-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:43 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संक्षिप्त: यूक्रेन पर रूसी हमलों में 20 की मौत, लेबनान में ब्लू लाइन क्षेत्र में स्थिति पर चिन्ता

Source: UN News: गुरुवार, 30 अक्टूबर 2025 00:01 AM (IST)
संक्षिप्त: यूक्रेन पर रूसी हमलों में 20 की मौत, लेबनान में ब्लू लाइन क्षेत्र में स्थिति पर चिन्ता
यूक्रेन में यूएन मानवीय सहायताकर्मियों ने कहा है कि रूसी सैन्य बलों द्वारा किए गए हमलों में 160 से अधिक आम लोगों के हताहत होने, और घरों व ऊर्जा प्रतिष्ठानों को क्षति पहुँचने की ख़बर है. उधर यूएन प्रवक्ता ने, इसराइल और लेबनान के सैन्य बलों को अलग करने वाली सीमा रेखा, ‘ब्लू लाइन’ के इर्दगिर्द स्थिति पर चिन्ता जताई है. यूक्रेन में बीते सप्ताहान्त और सोमवार सुबह को हुए रूसी सैन्य हमलों में, अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, 20 से अधिक लोग मारे गए हैं और 140 से अधिक आम लोग घायल हुए हैं, जिनमें अनेक बच्चे भी हैं.साथ ही, घरों व ऊर्जा प्रतिष्ठानों को क्षति पहुँचने की ख़बर है.ड्निप्रो, दोनेत्स्क, ख़ारकीव, ख़ेरसॉन, कीव, सूमी, ज़ैपोरिझझिया क्षेत्र, रूस के नवीन हमलों से सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं. इस बीच, दोनेत्स्क क्षेत्र में लड़ाई के अग्रिम मोर्चे वाले इलाक़ों से आम लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाने के प्रयास जारी हैं. 24-26 अक्टूबर के दौरान, 900 से अधिक लोगों को अन्य स्थानों पर भेजा गया है.यूक्रेन मानवतावादी कोष ने बताया है कि सर्दी के मौसम से पहले स्थानीय और राष्ट्रीय ग़ैर-सरकारी संगठनों के समर्थन से लोगों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थलों और पुनर्वास केन्द्रों की व्यवस्था की जा रही है.इस वर्ष, मई महीने से अब तक ख़ारकीव क्षेत्र के लिए 1.3 करोड़ डॉलर की धनराशि मुहैया कराई गई है, ताकि हिंसक युद्ध के अग्रिम मोर्चों वाले इलाक़ों में हवाई हमलों से प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान की जा सके.इसके ज़रिए 76 हज़ार निवासियों को मदद दी जाएगी, जिनमें आधी संख्या महिलाओं व लड़कियों की है. उनके लिए नक़दी सहायता के अलावा, आश्रय सम्बन्धी सामान, स्वास्थ्य, जल, साफ़-सफ़ाई, लिंग-आधारित हिंसा से बचाव समेत अन्य सेवाओं का प्रबन्ध किया गया है.लेबनान में ब्लू लाइन क्षेत्र में स्थिति पर चिन्ता © UNIFIL यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने सोमवार को न्यूयॉर्क मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान, इसराइल और लेबनान के सैन्य बलों को अलग करने वाली सीमा रेखा, ‘ब्लू लाइन’ के इर्दगिर्द स्थिति पर चिन्ता जताई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को इसराइल के एक ड्रोन ने, लेबनान में यूएन मिशन (UNIFIL) के गश्ती दल के पास एक ग्रेनेड गिराया.इसके बाद, एक इसराइली टैंक ने यूएन मिशन के अभियान वाले इलाक़े कफ़्र किला में, यूएन शान्तिरक्षकों पर गोली चलाईं.यूएन प्रवक्ता ने बताया कि इस हमले में किसी के घायल होने या शान्तिरक्षकों व यूएन मिशन के साज़ोसामान को क्षति पहुँचने की ख़बर नहीं है.इससे पहले, इसी इलाक़े में, इसराइल के एक ड्रोन विमान को आक्रामक ढंग से UNIFIL की टीम के पास उड़ान भरते देखा गया था. यूएन शान्तिरक्षकों ने इस ड्रोन को ख़त्म करने के लिए बचाव उपायों का सहारा लिया था.यूएन प्रवक्ता ने कहा कि शान्तिरक्षकों की सुरक्षा को ख़तरे में डालने वाला कोई भी क़दम अस्वीकार्य है और इसे तुरन्त रोका जाना होगा.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement