स्रेब्रेनीत्सा का पुष्प: जनसंहार पीड़ितों की याद और न्याय की आवाज़ का प्रतीक
Source: UN News: गुरुवार, 20 नवम्बर 2025 00:01 AM (IST)
स्रेब्रेनीत्सा जनसंहार के पीड़ितों की याद में, एक 12 वर्षीय लड़के और उसकी दादी ने, न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक पुष्प स्मारक का उद्घाटन किया है. यह स्मारक 1995 के जनसंहार और उसे रोकने में संयुक्त राष्ट्र की विफलता की स्थाई याद के रूप में स्थापित किया गया है. यह स्मारक एक पुष्प के आकार का है.
यूएन मुख्यालय में, सोमवार को स्रेब्रेनीत्सा और ज़ेपा की माताओं के संघ की अध्यक्ष मुनीरा सुबाशिच ने इस पुष्प स्मारक के उदघाटन अवसर पर कहा कि “हमारे बच्चों की हत्या सिर्फ़ इसलिए कर दी गई क्योंकि उनके नाम अलग थे, उन्हें अलग पहचान से बुलाया जाता था, और वे मुस्लिम थे.”मुनीरा पिछले 30 वर्षों से, 8 हज़ार से अधिक उन बोसनियाई मुस्लिम पुरुषों और लड़कों के लिए न्याय की मांग कर रही हैं, जिन्हें संयुक्त राष्ट्र-सुरक्षित घोषित किए गए स्रेब्रेनीत्सा क्षेत्र में मार दिया गया था.‘हम अब भी यहाँ हैं’मुनीरा सुबाशिच ने कहा, “यह फूल इस बात का प्रतीक है कि हम अब भी यहाँ हैं और हमारी संख्या और बढ़ेगी.”मार्बल के इस फूल में 11 सफ़ेद पंखुड़ियाँ हैं और केन्द्र में हरे रंग का इस्तेमाल किया गया है. पंखुड़ियाँ 11 जुलाई की तारीख़ को दर्शाती हैं, जो स्रेब्रेनीत्सा में 1995 के जनसंहार के चिन्तन और स्मरण के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित अन्तरराष्ट्रीय दिवस है.वहीं, सफ़ेद रंग, पीड़ितों के निर्दोष होने को दर्शाता है, जबकि हरा रंग, मुसलमानों की मौत के बाद उन्हें पहनाए जाने वाले कफ़न के साथ-साथ, नव विकास और उम्मीद का प्रतीक है.सुबाशिच ने कहा कि 1995 की भयावहताओं के बावजूद जीवित बचे लोगों ने “अपने बच्चों को बिना बदले, बिना नफ़रत के पाला,” और उन्हें नई पीढ़ी बताया.इस कार्यक्रम में, नई पीढ़ी का प्रतिनिधित्व उनका 12 वर्षीय पोता केरीम कर रहा था. करीम ने 1995 में अपने दादा, परदादा और परिवार के 70 अन्य सदस्यों को खो दिया था.
UN Photo/Eskinder Debebe
लड़ाई जारी रहनी चाहिए…केरीम ने अपनी दादी के बारे में बात करते हुए यूएन न्यूज़ से कहा, “मुझे उन पर गर्व है. वे प्रेरणास्रोत हैं. मैं उम्मीद करता हूँ कि वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगी, ताकि किसी को भी यह फिर कभी झेलना नहीं पड़े.”उन्होंने कहा कि वह और उसके दोस्त इस बारे में बात नहीं करते, क्योंकि उनके सभी रिश्तेदार इस घटना में मारे गए थे और यह उनके लिए “बहुत दुखद” है.संयुक्त राष्ट्र की उप महासचिव आमिना मोहम्मद ने, इस समारोह में कहा कि नया स्मारक, इतिहास की अनदेखी, उसे तोड़-मरोड़ कर पेश करने और इतिहास को बदलने की कोशिशों का जवाब है.उन्होंने कहा, “तथ्यों को नकारना, स्वयं मानवता पर एक हमला है. यह इतिहास को ग़लत रूप में पेश करता है, पीड़ितों को अमानवीय बनाता है और उन विभाजनों को गहरा करता है जो भविष्य में अत्याचारों का रास्ता गढ़ते हैं.”जनसंहार रोकथाम मुद्दे पर यूएन महासचिव के विशेष सलाहकार चलोका बेयानी ने, मुनीरा सुबाशिच और हज़ारों अन्य माताओं की आवाज़ को “पीड़ितों के प्रति प्रेम और स्मरण का कार्य” बताया और इसे भविष्य में किसी भी जनसंहार को रोकने के प्रति वैश्विक प्रतिबद्धता क़रार दिया.
UN Photo/Eskinder Debebe
स्रेब्रेनीत्सा और रवांडास्रेब्रेनीत्सा पुष्प स्मारक, बोसनिया हरज़ेगोविना की ओर से, संयुक्त राष्ट्र सचिवालय को एक उपहार है, जो स्रेब्रेनीत्सा जनसंहार की स्मृति और संयुक्त राष्ट्र के वृहत्तर सम्पर्क प्रयासों का हिस्सा है.यह स्मारक एक अन्य जनसंहार स्मारक के पास स्थित है: क्विबूका फ़्लेम (Kwibuka flame), जो 1994 में रवांडा में तुत्सी समुदाय के ख़िलाफ़ हुए जनसंहार के पीड़ितों और जीवित बचे हुए लोगों की याद दिलाता है.