ग़ाज़ा में स्वास्थ्य संस्थानों पर इसराइली हमलों में अनेक लोग हताहत, OCHA ने की निन्दा
Source: UN News: शुक्रवार, 16 मई 2025 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय राहत मामलों के समन्वय कार्यालय (OCHA) के ग़ाज़ा में धरातल पर मौजूद कर्मियों ने बताया है कि इसराइली सेना ने हाल ही में ख़ान यूनिस स्थित योरोपीय ग़ाज़ा अस्पताल पर हमला किया है, जिसमें अनेक लोगों के हताहत होने की ख़बरें हैं.
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश के उप प्रवक्ता फ़रहान हक़ ने न्यूयॉर्क में नियमित प्रैस वार्ता में बताया कि इस हमले के समय अस्पताल में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की टीम मौजूद थी. अगले ही दिन अस्पताल को फिर निशाना बनाया गया, जिससे अन्य लोगों के हताहत होने और अतिरिक्त नुक़सान होने की ख़बर मिली.WHO के अनुसार, अक्टूबर 2023 से अब तक ग़ाज़ा में स्वास्थ्य संस्थानों पर 686 से अधिक हमले हो चुके हैं.
UN Photo/Loey Felipe
4.36 लाख से अधिक लोग फिर बेघर ग़ाज़ा में मानवीय संकट केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, भूख और विस्थापन ने हालात को और भी बदतर बना दिया है. ग़ाज़ा के उत्तरी इलाक़े में पिछले कुछ दिनों के दौरान, इसराइल ने, आठ नए इलाक़ों के लिए विस्थापन आदेश जारी किए हैं, जिनके कारण, 18 मार्च से अब तक 4 लाख 36 हज़ार से अधिक लोग फिर से बेघर हो चुके हैं.इसराइल द्वारा ग़ाज़ा में प्रवेश पर लागू की गई सीमाबन्दी के कारण, खाद्य और ज़रूरी सामग्री की आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे स्थानीय बाज़ारों में सामान की क़ीमतें कई गुना बढ़ गई हैं. उदाहरण के लिए, ग़ाज़ा में, मई के पहले सप्ताह में 25 किलो गेहूँ का आटा 415 डॉलर से अधिक में बिक रहा था, जो फ़रवरी के आख़िरी सप्ताह की तुलना में, 3000 प्रतिशत की वृद्धि है.सामुदायिक रसोईघर भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं, 25 अप्रैल को जहाँ 180 रसोईघर हर दिन 11 लाख लोगों को खाना खिला रहे थे, वहीं अब केवल 65 रसोईघर बचे हैं, जो मुश्किल से ढाई लाख लोगों को भोजन उपलब्ध करा पा रहे हैं.देर न हो जाए...संयुक्त राष्ट्र और मानवीय साझीदारों ने क्षेत्र में पहले से एक लाख 71 हज़ार मीट्रिक टन खाद्य सामग्री जमा कर रखी है, जो ग़ाज़ा की पूरी आबादी को चार महीने तक भोजन उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त है. लेकिन यह खाद्य मदद तभी ज़रूरमन्द लोगों तक पहुँच सकती है जब इसराइल, ग़ाज़ा में राहत सामग्री के प्रवेश को अनुमति दे.संयुक्त राष्ट्र ने सभी सदस्य देशों से अपील की है कि इससे पहले कि हालात और अधिक भयावह हो जाएँ, वे हस्तक्षेप करके यह सुनिश्चित करें कि अन्तरराष्ट्रीय क़ानूनों का पालन हो और मानवीय सहायता को बिना देरी के ग़ाज़ा में प्रवेश करने दिया जाए.