-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

संक्षिप्त: म्याँमार में हवाई हमलों पर चिन्ता, सीरिया में लापता लोगों की तलाश में तेज़ी पर बल

Source: UN News: शुक्रवार, 10 अक्टूबर 2025 00:00 AM (IST)
संक्षिप्त: म्याँमार में हवाई हमलों पर चिन्ता, सीरिया में लापता लोगों की तलाश में तेज़ी पर बल
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने म्याँमार के चाउंग-यू, सगाइंग क्षेत्रों में 6 अक्टूबर को सैन्य बलों द्वारा किए गए हवाई हमलों पर गहरी चिन्ता जताई है. इन हमलों में बच्चों समेत अनेक लोगों के मारे जाने की ख़बर है और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं. उधर, सीरिया में लापता लोगों के लिए स्वतंत्र संस्था की शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि पिछले कई दशकों में लापता हुए लाखों पीड़ितों को ढूंढने के लिए समय बीता जा रहा है. यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने बुधवार को न्यूयॉर्क मुख्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा कि यदि इस त्रासदीपूर्ण घटना की पुष्टि होती है, तो उसी चिन्ताजनक रुझान के तहत होगा जिसमें देश भर में ताबड़तोड़ हमलों में आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं.इससे सगाइंग प्रान्त में पीड़ा और गहरी होगी, जहाँ इस वर्ष मार्च में आए भूकम्प से आम नागरिक पहले से ही चुनौतियों से जूझ रहे हैं. यूएन प्रवक्ता ने कहा कि हवाई हमलों में बेपरवाही भरे ढंग से गोला-बारूद का इस्तेमाल किया जा रहा है, जोकि अस्वीकार्य है.उन्होंने आगाह किया कि सभी युद्धरत पक्षों को अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून, और अन्तरराष्ट्रीय मानवाधिकार क़ानून के तहत अपने दायित्वों को निभाना होगा. और सभी दोषियों की जवाबदेही तय की जानी होगी.म्याँमार में फ़रवरी 2021 में सैन्य तख़्तापलट के साथ ही, देश के शीर्ष राजनैतिक नेतृत्व को हिरासत में ले लिया गया था. इसके बाद, देश में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू हुए, जिन्हें सैन्य नेतृत्व ने दबाने के लिए दमनात्मक कार्रवाई की. इसके बाद से, म्याँमार के अनेक हिस्से हिंसक टकराव से सुलग रहे हैं जबकि देश एक गम्भीर राजनैतिक, आर्थिक व मानवीय संकट से जूझ रहा है.महासचिव गुटेरेश ने अपने वक्तव्य में दोहराया है कि हिंसा का अन्त किया जाना होगा, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी, मानवीय सहायता पहुँचाने के लिए मार्ग मुहैया कराना होगा और एक शान्तिपूर्ण निपटारे के लिए समावेशी पथ पर आगे बढ़ना होगा.सीरिया: लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए बीता जा रहा है समय © IIMP Syria सीरिया में लापता लोगों के लिए स्वतंत्र संस्था की प्रमुख कार्ला क्विनटाना ने हाल ही में देश का दौरा किया. सीरिया में लापता लोगों के लिए स्वतंत्र संस्था की प्रमुख कार्ला क्विनटाना ने कहा है कि देश में कई दशकों की क्रूरता, दमन और जबरन गुमशुदगी के लाखों पीड़ितों को ढूंढने के लिए समय बीता जा रहा है.सीरिया में असद परिवार के तानाशाह शासन के दौरान पिछले 50 वर्षों में बड़ी संख्या में लोग लापता हो गए थे. वर्ष 2011 में शुरू हुए और 14 सालों तक चलने वाले गृहयुद्ध के दौरान भी यही सिलसिला जारी रहा, जोकि इस टकराव की एक दर्दनाक विरासत है और जिससे बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए.स्वतंत्र संस्था की प्रमुख ने बुधवार को न्यूयॉर्क में एक पत्रकार वार्ता में बताया कि सीरिया में लापता लोगों का संकट न केवल लाखों परिवारों को प्रभावित करता है, बल्कि यह सम्पूर्ण सीरियाई समाज में पूर्ण समुदायों को भी.“इसका सामना करने के लिए हर उपलब्ध कौशल, संसाधन व क्षमता को लामबन्द करने की आवश्यकता है.” सीरियाई परिवारों को यह जानने का अधिकार है कि उनके प्रियजन के साथ क्या हुआ.“सीरिया में हर एक व्यक्ति किसी लापता होने वाले को जानता है.” कोई इस ज़रूरी कार्य को अकेले नहीं कर सकता है.कार्ला क्विनटाना ने यह पद पिछले वर्ष दिसम्बर में सम्भाला था. उनका कहना है कि लापता व्यक्ति की तलाश के कार्य को सीरियाई नेतृत्व में आगे बढ़ाना होगा और इसके लिए अन्तरराष्ट्रीय समुदाय का समर्थन ज़रूरी है.उनके अनुसार, लापता व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाने से न केवल व्यक्तिगत तौर पर परिवारों को सच्चाई जानने में मदद मिलेगी, बल्कि इससे देश में न्याय, आपसी मेल-मिलाप और सुधारों का मार्ग भी प्रशस्त हो सकेगा.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement