सुरक्षा परिषद: बलूचिस्तान में स्कूल बस पर हुए जघन्य आतंकी हमले की निन्दा
Source: UN News: सोमवार, 26 मई 2025 00:00 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रान्त के ख़ुज़दार ज़िले में 21 मई को एक स्कूल बस पर ‘जघन्य व कायरतापूर्ण’ आतकंवादी हमले की कठोर निन्दा की है.
बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा से लगभग 250 किलोमीटर दूर स्थित ख़ुज़दार में हुए इस हमले में कम से कम छह पाकिस्तानी नागरिक मारे गए हैं, जिनमें 4 स्कूली बच्चे भी हैं. 39 बच्चों समेत 53 लोगों के इस घटना में घायल होने की ख़बर है.15 सदस्य देशों वाली सुरक्षा परिषद ने गुरूवार को जारी अपने एक प्रैस वक्तव्य में कहा कि आतंकवाद अपने सभी रूपों व अभिव्यक्तियों में, अन्तरराष्ट्रीय शान्ति व सुरक्षा के लिए सबसे गम्भीर ख़तरों में से है.सुरक्षा परिषद के सदस्य देशों ने इस हमले के पीड़ितों के परिजन, पाकिस्तान सरकार के साथ गहरी सहानुभूति व सम्वेदना प्रकट की है. उन्होंने घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है.सुरक्षा परिषद ने इन निन्दनीय आतंकी कृत्यों को अंजाम देने वालों, उनकी वित्तीय मदद करने वालों और प्रायोजकों की जवाबदेही तय करने और उन्हें न्याय के कटघरे में लाने की आवश्यकता को रेखांकित किया है.सुरक्षा परिषद ने सभी सदस्य देशों से अन्तरराष्ट्रीय क़ानूनों और प्रासंगिक सुरक्षा परिषद प्रस्तावों के तहत तयशुदा दायित्वों के अनुरूप, पाकिस्तान सरकार के साथ सक्रिय रूप से सहयोग करने पर बल दिया है.सदस्य देशों ने दोहराया है कि कोई भी आतंकी कृत्य आपराधिक है, और उसे न्यायसंगत नहीं ठहराया जा सकता, चाहे उसे किसी ने कहीं भी, किसी भी मन्तव्य से अंजाम दिया हो.सुरक्षा परिषद ने ज़ोर देकर कहा है कि आतंकवादी हमलों से अन्तरराष्ट्रीय शान्ति व सुरक्षा के लिए पनपते ख़तरों से सभी देशों को निपटने की आवश्यकता है. यह कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र चार्टर, अन्तरराष्ट्रीय क़ानूनों, अन्तरराष्ट्रीय मानवाधिकार क़ानूनों, अन्तरराष्ट्रीय शरणार्थी क़ानूनों, और मानवतावादी क़ानूनों के अनुरूप की जानी होगी.इससे पहले, संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) ने इस हमले की निन्दा करते हुए, भयावह हिंसा का अन्त किए जाने की अपील की थी. यूनीसेफ़ ने ध्यान दिलाया था कि बच्चे न तो हिंसा का निशाना हैं, और न ही ऐसा कभी होने देना होगा.