-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:16 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

एयर इंडिया विमान दुर्घटना में 241 की मौत, यूएन महासचिव ने जताया गहरा शोक

Source: UN News: शनिवार, 14 जून 2025 00:00 AM (IST)
एयर इंडिया विमान दुर्घटना में 241 की मौत, यूएन महासचिव ने जताया गहरा शोक
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने भारत के अहमदाबाद शहर से लन्दन जा रहे एयर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है. विमान में चालक दल के सदस्यों समेत 242 यात्री सवार थे, जिसमें से 241 के मारे जाने की पुष्टि की गई है. हादसे के दौरान यह विमान एक मेडिकल कॉलेज परिसर की इमारत से जा टकराया, जिससे वहाँ उपस्थित छात्र व कर्मचारी भी हताहत हुए हैं. इस विमान ने गुरूवार को गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे से लन्दन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए भारतीय समयानुसार दोपहर 1.38 पर उड़ान भरी थी. मगर, उसके कुछ ही पल बाद यह रिहायशी इलाक़े में हादसे का शिकार हो गया. हवाई अड्डे के नज़दीक स्थित स्थानीय बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल के इस दुर्घटना की चपेट में आने से पाँच छात्रों के मारे जाने का समाचार है. लगभग 50 घायलों का उपचार किया जा रहा है. Tweet URL एयर इंडिया ने सोशल मीडिया पर अपने एक वक्तव्य में कहा कि इस विमान पर सवार 241 यात्रियों व चालक दल के सदस्यों की मौत हुई है. एक व्यक्ति की जीवित होने की ख़बर है, जिसने पत्रकारों को बताया कि उड़ान भरने के 30 सेकेंड के भीतर ही तेज़ आवाज़ सुनाई दी थी. एयर इंडिया के बोइंग ड्रीमलाइनर में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, सात पुर्तगाली नागरिक और 1 कैनेडाई नागरिक सवार थे. यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश के उप प्रवक्ता फ़रहान हक़ ने उनकी ओर से एक वक्तव्य जारी किया जिसमें उन्होंने इस समाचार पर गहरा दुख प्रकट किया है. महासचिव गुटेरेश ने इस हादसे से प्रभावित परिवारों के प्रियजन, भारत सरकार और उन सभी देशों के प्रति सम्वेदना व्यक्त की है, जिनके नागरिक इस दुर्घटना में मारे गए हैं. उन्होंने घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. भारत में यूएन कार्यालय ने अपने शोक सन्देश में अहमदाबाद में हुए इस त्रासदीपूर्ण विमान हादसे की ख़बर को हृदयविदारक बताया है. यूएन टीम ने इस दुर्घटना से प्रभावित सभी परिवारों व पीड़ितों के परिजन के प्रति अपनी गहरी सम्वेदना व्यक्त की है और दुख की इस घड़ी में भारत के साथ एकजुटता जताई है.
दुर्घटनास्थल से प्राप्त वीडियो और तस्वीरों में विमान के मलबे से काले धुँए के गुबार को उठते हुए देखा गया, जिसे अग्निशमन दल के कर्मचारी बुझाने की कोशिशों में जुटे थे. बचाव एवं तलाश अभियान के लिए बड़ी संख्या में आपात सहायता कर्मचारी व पुलिसकर्मी घटनास्थन पर मौजूद हैं. इस हादसे से आस पास की इमारतों को भी नुक़सान पहुँचा है और विमान का पिछला हिस्सा एक इमारत में धँस गया.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement