के बाद से, विदेश मे रहने वाले 10 लाख से भी अधिक सीरियाई लोग, स्वदेश वापिस लौट चुके हैं.इनके अलावा ऐसे 20 लाख लोग भी अपने स्थानों को वापिस लौटे हैं, जो देश के भीतर ही विस्थापित हो गए थे.वैश्विक समर्थन की पुकारएंतोनियो गुटेरेश ने अन्तरराष्ट्रीय समुदाय से, सीरिया में देश के लोगों के नेतृत्व में हो रही सत्ता परिवर्तन प्रक्रिया को दृढ़ समर्थन देने का आहवान किया है.इस बीच सीरिया पर संयुक्त राष्ट्र के स्वतंत्र जाँच आयोग ने, इस अवसर पर, सीरिया के लोगों को, पिछले दश के दौरान किए गए अपराधों और मानवाधिकार उल्लंघनों से निपटने के लिए उठाए क़दमों के लिए बधाई दी है.आयोग ने परिवर्तन काल के दौरान न्याय और लापता व्यक्तियों के लिए राष्ट्रीय संस्थाओं के गठन का भी स्वागत किया है.आयोग ने साथ ही आगाह भी किया है कि सीरिया के अनेक प्रान्तों में जारी असुरक्षा और तब-तब भड़की हिंसा के माहौल में, परिवर्तन की प्रक्रिया बहुत नाज़ुक बनी हुई है.इस आयोग का गठन, अगस्त 2011 में यूएन मानवाधिकार परिषद ने किया था, जिसे सीरिया में मार्च 2011 के बाद से अन्तरराष्ट्रीय मानवाधिकार क़ानून के उल्लंघनों की जाँच करने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी.