Advertisement
सीरिया: यूएन दूत ने हिंसक झड़पों में आए उछाल पर जताई चिन्ता

विशेष दूत गेयर पैडरसन ने हिंसक झड़पों को अस्वीकार्य बताते हुए चेतावनी दी है कि मौजूदा हालात बहुत नाज़ुक हैं और स्थिति और भड़क सकती है. पिछले सप्ताह, दमिश्क के दक्षिण-पश्चिम में स्थित अशरफ़ियाह सहनाया में लड़ाई तब भड़की जब अज्ञात बन्दूकधारियों ने एक सुरक्षा चौकी पर हमला किया.इस घटना के अगले दिन, जरामाना इलाक़े में एक और जानलेवा झड़प हुई. हिंसक घटनाओं में अब तक कुल 16 आम नागरिकों व सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने की ख़बर है.गेयर पैडरसन ने बुधवार को जारी अपने एक वक्तव्य में कहा कि आम नागरिकों व सुरक्षाकर्मियों के हताहत होने की ख़बरें बेहद चिन्ताजनक हैं.“आम नागरिकों की रक्षा किए जाने, तनाव में कमी लाने और सामुदायिक हिंसक टकराव को उकसाने से रोकने के लिए तत्काल क़दम उठाए जाने होंगे.”सीरिया में हिंसा में वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब अन्तरिम सरकार और द्रूज़ समुदाय के बीच तनाव व्याप्त है.द्रूज़, सीरिया में एक अल्पसंख्यक समुदाय है, जोकि पूर्व राष्ट्रपति बशर अल असद के शासन के पतन के बाद, नए देश को आकार देने में अपनी भूमिका के लिए सरकार के साथ बातचीत में हिस्सा ले रहा है.बताया गया है कि इस समुदाय में अनेक लोगों ने कुछ हद तक स्वायत्तता दिए जाने की मांग की है, और सीरिया के मौजूदा नेतृत्व की इस्लामवादी पृष्ठभूमि के प्रति चिन्ता व्यक्त की है.सीरिया में पसरी अशान्ति के बीच, इसराइल ने देश में सैन्य हमले किए हैं और कथित तौर पर उन चरमपंथी समूहों को निशाना बनाया है, जोकि दमिश्क के पास द्रूज़ आबादी पर हमले करने की तैयारी कर रहे थे.एक अन्य हमले में राजधानी के बाहर एक सीरियाई सुरक्षाकर्मी की जान गई है.सम्प्रभुता का सम्मानगेयर पैडरसन ने इसराइली हमलों की निन्दा करते हुए कहा कि इन्हें रोका जाना होगा. “सीरिया की सम्प्रभुता का पूर्ण रूप से सम्मान किया जाना चाहिए.”विशेष दूत पैडरसन ने आम नागरिकों को जान से मारने और तनाव भड़काने के लिए ज़िम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय किए जाने पर बल दिया.“वास्तविक समावेश, भरोसे के निर्माण और अर्थपूर्ण सम्वाद के बिना कोई प्रगति नहीं हो सकती है.”विशेष दूत ने हालात को शान्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का स्वागत करते हुए सभी पक्षों से आग्रह किया है कि रक्तपात को टालने के लिए एक साथ मिलकर काम करना होगा.पिछले महीने लताकिया प्रान्त में हुई साम्प्रदायिक हिंसा के बाद तनाव अब भी व्याप्त है, जिसमें एक हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए थे. संयुक्त राष्ट्र ने सीरिया के भविष्य के लिए इस अहम पड़ाव पर संयम व एकता की अपील की है. गेयर पैडरसन ने कहा कि सीरियाई नागरिकों ने बहुत लम्बे समय तक बहुत कुछ सहा है और वे शान्ति, गरिमा और सम्वाद पर आधारित भविष्य के हक़दार हैं, विध्वंस के नहीं.
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


