युद्ध के दौरान मानवतावादी क़ानून के प्रति बेपरवाही से, शरणार्थियों की बढ़ी मुश्किलें
Source: UN News: बुधवार, 30 अप्रैल 2025 00:00 AM (IST)
सत्ता वर्चस्व की तलाश में हज़ारों जीवन तबाह कर दिए गए हैं और अन्तरराष्ट्रीय मानवतावादी क़ानून के प्रति पूरी बेपरवाही दर्शाते हुए उसे ख़ारिज कर दिया गया है. यूएन शरणार्थी एजेंसी (UNHCR) के शीर्ष अधिकारी फ़िलिपो ग्रैंडी ने सुरक्षा परिषद को विश्व के अनेक देशों में हिंसक टकराव से शरणार्थियों के लिए उपजी स्थिति से अवगत कराया है.
UNHCR उच्चायुक्त ने बताया कि सूडान, यूक्रेन, म्याँमार, काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य, हेती समेत अन्य देशों में हिंसा, मौजूदा दौर की मुद्रा बन गई है.जबरन विस्थापन का शिकार होने वाले लोग इस युद्ध के पहले पीड़ितों में हैं. विश्व भर में, 12.3 करोड़ लोगों को हिंसक टकराव से बचने के लिए अपने घर छोड़कर भागने के लिए मजबूर होना पड़ा है.सूडान में युद्ध की शुरुआत से ही, देश की क़रीब एक-तिहाई आबादी अंधाधुंध हिंसा, बीमारी, भुखमरी, बाढ़, सूखे और यौन हिंसा के कारण विस्थापित हो चुकी है.यूएन एजेंसी के प्रमुख ने कहा कि क्षोभ व्यक्त किया कि वहाँ जैसे हालात हैं, उनका वर्णन किया जाना मुश्किल है.उधर, यूक्रेन में एक करोड़ लोग युद्ध के कारण विस्थापित हुए हैं, और हिंसा का उन पर भयावह असर हुआ है. कुल विस्थापित आबादी में से 70 लाख अब शरणार्थी हैं, जिन्होंने अन्य देशों में शरण ली हुई है.म्याँमार में हालात में कोई बदलाव नहीं आया है. बांग्लादेश में रोहिंज्या आबादी ने शरणार्थी शिविरों में आश्रय लिया है, और पिछले आठ वर्षों से वो पूर्ण रूप से मानवीय सहायता पर ही निर्भर है.सुरक्षा व आत्म-निर्भरताफ़िलिपो ग्रैंडी ने सचेत किया कि शरणार्थियों को जब तक अपने देश में, अपने लिए स्थाई शान्ति के हालात के प्रति विश्वास नहीं होगा, उनकी वापसी सम्भव नहीं होगी.इसके मद्देनज़र, उन्होंने मानवीय संकटों का अन्त करने के लिए सुरक्षा व आत्म-निर्भरता को बढ़ावा देने पर बल दिया है.यूएन एजेंसी उच्चायुक्त ने कहा कि शान्ति की दिशा में वापसी के लिए वादे और संकल्प की आवश्यकता होगी, बिना सक्रिय हुए उसे हासिल नहीं किया जा सकता है.उन्होंने 15 सदस्य देशों वाली सुरक्षा परिषद को ध्यान दिलाया कि उनका मुख्य दायित्व युद्धों की रोकथाम करना, उन्हें रोकना है, मगर यह परिषद लम्बे समय से इसे निभाने में विफल रही है.अवसरों का लाभ उठानाउच्चायुक्त ग्रैंडी ने कहा कि स्थाई शान्ति को हासिल करने के लिए, संयुक्त राष्ट्र को अनपेक्षित अवसरों का लाभ उठाना होगा और साथ ही सोच-विचार कर जोखिम भी उठाने होंगे. “अब इस ख़तरनाक जड़ता को तोड़ने के लिए एक अवसर है.”सीरिया में 8 दिसम्बर को पूर्व असद शासन के पतन के बाद से अब तक 10 लाख लोग देश वापिस लौट चुके हैं, और आगामी दिनों में भी ये सिलसिला जारी रहने की आशा है.शरणार्थी मामलों के प्रमुख ने सुरक्षा परिषद से सीरिया पर थोपी गई पाबन्दियों में कुछ ढील देने का आग्रह किया ताकि पुनर्बहाली प्रयासों और निवेश को मज़बूती दिया जा सके.“वापिस लौट रहे सीरियाई नागरिकों के जोखिमों को कम करने के लिए, मैं आपसे स्वयं कुछ जोखिम लेने की बात कह रहा हूँ.”उन्होंने आगाह किया कि सीरिया, बुरुंडी और मध्य अफ़्रीकी गणराज्य से सकारात्मक संकेतों के बावजूद, मानवीय सहायता में कटौती होने, बहुपक्षवाद से क़दम पीछे खींचे जाने और जीवनरक्षक सहायता में कमी आने से चिन्ताएँ उपजी हैं.UNHCR प्रमुख ने कहा कि जबरन विस्थापन का मुद्दा, सुरक्षा परिषद के हर सदस्य देश को प्रभावित करता है, और इसलिए युद्ध का अन्त करना और शान्ति स्थापना उनका सामूहिक दायित्व है.