ग़ाज़ा: फ़लस्तीनियों के 'असहनीय' हालात और बन्धक संकट पर सुरक्षा परिषद की बैठक
Source: UN News: शुक्रवार, 08 अगस्त 2025 00:01 AM (IST)
इसराइल के क़ब्ज़े वाले फ़लस्तीनी क्षेत्र और इसराइल में लगातार बदतर होते हालात के बीच, संयुक्त राष्ट्र के एक वरिष्ठ अधिकारी मिरोस्लाव जेन्का ने, ग़ाज़ा में संकट के एक ऐसे राजनैतिक समाधान की आवश्यकता पर ज़ोर दिया है जिससे दोनों देशों के लोगों के बीच स्थाई शान्ति स्थापित हो सके.
सहायक महासचिव मिरोस्लाव जेन्का ने मंगलवार को सुरक्षा परिषद बैठक में क्षेत्र की ताज़ा जानकारी पेश की. यह बैठक इसराइल के अनुरोध पर आयोजित की गई, जिसमें युद्धग्रस्त ग़ाज़ा पट्टी में अब भी हिरासत में रखे गए बन्धकों की दुर्दशा पर चर्चा हुई.यह बैठक, हमास और फ़लस्तीनी इस्लामिक जिहाद द्वारा दो दुर्बल बन्धकोंइवैटर डेविड और रोम ब्रास्लाव्स्की की तस्वीरें और वीडियो जारी किए जाने के बाद के अत्यन्त तनावपूर्ण परिस्थितियों में आयोजित हुई है. उन तस्वीरों और वीडियो पर व्यापक आक्रोश और निन्दा व्यक्त किए गए हैं.‘मानवता का अपमान’सहायक महासचिव मिरोस्लाव जेन्का ने सुरक्षा परिषद में कहा, "इवैटर को अपनी क़ब्र ख़ुद खोदने के लिए मजबूर किए जाने के दृश्य भयावह हैं.”"ये तस्वीरें और उनके साथ हुए व्यवहार के उनके विवरण ने, हम सभी को भयभीत कर दिया है. ये मानवता का अपमान हैं."मिरोस्लाव जेन्का ने सुरक्षा परिषद की बैठक में इवैटर डेविड के भाई, इलय की उपस्थिति को दर्ज किया, जिन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया.उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र "बन्दी बनाए गए लोगों के परिवारों और प्रियजनों द्वारा सहन की गई गहरी पीड़ा और कठिनाई" को समझता है.सहायक महासचिव ने याद दिलाया कि इस सप्ताह यहूदी समुदाय ने तिशा बाव मनाया, जो शोक का दिन है और अपने इतिहास में झेली गई त्रासदियों को याद करने का एक अवसर.उन्होंने कहा, "मैं आपके साहस और दृढ़ संकल्प को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ, और आपकी हार्दिक इच्छा में आपके साथ हूँ: आपके भाई और ग़ाज़ा में बन्धक बनाए गए अन्य सभी बन्धकों को तुरन्त और बिना शर्त रिहा किया जाए."अन्तरराष्ट्रीय क़ानून स्पष्ट हैइस समय हमास और अन्य फ़लस्तीनी सशस्त्र समूहों ने, 50 बन्धकों को भयावह परिस्थितियों में रखा हुआ है और 28 बन्धकों के मृत होने की आशंका है, जबकि रिहा किए गए बन्धकों ने "बेबसी, उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के दुखद विवरण बताए हैं."मिरोस्लाव जेन्का ने कहा, "अन्तरराष्ट्रीय क़ानून स्पष्ट है. किसी व्यक्ति को बन्धक बनाना निषिद्ध है - यह एक युद्ध अपराध है."उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि अपनी स्वतंत्रता से वंचित किए गए लोगों के साथ मानवीय और सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए और उन्हें रैडक्रॉस समिति (ICRC) से मिलने की अनुमति दी जानी चाहिए.उन्होंने कहा, "उन्हें (बन्धकों को) कभी भी दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या अपमान के शिकार नहीं बनाया जाना चाहिए, क्योंकि ऐसा किया जाना, अन्तरराष्ट्रीय क़ानून के प्रासंगिक नियमों का उल्लंघन है."उन्होंने हमास और अन्य फ़लस्तीनी सशस्त्र समूहों से, सभी बन्धकों की तत्काल और बिना शर्त रिहाई के, महासचिव एंतोनियो गुटेरेश के आहवान को दोहराया.
UN News
ग़ाज़ा की स्थिति 'असहनीय'सहायक महासचिव मिरोस्लाव जेन्का ने आगे कहा, "ग़ाज़ा की स्थिति भयावह है - यह असहनीय है. फ़लस्तीनियों को हर दिन घिनौनी और अमानवीय परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है."स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, युद्ध शुरू होने के बाद से 60 हज़ार से अधिक फ़लस्तीनी मारे जा चुके हैं.जेन्का ने कहा, "मई के अन्त से, भोजन हासिल करने की कोशिश के दौरान, 1,200 से ज़्यादा फ़लस्तीनी मारे गए हैं और 8,100 से ज़्यादा घायल हुए हैं...""हताहतों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है, और इस पीड़ा का कोई अन्त नज़र नहीं आ रहा है. यह इसलिए हो रहा है क्योंकि इसराइल ने, ग़ाज़ा में मानवीय सहायता सामग्री के प्रवेश पर लगातार प्रतिबन्ध लगा रखा है, जबकि जो सहायता सामग्री आने की अनुमति दी जा रही है वह "बेहद अपर्याप्त है."'हर जगह भुखमरी के हालात’सहायका महासचिव मिरोस्लाव जेन्का ने सुरक्षा परिषद को बताया कि "ग़ाज़ा में हर जगह भुखमरी व्याप्त है, जो बच्चों के चेहरों पर और सबसे बुनियादी ज़रूरतों के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले माता-पिता की हताशा में साफ़ दिखाई देती है."उन्होंने कहा, "अन्तरराष्ट्रीय क़ानून स्पष्ट है. नागरिकों का सम्मान किया जाना चाहिए, उनकी सुरक्षा की जानी चाहिए और उन्हें कभी भी निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए या भोजन या अन्य जीवनरक्षक सहायता से, जानबूझकर वंचित नहीं किया जाना चाहिए - ऐसा करना युद्ध अपराध है.""इसराइल को ज़रूरतमन्द लोगों के लिए पर्याप्त मात्रा में मानवीय राहत सामग्री को तुरन्त और बिना किसी बाधा के पहुँचाने की अनुमति देनी चाहिए, ताकि आगे और अधिक पीड़ा और जानमाल के नुक़सान को रोका जा सके."