सीरिया: सुवैदा में युद्धविराम नाज़ुक मगर ‘काफ़ी हद तक बरक़रार’
Source: UN News: बुधवार, 30 जुलाई 2025 00:00 AM (IST)
सीरिया के सुवैदा क्षेत्र में हाल में हुई हिंसा के बाद घोषित युद्धविराम, अब तक काफ़ी हद तक बना हुआ है. कई सप्ताहों तक चली हिंसा में लगभग पौने दो लाख लोग विस्थापित हुए, सैकड़ों लोगों की मौतें हुईं और ज़रूरी बुनियादी ढाँचे को भारी नुक़सान पहुँचा. इस हिंसा ने देश में राजनैतिक सत्ता के परिवर्तन से जुड़ी गहरी ख़ामियाँ उजागर कीं.
यह युद्धविराम साम्प्रदायिक झड़पों, इसराइली हवाई हमलों और गम्भीर मानवाधिकार उल्लंघनों के बाद, 19 जुलाई को घोषित किया गया.सीरिया के लिए संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष दूत गेयर पैडरसन ने सोमवार को सुरक्षा परिषद को बताया कि इस हिंसा ने सीरिया की पहले से ही नाजु़क स्थिति को और भी अस्थिर कर दिया है. साथ ही, सुरक्षा व राजनीति के मोर्चे पर बड़े सुधारों की ज़रूरत को रेखांकित किया है.उन्होंने कहा, “सुवैदा में भयावह हिंसा ने सीरियाई लोगों को झकझोर दिया है. यह हिंसा नहीं होनी चाहिए थी और इसमें विदेशी दख़लअन्दाज़ी भी देखी गई, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता.”झड़प की शुरुआत...सुवैदा में अशान्ति की शुरुआत 12 जुलाई को तब हुई, जब द्रूज़ और बेडॉइन समुदायों के बीच भड़की साम्प्रदायिक हिंसा में सैकड़ों लोग मारे गए, जिसके बाद सीरियाई सुरक्षा बलों ने कार्यवाई की.सोशल मीडिया पर बहुत सारे अफ़वाह भरे वीडियो वायरल होने के बाद, साम्प्रदायिक तनाव और भड़क गया. इस दौरान, ख़बरों में न्याय के दायरे से बाहर हत्याएँ, शवों के साथ अपमानजनक व्यवहार और लूटपाट की घटनाएँ सामने आईं.हालाँकि अब लड़ाई काफ़ी हद तक थम गई है, लेकिन संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष दूत ने चेतावनी दी कि हालात अब भी "तनावपूर्ण और अस्थिर" बने हुए हैं. सबसे ज़्यादा नुक़सान आम लोगों को हुआ, जिनमें सैकड़ों की मौत हुई और गम्भीर मानवाधिकार उल्लंघनों की ख़बरें सामने आईं.विशेष दूत ने सुवैदा में नागरिकों और लड़ाकों के ख़िलाफ़ हुए गम्भीर मानवादिकार उल्लंघनों और इसराइल के हवाई हमलों को कड़ी निन्दा की.
UN Photo/Loey Felipe
मानवीय संकट गहरायासुवैदा में हालात तेज़ी से बिगड़ रहे हैं. OCHA की संचालन निदेशक ऐडेम वोसोर्नू ने कहा कि क्षेत्र "पूरी तरह से ढहने के कगार पर" है. हालिया हिंसा में लगभग पौने दो लाख लोग विस्थापित हुए हैं, जो वहाँ की एक-तिहाई आबादी है, जबकि पहले से ही दो-तिहाई लोग मदद के ज़रूरतमन्द थे.पर्यावरणीय चुनौती ने स्थिति को दीगर प्रभावित किया है. दरअसल, लटाकिया में जंगल की आग और 36 साल में सबसे गम्भीर सूखे ने, 1,100 से ज़्यादा लोगों को बेघर कर दिया. यूएन एजेंसियाँ पीड़ितों को पानी, इलाज और भोजन मुहैया करा रही हैं.ऐडेम वोसोर्नू ने बताया कि अस्पतालों में बिजली, दवाइयों और स्टाफ़ की भारी कमी है. WHO ने सुवैदा में स्वास्थ्य सेवाओं पर पाँच हमलों की पुष्टि की है, जिनमें दो डॉक्टरों की हत्या और ऐम्बुलेंस पर हमले शामिल हैं.इसके अलावा, पानी, भोजन, ईंधन और दवाइयों की भारी कमी है और असुरक्षा के कारण राहत पहुँचाना मुश्किल हो रहा है. OCHA की संचालन निदेशक ने कहा कि तीन यूएन सहायता क़ाफिले़ ज़रूर पहुँचे हैं, लेकिन लगातार मानवीय पहुँच और राहत कर्मियों की सुरक्षा अब भी बनी हुई है.
UN Photo/Loey Felipe
राजनैतिक सुधार ज़रूरीविशेष दूत पैडरसन ने कहा कि सीरिया में स्थाई शान्ति के लिए समावेशी राजनैतिक सुधार, सुरक्षा तंत्र में बदलाव और न्याय व्यवस्था आवश्यक हैं.सितम्बर में नई जन प्रतिनिधि सभा का गठन सम्भावित है, लेकिन उन्होंने आगाह किया कि यदि यह प्रक्रिया पारदर्शी और प्रतिनिधिक नहीं हुई, तो जनता का भरोसा और भी कमज़ोर होगा.उन्होंने कहा, "सीरिया में राजनैतिक बदलाव किसी भी हाल में विफल नहीं होना चाहिए."OCHA की संचालन निदेशक ने भी अन्तरराष्ट्रीय एकजुटता, आपात वित्तीय सहायता और हिंसा रोकने की अपील दोहराई.उन्होंने बताया कि 3.2 अरब डॉलर की मानवीय अपील में से अब तक केवल 12 प्रतिशत मदद ही मिली है. "जोकि हमारी सहायता ज़रूरतों के स्तर से बहुत कम है….अगर सीरिया को सम्भलना है तो हिंसा को रोका जाना होगा."