-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:57 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

योरोप में वृद्धजन अधिक तो मध्य एशिया में युवा, भविष्य के संकेत

Source: UN News: गुरुवार, 13 नवम्बर 2025 00:01 AM (IST)
योरोप में वृद्धजन अधिक तो मध्य एशिया में युवा, भविष्य के संकेत
योरोपीय क्षेत्र की आबादी की उम्र ढलती जा रही है जबकि मध्य एशिया के कुछ हिस्सों में युवाओं की जनसंख्या में उछाल दर्ज किया जा रहा है. संयुक्त राष्ट्र की एक नई रिपोर्ट दर्शाती है कि आबादी के इन रुझानों से पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं व समाजों की तस्वीर बदल कर रख देने वाले बदलाव हो सकते हैं. Tweet URL योरोपीय क्षेत्र के लिए यूएन आर्थिक आयोग (UNECE), संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) और अन्तरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) ने अपने एक नए अध्ययन में ऐसी नीतियों को अपनाने की पैरवी की है, जिनसे स्थानीय अर्थव्यवस्थाएँ और अधिक समावेशी व सहनसक्षम बनें.यूएन एजेंसियों का कहना है कि अभूतपूर्व जनसांख्यिकी बदलावों को ध्यान में रखते हुए श्रम बाज़ारों को और अधिक समावेशी बनाए जाने की आवश्यकता है. इसके तहत, कार्यबल में उन समूहों की भागेदारी आवश्यक होगी, जिन्हें फ़िलहाल कामकाजी दुनिया में समुचित प्रतिनिधित्व हासिल नहीं है.सोमवार को प्रकाशित इस विश्लेषण में आगाह किया गया है कि योरोप की जनसंख्या सिकुड़ रही है, कामकाजी आबादी की आयु बढ़ रही है, और बच्चों के पैदा होने की दर कम है.इससे स्थानीय स्वास्थ्य प्रणाली, पेंशन व्यवस्था व श्रम बाज़ारों पर दबाव बढ़ता जा रहा है.वहीं, मध्य एशिया में युवा आबादी का आकार बढ़ रहा है, जिससे अवसरों के साथ-साथ अनेक चुनौतियाँ हैं, चूँकि युवा जनसंख्या के लिए निरन्तर उपयुक्त रोज़गार व शिक्षा की व्यवस्था की जानी होगी.विशेषज्ञों ने कहा है कि देशों को निरन्तर यह विचार करना होगा कि भविष्य की चुनौतियों के लिए किस प्रकार से तैयारी की जा सकती है.यूएन अध्ययन के अनुसार, जनसांख्यिकी बदलाव, केवल आँकड़े भर नहीं हैं. ये बताते हैं कि समाजों को किस तरह बदलावों के अनुरूप ढलना ज़रूरी है, ताकि आयु व पृष्ठभूमि से परे जाकर, हर किसी को आर्थिक प्रगति का लाभ मिल सके और हर व्यक्ति इसमें अपना योगदान भी दे सके.यह ज़रूरी है कि गुणवत्तापूर्ण रोज़गारों की सुलभता बढ़ाई जाए, महिलाओं, प्रवासियों और वृद्धजन को कामकाजी वर्ग में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जाए, और जीवन पर्यन्त सीखने-सिखाने व सामाजिक संरक्षा उपायों में निवेश हो.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement