ख़ामोश महिलाओं की आवाज़ बुलन्द करने वाली दो महिला शान्तिरक्षकों को सम्मान
Source: UN News: शनिवार, 31 मई 2025 00:01 AM (IST)
ये 2024 की गर्मियों की बात है जब घाना की स्क्वैड्रन लीडर शेरॉन मविन्सोटे साइम की तैनाती, सूडान व दक्षिण सूडान के बीच स्थित एक विवादित क्षेत्र आबिये में हुई, जहाँ उन्हें महिलाओं की मदद करने के लिए एक नई प्रेरणा मिली, जिसने उन्हें एक प्रतिष्ठित पुरस्कार तक पहुँचा दिया.
शेरॉन, दरअसल आबिये में यूएन अन्तरिम सुरक्षा बल (UNISFA) में एक सैन्य लैंगिक पैरोकार के रूप में तैनात हैं जहाँ से उनका यूएन शान्तिरक्षा का यह सफ़र शुरू हुआ.वहाँ, शेरॉन की मुलाक़ात सिविल लैंगिक इकाइयों के साथ-साथ, स्थानीय समुदाय के कुछ सदस्यों से भी हुई जिनमें पुरुष और महिलाएँ दोनों ही थे. कुछ ही देर में उन्होंने भाँप लिया कि कुछ तो ऐसा है जो सामान्य नज़र नहीं आ रहा है.शेरॉन ने यूएन न्यूज़ को बताया, उस समूह की “महिलाएँ कुछ भी बात नहीं कर रही थीं. वो बिल्कुल ख़ामोश थीं.”तभी उन्हें ध्यान आया कि स्थानीय परम्पराओं के अनुसार, वहाँ की महिलाएँ सार्वजनिक स्थानों पर नहीं बोलती हैं.शेरॉन ने उन महिलाओं के एक तरफ़ ले जाकर कहा, “हम भी आपकी ही तरह महिलाएँ हैं. हम आपकी मदद करना चाहते हैं, मगर हमें ये नहीं मालूम कि हम आपकी मदद किस तरह कर सकती हैं.”“क्या आप हमें बता सकती हैं कि आपकी परेशानी क्या है ताकि हम आपकी मदद करने के तरीक़े निकाल सकें.”समुदायों में आत्मविश्वास की लौ जलाने और महिलाओं के नज़रिए को अहमियत दिए जाने की लगातार कोशिश के, इसी तरह के जज़्बे को, हर साल 29 मई को, अन्तरराष्ट्रीय शान्तिरक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाता है.इस बार इस पुरस्कार से, इसी तरह की सहायता करने के लिए उत्सुक और रचनात्मक रुख़ रखने वाली दो महिला शान्तिरक्षकों को सम्मानित किया जा रहा है, जिनमें एक शेरॉन और दूसरी महिला शान्तिरक्षक सियेरा लियोन की चीफ़ सुपरिटेंडेंट ज़ैनब मबालू ग्बला हैं.शेरॉन को वर्ष 2024 के यूएन सैन्य लैंगिक पैरोकार पुरस्कार और ज़ैनब को UNISFA में उनके असाधारण शान्तिरक्षा कार्य के लिए, वर्ष की महिला पुलिस अधिकारी के पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है.यूएन शान्तिरक्षा में लैंगिक नज़रियाUN Women पुलिस अधिकारी पुरस्कार 2011 में शुरू किया गया था और प्रथम यूएन सैन्य लैंगिक पैरोकार पुरस्कार, पहली बार उसके पाँच वर्ष बाद प्रदान किया गया था.इन दोनों ही पुरस्कारों के ज़रिए उन शान्तिरक्षकों को सम्मानित किया जाता है जिन्होंने शान्तिरक्षा में लैंगिक नज़रिए और सशक्तिकरण के समावेश की ख़ातिर असाधारण कार्य किया हो.सुरक्षा परिषद ने वर्ष 2000 में, एक प्रस्ताव के ज़रिए, शान्तिनिर्माण, शान्तिरक्षा और मानवीय सहायता कार्रवाई में महिलाओं की महती भूमिका की पुष्टि की थी. उसके बाद से, संयुक्त राष्ट्र ने, शान्तिरक्षा में, लैंगिक नज़रिए को समाहित करने के लिए प्रयास किए हैं.शेरॉन की नज़र में, लैंगिक नज़रियों को लागू करना, अलबत्ता तमाम शान्तिरक्षकों के लिए, दैनिक जोखिम भी हो सकता है. “हमें अपने कार्यकलापों के क्षेत्र में लैंगिक समीकरणों को समझना होगा, नहीं तो, हम सटीक मदद करने की स्थिति में नहीं होंगे, हम सही तरह की गतिविधियाँ चलाने की स्थिति में नहीं होंगे.”पीढ़ियों की विरासतज़ैनब ग्बला ने अपने देश सियेरा लियोन में ही युद्ध के कारण हुई भारी तबाही के बीच, शान्तिरक्षा के प्रभाव को देखा है. उन्होंने यूएन न्यूज़ से कहा, “मैंने दुनिया के विभिन्न हिस्सों से, लोगों को मेरे देश में शान्ति स्थापना के लिए आते देखा... इसलिए मैंने स्वयं से कहा कि एक दिन मैं भी, एक शान्तिरक्षक बनूंगी – अन्य लोगों की मदद करने की ख़ातिर, इस अहसान का बदला चुकाने की ख़ातिर.”ज़ैनब ने UNISFA की एक लैंगिक पुलिस अधिकारी होने के नाते, एक अभूतपूर्व स्कूली कार्यक्रम और महिला प्रशिक्षण नैटवर्क सृजित किया, साथ ही यह सुनिश्चित करने के लिए भी असाधारण सृजनात्मकता के साथ काम किया है कि शिक्षा और सीखना, आनन्द दायक गतिविधियाँ लगें.उनका कहना है, “आबिये की महिलाएँ कामकाज करने के लिए तैयार हैं, वो अपने लिए गतिविधियाँ करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते कि शान्ति उन्हें इसकी इजाज़त दे. बच्चे स्कूल जाने के लिए तैयार हैं, बशर्ते कि शान्ति उन्हें इसकी अनुमति दे.”लैंगिक चश्मे से शान्तिरक्षा का भविष्यशेरॉन और ज़ैनब, दोनों को ही ये पुरस्कार, अन्तरराष्ट्रीय शान्तिरक्षा दिवस (29 मई) के अवसर पर दिए जाएंगे. इस वर्ष इस दिवस पर, सदस्य देशों और यूएन अधिकारियों से, शान्तिरक्षा के भविष्य पर विचार करने के लिए कहा जा रहा है.शेरॉन और ज़ैनब, दोनों की ही नज़र में, शान्तिरक्षा और सुरक्षा के भविष्य को, लैंगिक दृष्टिकोण और उनके सशक्तिकरण की मज़बूत गाँठ से अलग नहीं किया जा सकता है.शेरॉन कहती हैं, “अगर आपको नहीं मालूम कि किसी इलाक़े में लैंगिक समीकरण क्या हैं, अगर आप नहीं जानते हैं कि कौन प्रभारी या शक्तिशाली हैं, अगर आपको नहीं मालूम कि किससे किसको फ़ायदा होगा...तो आप ये सोच सकते हैं कि आप सुरक्षा मुहैया करा रहे हैं, मगर दरअसल आप सुरक्षा उपलब्ध नहीं करा रहे हैं.”ज़ैनब ने, इस पुरस्कार के बारे में बात करते हुए, सभी वर्दीधारी महिलाओं की प्रशंसा की, और शान्ति की तलाश में उनके अथक कार्य की अहमियत पर ज़ोर दिया.“हम में से सभी (महिलाओं) को, अपने-अपने मिशनों में असाधारण चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, फिर भी हमारा सामूहिक लक्ष्य समान है – शान्ति क़ायम रखना और निर्बलों का संरक्षण.”