FAO: पशुओं में 'खुरपका - मुँहपका रोग' के प्रकोप के बीच, तत्काल कार्रवाई की अपील
Source: UN News: बुधवार, 07 मई 2025 00:01 AM (IST)
संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) ने चेतावनी दी है कि योरोप और मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों में खुरपका - मुँहपका रोग (FMD) के प्रकोप के नए मामले सामने आ रहे हैं, जिससे न केवल पशुओं के स्वास्थ्य पर बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्थाओं पर भी विनाशकारी प्रभाव पड़ सकता है. ऐसे में अधिक जागरूकता और ठोस कार्रवाई की तत्काल आवश्यकता पर ज़ोर दिया गया है.
खुरपका - मुँहपका रोग (FMD), एक अत्यन्त संक्रामक विषाणु (Virus) जनित रोग है, जो दो खुरों के पैर वाले जानवरों को प्रभावित करता है, जैसेकि गाय, सूअर, भेड़, बकरियाँ और अन्य कई जंगली प्रजातियाँ.योरोप इस रोग के, इस सदी के सबसे गम्भीर प्रकोप का सामना कर रहा है.सम्भावित फैलाव को लेकर चिन्ताएजेंसी ने एक चेतावनी में कहा है, "FAO ने, हाल ही में इराक़ और बहरीन में खुरपका - मुँहपका बीमारी (FMD) के SAT1 प्रकार के मामलों के बारे में मालूम होने के बाद, तत्काल जैव-सुरक्षा उपायों और निगरानी बढ़ाने की सिफ़ारिश की है." FAO ने कहा, "वायरस का SAT1 प्रकार निकट पूर्व और पश्चिम यूरेशिया क्षेत्रों के लिए विदेशी है," यानि यह वायरस आमतौर पर इन क्षेत्रों में नहीं पाया जाता, जिससे इसके सम्भावित फैलाव को लेकर "गम्भीर चिन्ता" व्यक्त की गई है.FMD आमतौर पर बुख़ार और मुँह व पाँवों (खुरों) में छाले के रूप में शुरू होता है, जिससे प्रभावित पशुओं में लंगड़ापन देखा जाता है. हालाँकि वयस्क पशुओं में मृत्यु होने के बहुत कम मामले देखे गए हैं, मगर छोटे और कमज़ोर जानवरो की, अचानक हृदयगति रुकने से मृत्यु हो सकती है.यह वायरस अत्यन्त तेज़ी से फैलता है और उन देशों या क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पशुओं को प्रभावित कर सकता है, जहाँ यह बीमारी आमतौर पर नहीं पाई जाती या जहाँ नियमित टीकाकरण नहीं होता.खुरपका - मुँहपका रोग, वैसे तो, मानव स्वास्थ्य के लिए सीधा ख़तरा नहीं है, मगर यह पशु-स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा और किसानों की आय को गम्भीर रूप से प्रभावित करता है. इससे दूध और माँस उत्पादन में कमी आती है, जिससे कृषि उत्पादकता घटती है.संगठन ने बताया कि जहाँ यह एक स्थानिक (Endemic) बीमारी है, उन क्षेत्रों में इससे होने वाली प्रत्यक्ष उत्पादन हानि और टीकाकरण की लागत, वैश्विक स्तर पर प्रति वर्ष लगभग 21 अरब डॉलर आँकी गई है. हालाँकि एजेंसी ने यह भी कहा कि जब अन्तरराष्ट्रीय और स्थानीय व्यापार में आने वाली बाधाओं को शामिल किया जाए, तो वास्तविक आर्थिक बोझ इससे कहीं अधिक हो सकता है.साल 2001 में ब्रिटेन में FMD के एक भारी प्रकोप के दौरान, 60 लाख से अधिक पशुओं को मारना पड़ा था, जिससे अर्थव्यवस्था को अरबों डॉलर का नुक़सान हुआ और पशुपालन उद्योग व पर्यटन क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुए. इसके बाद कई नए उपाय अपनाए गए हैं जिनकी बदौलत, ख़तरे में कमी आई है और आपदा-प्रतिक्रिया कार्रवाई की क्षमता बेहतर हुई है. इनमें प्रकोप से निपटने के लिए स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर आपातकालीन योजनाएँ भी शामिल हैं.प्रकोप और कार्रवाईFMD का वायरस, हाल ही में योरोप के उन हिस्सों में पाया गया है, जो इस बीमारी से आमतौर पर मुक्त माने जाते हैं, और अब ये महाद्वीप वर्ष 2001 के बाद से अपने सबसे भीषण प्रकोप का सामना कर रहा है.जर्मनी में जनवरी (2025) में एक प्रकोप की पुष्टि हुई थी, लेकिन इसके बाद से देश को FMD - मुक्त घोषित कर दिया गया है. हालाँकि, हंगरी और स्लोवाकिया में इस बीमारी का प्रको अब भी जारी है.ब्रिटेन ने, इस स्थिति का सामना करने के लिए, हाल ही में उन योरोपीय देशों से माँस और दूध उत्पादों के आयात पर प्रतिबन्ध लगा दिया है, जहाँ FMD वायरस का पता चला है.
Photo: FAO
इसके साथ ही, ऑस्ट्रिया से भी आयात पर रोक लगाई गई है, क्योंकि यह हंगरी जैसे प्रभावित पड़ोसी देश से सटा हुआ है.निकट पूर्व में FMD एक स्थाई रूप से मौजूद बीमारी है, लेकिन हाल में मामलों में जो तेज़ी आई है, उसका कारण एक विदेशी सिरोटाइप है, जो सम्भवतः पूर्वी अफ़्रीका से आया है.बहरीन, इराक़ और कुवैत में इसके मामले सामने आ चुके हैं, हालाँकि अन्य देशों में भी इसका उच्च जोखिम बना हुआ है.संगठन ने कहा कि FMD वायरस के कई प्रकार दुनिया के विभिन्न हिस्सों में लगातार सक्रिय हैं, और योरोप तथा निकट पूर्व में, हालिया प्रकोप इस बात को उजागर करते हैं कि यह बीमारी आजीविका, खाद्य सुरक्षा और सुरक्षित व्यापार के लिए निरन्तर ख़तरा बनी हुई है.जागरूकता बढ़ाने की ज़रूरतखाद्य व कृषि संगठन ने कहा है कि सभी सरकारों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, लेकिन विशेष रूप से प्रभावित और उच्च जोखिम वाले देशों को, किसानों और स्थानीय समुदायों के बीच जागरूकता फैलाने के उपाय करने चाहिए, ताकि पशुधन की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.अन्य सिफ़ारिशों में जैव-सुरक्षा उपाय शामिल हैं, जैसे कि बीमार पशुओं को अन्य पशुओं से अलग रखना, उनकी पेशेवर पशु चिकित्सकों से जाँच कराना, टीकाकरण रिकॉर्ड की समीक्षा करना और FMD से निपटने की आपातकालीन योजनाओं को सक्रिय रखना.संगठन ने कहा कि देश इन उपायों को अपनाकर, इस बीमारी के जोखिम को काफ़ी हद तक कम कर सकते हैं.