-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान के बीच संघर्षविराम का स्वागत, आम नागरिकों की रक्षा का आग्रह

Source: UN News: शनिवार, 18 अक्टूबर 2025 00:01 AM (IST)
पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान के बीच संघर्षविराम का स्वागत, आम नागरिकों की रक्षा का आग्रह
अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (UNAMA) ने पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के बीच भड़की लड़ाई पर विराम लगाए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए दोनों देशों से आग्रह किया है कि टकराव पर स्थाई विराम लगाया जाना होगा, ताकि आम नागरिकों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके. समाचार माध्यमों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से जारी झड़पों के बाद दोनों देशों में 48 घंटों के लिए संघर्षविराम पर सहमति बनी है. तालेबान ने वर्ष 2021 में अफ़ग़ानिस्तान की सत्ता को हथिया लिया था, जिसके बाद से दोनों पड़ोसी देशों के बीच सम्बन्ध बिगड़े हैं. पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान पर उन चरमपंथियों को शरण देने का आरोप लगाया है, जो पाकिस्तान में हमले कर रहे हैं. वहीं, अफ़ग़ानिस्तान ने इसे ख़ारिज किया है. Tweet URL UNAMA ने गुरुवार को जारी अपने एक वक्तव्य में विश्वसनीय रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए बताया कि सत्तारूढ़ तालेबान के सुरक्षा बलों और पाकिस्तानी सैन्य बलों के बीच हुई झड़पों में महिलाओं व बच्चों समेत अनेक आम नागरिक हताहत हुए हैं.10 अक्टूबर के बाद से दोनों देशों के बीच सीमावर्ती इलाक़ों पर सशस्त्र हिंसा, हमलों में तेज़ी आई थी, और आम नागरिक भी इसकी चपेट में आए हैं.अफ़ग़ानिस्तान में यूएन मिशन के अनुसार, सबसे अधिक आम नागरिक कन्दहार प्रान्त के स्पिन बोल्दाक इलाक़े में हताहत हुए हैं, जहाँ बुधवार को दोनों देशों के सुरक्षा बलों में भारी लड़ाई होने की ख़बरें थी.हिंसक टकराव में मारे गए या घायल हुए लोगों की संख्या का सही अनुमान लगाने की कोशिशें की जा रही हैं, मगर अभी तक अफ़ग़ानिस्तान में सीमावर्ती स्पिन बाल्दोक में कम से कम 37 आम नागरिकों के मारे जाने और 425 के घायल होने की बात कही गई है.इससे पहले, पकतिका, पतकया, कुनार और हेलमन्द प्रान्तों में सीमा के नज़दीक हुई झड़पों में एक व्यक्ति की जान गई थी और 15 घायल हुए थे.संयुक्त राष्ट्र मिशन ने सभी पक्षों से टकराव पर स्थाई विराम लगाने का आग्रह किया है, ताकि आम नागरिकों की रक्षा और मौतों की रोकथाम सम्भव हो सके.साथ ही, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के अन्तर्गत तयशुदा दायित्वों का पालन करने की अपील की गई है, जिसमें आम लोगों को हताहत होने से बचाने के लिए युद्धकों व आम नागरिकों में भेद करने, आनुपातिक बल प्रयोग किए जाने और सतर्कता बरतने समेत अन्य सिद्धान्तों का ध्यान रखा जाना है.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement