-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:50 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

नाइजीरिया: सामूहिक अपहरण मामलों में आई तेज़ी पर गहरी चिन्ता, जवाबदेही की मांग

Source: UN News: गुरुवार, 27 नवम्बर 2025 00:01 AM (IST)
नाइजीरिया: सामूहिक अपहरण मामलों में आई तेज़ी पर गहरी चिन्ता, जवाबदेही की मांग
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (OHCHR) ने नाइजीरिया में बड़े पैमाने पर अपहरण मामलों को अंजाम दिए जाने पर स्तब्धता प्रकट की है. यूएन कार्यालय ने विद्रोही गुटों के हमलों में हुई वृद्धि के बीच ऐसी घटनाओं की जाँच और दोषियों की जवाबदेही तय किए जाने का आग्रह किया है. नाइजीरिया के चार प्रान्तों, निजेर, केब्बी, क्वारा और बोर्नो में 17 अक्टूबर के बाद से अब तक कम से कम 402 लोगों को अग़वा कर लिए जाने की ख़बर है, जिनमें अधिकाँश स्कूली बच्चे हैं.इनमें से केवल 88 बच्चों को ही या तो छोड़ा गया है या फिर वे अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भाग पाने में सफल हुए हैं. Tweet URL यूएन मानवाधिकार कार्यालय प्रवक्ता थमीन अल-ख़ीतान ने मंगलवार को जिनीवा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान नाइजीरिया में सामूहिक अपहरण की इन घटनाओं में आई तेज़ी पर गहरी चिन्ता जताई है.उन्होंने नाइजीरियाई प्रशासन के नाम जारी अपनी अपील में अग़वा किए गए सभी लोगों की अपने परिवार में सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है.साथ ही, इन अपहरण घटनाओं को रोके जाने के लिए हरसम्भव क़ानूनी क़दम उठाने होंगे और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाना होगा. इसके लिए, यूएन कार्यालय प्रवक्ता ने तुरन्त, निष्पक्ष ढंग से जाँच पर बल दिया है.बढ़ती भूख, सुरक्षा ख़तरेविश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने आगाह किया है कि विद्रोही गुटों के इन हमलों में आई तेज़ी से क्षेत्रीय अस्थिरता के लिए ख़तरा है और इससे भूख की समस्या भी गम्भीर होती जा रही है.नवीनतम विश्लेषण के अनुसार, लगभग 3.5 करोड़ लोगों के अगले वर्ष जून से अगस्त महीने के दौरान गम्भीर खाद्य असुरक्षा की चपेट में आने का जोखिम है. नाइजीरिया के इतिहास में यह अब तक सबसे अधिक संख्या होगी.यूएन एजेंसी ने बताया कि इस वर्ष विद्रोही गुटों की गतिविधियों व हमलों में तेज़ी आई है.पिछले महीने, अल क़ायदा के सहयोगी गुट ‘जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुसलिमिन’ ने कथित तौर पर नाइजीरिया में अपना पहला हमला किया था. वहीं, ‘इस्लामिक स्टेट इन वैस्ट अफ़्रीका’ नामक एक अन्य गुट, अफ़्रीका के सहेल क्षेत्र में अपने विस्तार की कोशिशों में जुटा है.नाइजीरिया में WFP के देशीय निदेशक व प्रतिनिधि डेविड स्टीवन्सन ने बताया कि बार-बार होने वाले हमलों व आर्थिक दबाव के कारण समुदाय गहरे दबाव में हैं.उन्होंने कहा कि यदि हम परिवारों का पेट भरने और खाद्य असुरक्षा से निपटने के प्रयास नहीं कर पाए तो फिर बढ़ती हताशा की वजह से विद्रोही गुट, अस्थिरता को और हवा दे सकते हैं.वे अपने प्रभाव को बढ़ाने के लिए भूख का इस्तेमाल कर रहे हैं, और एक ऐसा सुरक्षा ख़तरा पनप रहा है, जिसका विस्तार पश्चिम अफ़्रीका व उससे परे तक है.लाखों ज़िन्दगियों पर जोखिमयूएन खाद्य एजेंसी ने सचेत किया कि नाइजीरिया का उत्तरी हिस्सा, पिछले एक दशक में अपने सबसे गम्भीर भूख संकट का सामना कर रहा है और ग्रामीण इलाक़ों में खेती पर निर्भर परिवार सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं.एक अनुमान के अनुसार, देश के अनेक प्रान्तों में 60 लाख से अधिक लोग अगले वर्ष संकट स्तर पर भूख का सामना कर सकते हैं. बोर्नो प्रान्त में 15 हज़ार से अधिक लोगों पर विनाशकारी स्तर पर, अकाल जैसी परिस्थितियों का जोखिम है.नाइजीरिया में कठिन परिस्थितियों के बीच, यूएन एजेंसी को सहायता धनराशि की क़िल्लत से जूझना पड़ रहा है, जिसकी वजह से देश के पूर्वोत्तर हिस्से में पोषण कार्यक्रमों का स्तर घटाया गया था.WFP ने चेतावनी दी है कि आपात भोजन और पोषण सहायता के लिए रक़म इस वर्ष दिसम्बर महीने तक समाप्त होने की आशंका है, और इस स्थिति में अगले वर्ष लाखों लोग आवश्यक समर्थन से वंचित हो जाएंगे.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement