-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:41 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

ग़ाज़ा: नाज़ुक परिस्थितियों में युद्धविराम जारी, खाद्य सहायता के लिए विशाल आवश्यकताएँ

Source: UN News: बुधवार, 22 अक्टूबर 2025 00:01 AM (IST)
ग़ाज़ा: नाज़ुक परिस्थितियों में युद्धविराम जारी, खाद्य सहायता के लिए विशाल आवश्यकताएँ
ग़ाज़ा में नाज़ुक हालात में युद्धविराम लागू है, जिससे यूएन मानवीय सहायताकर्मियों को हताश फ़लस्तीनी लोगों तक जीवनरक्षक राहत पहुँचाने में मदद मिल रही है, मगर गहरी खाद्य असुरक्षा को टालने के लिए इससे कहीं बड़े स्तर पर सहायता मार्ग मुहैया कराने पर बल दिया गया है. विश्व खाद्य कार्यक्रम के लिए क्षेत्रीय संचार अधिकारी अबीर ऐतेफ़ा ने मंगलवार को जिनीवा में पत्रकारों को बताया कि 11 अक्टूबर को शुरू हुए युद्धविराम से अब तक ग़ाज़ा में 6,700 मीट्रिक टन खाद्य सामग्री पहुँचाई जा चुकी है.यह अगले दो सप्ताह के लिए लगभग पाँच लाख लोगों के लिए पर्याप्त भोजन है.“दैनिक आपूर्ति जारी हैं और अब यह औसतन 750 टन [प्रति दिन] है. युद्धविराम से पहले की स्थिति में यह बहुत बेहतर है लेकिन हमारे लक्ष्य से अब भी कम है, जोकि क़रीब प्रति दिन दो हज़ार टन है.” Tweet URL यूएन खाद्य एजेंसी प्रवक्ता ने बताया कि यदि सभी सीमा चौकियों को नहीं खोला गया, तो इस लक्ष्य तक पहुँच पाना सम्भव नहीं होगा.फ़िलहाल, केवल दक्षिण में केरेम शलोम और किस्सुफ़िम सीमा चौकियों के ज़रिए ही राहत सामग्री को ग़ाज़ा में प्रवेश मिल पा रहा है. लड़ाई के कारण बड़े पैमाने पर हुई बर्बादी व विध्वंस की वजह से दक्षिणी इलाक़े से उत्तरी इलाक़े में जा पाना कठिन है, जहाँ अगस्त में अकाल की घोषणा की गई थी.अबीर ऐतेफ़ा ने ज़ोर देकर कहा कि हमें ऐरेज़, ज़िक्किम की ज़रूरत है. इन सीमा चौकियों को खोले जाने की आवश्यकता है. उत्तरी ग़ाज़ा में बड़े स्तर पर मानवीय राहत क़ाफ़िले के साथ पहुँचना एक प्राथमिकता है.“हमने उत्तर में सड़कों को बड़े पैमाने पर साफ़ किया है,” और सीमा चौकियों के नज़दीक से मलबे को हटाया गया है ताकि ग़ाज़ा सिटी से सम्पर्क बहाल किया जा सके, जहाँ हालात ख़राब बताए गए हैं.खाद्य सहायता के लिए प्रयासविश्व खाद्य कार्यक्रम ने ग़ाज़ा के लिए अपनी खाद्य वितरण व्यवस्था को बहाल करना शुरू कर दिया है, जिसके तहत पूरे ग़ाज़ा में 145 सहायता वितरण केन्द्र बनाए जाने हैं. 26 ऐसे केन्द्रों को पहले ही स्थापित कर दिया गया है.WFP प्रवक्ता अबीर ऐतेफ़ा ने बताया कि इन वितरण केन्द्रों पर लोग बड़ी संख्या में जुट रहे हैं और खाद्य सहायता को कारगर ढंग से प्रदान करने के लिए शुक़्रगुज़ार हैं. साथ ही, अपनी रसद को पाने की गरिमामय और तेज़ी से सम्पन्न होने वाली प्रक्रिया के लिए भी.उन्होंने कहा कि इससे काफ़ी असर हुआ है और सबसे निर्बल तबके, महिलाओं, बुज़ुर्गों समेत अन्य को मदद मिली है.भविष्य के प्रति आशंकास्थानीय फ़लस्तीनी आबादी ने आशा का दामन नहीं छोड़ा है लेकिन इस बात से आशंकित भी हैं कि मौजूदा परिस्थितियाँ कितना लम्बे समय तक जारी रह सकती हैं.खाद्य सहायता पाने वाले बहुत से लोग अपने राशन का एक हिस्सा ही खा रहे हैं और बाक़ी सामान आपात स्थिति के लिए बचाकर रख रहे हैं, चूँकि वे युद्धविराम की लम्बी अवधि के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त नहीं हैं.“यह एक नाज़ुक शान्ति है.”ग़ाज़ा में भोजन की क़ीमतें लोगों की पहुँच से बाहर हैं और आपूर्ति फ़िलहाल इस स्तर पर नहीं है कि आम लोग उसे ख़रीद सकें.अबीर ऐतेफ़ा के अनुसार, स्थानीय बाज़ारों में खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकती है, लेकिन अत्यधिक महंगी होने के कारण उसे ले पाना आम लोगों के बस में नहीं है.पीड़ितों के लिए मददयूएन खाद्य एजेंसी ने खाद्य असुरक्षा से सर्वाधिक पीड़ितों की सहायता के लिए डिजिटल भुगतान की व्यवस्था की है, जिससे क़रीब 1.40 लाख लोग स्थानीय बाज़ारों में सामान ख़रीद पा रहे हैं.आने वाले हफ़्तों में इस संख्या को दोगुना करने का लक्ष्य है.यूएन एजेंसी प्रवक्ता ने दोहराया है कि कमर्शियल सामान को ग़ाज़ा में प्रवेश दिए जाने की आवश्यकता है. मानवतावादी सहायता, गम्भीर कुपोषण से निपटने और खाद्य सामान की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करने का एकमात्र समाधान नहीं है. बाज़ारों में सामान भी मुहैया कराना होगा. उन्होंने कहा कि युद्धविराम यदि पूर्ण रूप से लागू रहा तो मौजूदा संकट के स्तर के अनुरूप प्रयासों को आगे बढ़ा पाना सम्भव होगा. “युद्धविराम को बरक़रार रखना बहुत अहम है.”इसी के ज़रिए लोगों की ज़िन्दगियों की रक्षा की जा सकती है और उत्तरी हिस्से में अकाल को पीछे धकेला जा सकता है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement