Advertisement
सूडान युद्ध से क्षेत्रीय स्वास्थ्य संकट भड़कने का ख़तरा, WHO

WHO ने निगरानी व्यवस्था बनाए रखने, बीमारी की रोकथाम को मज़बूत करने और जीवनरक्षक स्वास्थ्य सेवाओं को सुरक्षित रखने के लिए, तत्काल समर्थन का आग्रह किया है.सूडान में, अप्रैल 2023 में गृहयुद्ध भड़कने के बाद से, 1 करोड़ 45 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं, जिनमें से एक करोड़ 5 लाख लोग देश के भीतर ही विस्थापित हुए हैं.उनके अलावा, 40 लाख लोग मिस्र, दक्षिण सूडान, चाड, इथियोपिया, लीबिया और मध्य अफ़्रीकी गणराज्य जैसे देशों में शरण के लिए पहुँचे हैं. इन कारणों से यह, विश्व का सबसे बड़ा विस्थापन संकट बन गया है.सूडान में युद्ध ने बुनियादी ढाँचे को नष्ट कर दिया है और आवश्यक सेवाओं व ढाँचों को तहस-नहस कर दिया है, जिससे हैज़ा, ख़सरा और अन्य संक्रामक बीमारियों फैल रही हैं.संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने मंगलवार को न्यूयॉर्क में नियमित प्रैस वार्ता में बताया कि पूरे देश में लड़ाई और गोलाबारी तेज़ हो रही है, और “ख़ारतूम प्रदेश में हैज़ा का प्रकोप चिन्ताजनक गति से बढ़ रहा है.”पिछले दो सप्ताहों के दौरान, हैज़ा संक्रमण के मामलों में 80 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है.प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने “मानवीय सहायता कार्रवाई को तेज़ करने के लिए अधिक, सहनशील और समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराए जाने” की अपील की.उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि “सभी आवश्यक मार्गों से बेरोकटोक पहुँच सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि राहतकर्मी ज़रूरतमन्द लोगों तक पहुँच सकें, चाहे वे कहीं भी हों.”बीमारी और विस्थापनइस युद्ध का असर केवल सूडान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह असर, देश की सीमा से बाहर भी गहराई से महसूस किया जा रहा है.इस वर्ष 7 मई तक, पिछले दो वर्षों की लड़ाई के दौरान, 15 लाख सूडानी शरणार्थी मिस्र पहुँचे हैं.हालाँकि देश ने स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ाया है, मगर वहाँ की सार्वभौमिक स्वास्थ्य बीमा प्रणाली के तहत सूडानी लोगों को उच्च लागत का सामना करना पड़ रहा है.WHO, मिस्र के राष्ट्रीय अधिकारियों के साथ मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत करने और सबसे अधिक ज़रूरतमन्द लोगों तक पहुँचने के लिए काम कर रहा है.लेकिन सूडानी शरणार्थी, क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में पहले से ही भीड़-भाड़ वाले शिविरों में पहुँच रहे हैं, जिससे स्थिति और भी भयावह होती जा रही है.चाड में संकटग्रस्त पूर्वी प्रान्तों में पहले से ही शरणार्थियों की भारी भीड़ है,और अब तक 7 लाख 26 हज़ार से अधिक सूडानी शरणार्थियों के आने के कारण, स्वास्थ्य ज़रूरतें बेहद गम्भीर हो गई हैं.दक्षिण सूडान ने अब तक 15 लाख से अधिक लोगों को शरण दी है, जिनमें 3 लाख 52 हज़ार सूडानी शरणार्थी शामिल हैं. लेकिन शरण दे रहे देशों में जारी हिंसा और स्वास्थ्य केन्द्रों पर हमलों के कारण, राहत कार्य बुरी तरह प्रभावित हुए हैं, जिससे बीमारियों की स्थिति और भी गम्भीर हो गई है.भूख और हैज़ा को लेकर विशेष चिन्ता जताई गई है. क़रीब 77 लाख लोग गम्भीर खाद्य असुरक्षा का सामना कर रहे हैं.WHO का लगातार समर्थनWHO और उसकी साझीदार एजेंसियाँ, बढ़ते वित्तीय संकट और गम्भीर ढाँचागत चुनौतियों के बावजूद, लगातार सहायता मुहैया करा रहे हैं.एजेंसी ने अपील की है कि इस समय दुनिया के सबसे गम्भीर मानवीय और सार्वजनिक स्वास्थ्य संकटों में से एक को, और अधिक ख़राब होने से रोकने के लिए स्थाई समर्थन की आवश्यकता है.
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


