जोखिमों के बावजूद, उद्योग निर्माण के लिए, युवा उद्यमियों का संकल्प
Source: UN News: शनिवार, 29 नवम्बर 2025 00:01 AM (IST)
आमजन व पृथ्वी की भलाई के लिए प्रयासरत उद्योगों में, युवजन अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं और अक्सर जोखिमों को झेलते हुए अपने उद्यमों को सफल बनाने में जुटे हैं. सऊदी अरब की राजधानी रियाद में आयोजित वैश्विक उद्योग सम्मेलन में बुधवार को ‘भावी पीढ़ी दिवस’ (Generation Future Day) मनाया गया, जिसमें युवाओं की इसी भूमिका पर ध्यान केन्द्रित किया गया.
रियाद में यह शिखर बैठक, संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन (UNIDO) का 21वाँ महासम्मेलन है, जिसमें बुधवार को, युवजन की आवाज़ों व विचारों को और बड़े स्तर पर सुने व साझा किए जाने का संकल्प भी लिया गया. नवस्थापित व्यवसायों (startups) के विफल होने की दर लगभग 90 प्रतिशत होती है. और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए इस उथलपुथल भरे समय में युवा यह मान लें कि नई कम्पनी शुरू करना एक जोखिम भरा काम होगा, तो इस आशंका को समझा जा सकता है.बिज़नेस मैनेजमेंट के छात्र डेनियल वू ने बताया कि आम लोगों के जीवन में बेहतरी लाने की सम्भावना 10 फ़ीसदी है. वह एक आशावादी के तौर पर आधे गिलास को भरा हुआ देखते हैं.“यदि कोई भी इस 10 प्रतिशत अवसर को नहीं लेगा, तो फिर भविष्य में कोई भी सफल नहीं होने जा रहा है.”डेनियल वू का प्रोजेक्ट, ग्रामीण युवाओं के लिए एक डिजिटल कौशल प्लैटफ़ॉर्म को तैयार करना है, जो उन्हें कृत्रिम बुद्धिमता (एआई) और सॉफ़्टवेयर कौशल के बारे में पढ़ाएगा.यूएन औद्योगिक विकास संगठन (UNIDO) द्वारा संचालित एक प्रतिस्पर्धा में उनका यह प्रोजेक्ट अन्तिम चरण के लिए चुना गया, जिससे उन्हें रियाद में इस शिखर बैठक में हिस्सा लेने का मौक़ा मिला.डेनियल वू ने बुधवार को युवजन संसद पर केन्द्रित एक सत्र में शिरकत की, जहाँ UNIDO और सऊदी अरब के औद्योगिक व खनिज संसाधन मंत्रालय ने वैश्विक चर्चा का आयोजन किया.रियाद में हो रही इस औद्योगिक शिखर बैठक में हिस्सा लेने के लिए अनेक युवा व्यवसायी जुटे हैं, जो अपना दायरा बढ़ाने, नीतिनिर्धारकों, निवेशकों व कम्पनियों से जुड़ने के लिए उत्साहित हैं.इस कार्यक्रम में सिलसिलेवार ढंग से इंटरएक्टिव सम्वाद का आयोजन हुआ, जिसमें युवा प्रतिनिधियों ने नवीकरणीय ऊर्जा, सतत अर्थव्यवस्था के लिए तौर-तरीक़ों और डिजिटल विनिर्माण के क्षेत्र में समाधानों को पेश किया.यह आदान-प्रदान, नीतिनिर्माताओं और उद्योग जगत के नेताओं के लिए युवा उद्यमियों के साथ सीधे बातचीत करने का अवसर था, और विविध क्षेत्र में उनके समाधानों को बड़े स्तर पर ले जाने के लिए भी.
UN News/Conor Lennon
व्यवसाय प्रबन्धन के छात्र डेनियल वू, ग्रामीण युवाओं के लिए एक डिजिटल कौशल प्लैटफ़ॉर्म तैयार कर रहे हैं.
‘हम जानते हैं कि हमारी पीढ़ी किस तरह से सोचती है’मगर, जिस तरह स्टार्टअप कम्पनियों के विफल होने के आँकड़े हैं, उस पृष्ठभूमि में इन युवा व्यवसायियों के लिए अपनी सकारात्मकता को बनाए रखना ज़रूरी है.डेनियल वू ने कहा कि इससे उनकी मंशा पर कोई असर नहीं पड़ता है. उनका मानना है कि युवजन, निवेश करने लायक हैं और वे अनूठी दृष्टि व परिप्रेक्ष्य पेश कर सकते हैं.“हम कम्पयूटर, इन्टरनैट के साथ पले-बढ़े, और हम जानते हैं कि लोग किस तरह से विभिन्न प्रकार की सामग्री के साथ जुड़ते हैं. हमें अच्छी समझ है कि हमारी पीढ़ी, जोकि बाज़ार का अगला एक बड़ा वर्ग है, वो किस तरह से सोचती है, और इसी वजह से पुराने निवेशकों की तुलना में हम बेहतर ढंग से आगे हैं.”युवा पीढ़ी के लिए समर्पित एक दिन के ज़रिए, वैश्विक उद्योग शिखर बैठक ने एक स्पष्ट संकेत दिया है: उद्योग जगत का भविष्य न केवल स्थापित व्यवसायियों के द्वारा तय किया जाएगा, बल्कि अगली पीढ़ी की सृजनात्मकता, संकल्प व सहनसक्षमता की भी इसमें भूमिका होगी. रियाद में, उस भविष्य को एक शक्तिशाली आवाज़ दी गई.रियाद शिखर बैठक में ‘भावी पीढ़ी दिवस’इस दिवस का उद्देश्य नवाचारी समाधानों के लिए सक्रिय युवा व्यवसायियों, उद्यमियों व बदलाव ला रहे लोगों को सशक्त बनाना और उनके परिप्रेक्ष्यों को उद्योग जगत में सम्वाद में शामिल करना है.‘युवा नवाचार चुनौती’ (Youth Innovation Challenge) एक अहम आकर्षण रहा, जिसमें वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए व्यवहारिक परियोजनाओं पर ध्यान केन्द्रित किया गया. इनमें सतत कृषि के लिए एआई उपायों के इस्तेमाल से लेकर समुदाय-आधारित नवीकरणीय ऊर्जा प्रणालियों पर पहल पेश की गईं. विजेताओं को UNIDO व उनके साझेदार नैटवर्क से समर्थन प्राप्त होगा.इस दिवस पर ‘जनरेशन फ़्यूचर नैटवर्क’ को भी स्थापित किया गया, जिसके ज़रिए युवाओं को परामर्शदाताओं, निवेशकों और नीतिनिर्माताओं से जोड़ा जाएगा. इस नैटवर्क का उद्देश्य, शिखर बैठक के बाद भी पारस्परिक सम्पर्क व तालमेल को बनाए रखना है, ताकि औद्योगिक नीतियों में युवाओं की भागेदारी जारी रह सके.