क़तर पर इसराइली हमला, सम्प्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन - महासचिव
Source: UN News: गुरुवार, 11 सितम्बर 2025 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने क़तर में इसराइली सैन्य बलों द्वारा किए गए हमलों की निन्दा की है और उन्हें देश की सम्प्रभुता व क्षेत्रीय अखंडता का खुला उल्लंघन क़रार दिया है.
समाचार माध्यमों के अनुसार, इसराइल ने क़तर की राजधानी दोहा में हमास के शीर्ष अधिकारियों को निशाना बनाने के इरादे से इन हमलों को अंजाम दिया है.महासचिव गुटेरेश ने मंगलवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए ध्यान दिलाया कि क़तर ने ग़ाज़ा पट्टी में युद्धविराम और हमास व अन्य हथियारबन्द गुटों द्वारा बन्धक बनाए गए लोगों की रिहाई में अहम भूमिका निभाई है.इसके मद्देनज़र, उन्होंने सभी पक्षों से अपील की है कि एक स्थाई युद्धविराम की ओर क़दम बढ़ाने की आवश्यकता है, न कि इन प्रयासों को ध्वस्त करने की.यूएन प्रमुख के अनुसार, इस हमले की ख़बर उनके द्वारा आज जारी की जाने वाली एक रिपोर्ट की अहमियत को रेखांकित करती है. यह एक कटु वास्तविकता भी है: दुनिया आज शान्ति निर्माण के बजाय युद्ध लड़ने में ज़्यादा ख़र्च कर रही है.हमास ने अपने छह सदस्यों के मारे जाने की बात कही है, जिनमें ग़ाज़ा पट्टी से निर्वासित एक नेता का बेटा भी है, हालांकि वरिष्ठ वार्ताकारों और शीर्ष अधिकारियों के बच जाने की रिपोर्ट है.