अन्तरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर यूएन मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम
Source: UN News: शुक्रवार, 03 अक्टूबर 2025 00:00 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने, अन्तरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर कहा है कि महात्मा गाँधी का सन्देश, दुनिया भर में बढ़ते तनाव और गहराते विभाजन के इस दौर में और भी अधिक प्रासंगिक व तात्कालिक नज़र आता है.
अन्तरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस, हर वर्ष 2 अक्टूबर को महात्मा गाँधी के जन्म दिवस पर मनाया जाता है.इस वर्ष के अहिंसा दिवस के लिए, संयुक्त राष्ट्र में भारतीय मिशन के सहयोग से, यूएन मुख्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसका सीधा प्रसारण यहाँ देखा जा सकता है.यूएन महासभा ने, जून 2007 में, प्रस्ताव ARES/61/271 पारित करके, 2 अक्टूबर को अन्तरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस घोषित किया था. उस प्रस्ताव को 140 देशों ने मिलकर प्रायोजित किया था.इस दिवस का उद्देश्य, दुनिया भर में शिक्षा व जनजागरूकता के माध्यम से, अहिंसा का सन्देश फैलाना है.यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने कहा है, “हम इस अन्तरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर, महात्मा गांधी के जीवन और विरासत, सभी के लिए शान्ति, सत्य और सम्मान के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का सम्मान करते हैं.”उन्होंने कहा, “गाँधीजी ने न केवल इन आदर्शों की बात की, बल्कि उन्हें अपने जीवन में अपनाया भी. और बढ़ते तनाव व गहराते विभाजन के इस दौर में, उनका सन्देश नई तात्कालिकता लेकर आया है.”यूएन महासचिव ने कहा है, “हम अपनी साझा मानवता में गिरावट का एक चिन्ताजनक रुझान देख रहे हैं. हिंसा संवाद का स्थान ले रही है. आम लोग टकरावों और युद्धों का ख़ामियाज़ा भुगत रहे हैं. अन्तरराष्ट्रीय क़ानून का उल्लंघन किया जा रहा है. मानवाधिकारों का हनन किया जा रहा है. और शान्ति की नींव ख़तरे में है.”एंतोनियो गुटेरेश ने कहा है, “गाँधीजी समझते थे कि अहिंसा, कमज़ोर लोगों का हथियार नहीं, बल्कि साहसी लोगों की शक्ति है. अहिंसा, घृणा के बिना अन्याय का विरोध करने, क्रूरता के बिना उत्पीड़न का सामना करने और प्रभुत्व के माध्यम से नहीं, बल्कि सम्मान के माध्यम से, शान्ति स्थापित करने की शक्ति है.”उन्होंने कहा, “आइए, इस ख़तरनाक और विभाजित समय में, हम उनके नेतृत्व का अनुसरण करने, दुखों को समाप्त करने, कूटनीति को आगे बढ़ाने, विभाजनों को दूर करने और सभी के लिए एक न्यायपूर्ण, स्थाई व शान्तिपूर्ण विश्व बनाने की शक्ति जुटाएँ.”