-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:53 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जम्मू-कश्मीर: भारत और पाकिस्तान से अधिकतम संयम बरतने का आग्रह

Source: UN News: मंगलवार, 29 अप्रैल 2025 00:01 AM (IST)
जम्मू-कश्मीर: भारत और पाकिस्तान से अधिकतम संयम बरतने का आग्रह
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश ने हाल ही में, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले के बाद उपजे तनाव की पृष्ठभूमि में, भारत और पाकिस्तान से अधिकतम संयम बरतने का आग्रह किया है. साथ ही, आपसी मुद्दों को शान्तिपूर्ण ढंग व पारस्परिक बातचीत से सुलझाए जाने की अपील की है. यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने गुरूवार को न्यूयॉर्क मुख्यालय में एक पत्रकार द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में बताया कि महासचिव ने, 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले की निन्दा की है, जिसमें बड़ी संख्या में आम नागरिक मारे गए हैं. उन्होंने कहा कि यूएन प्रमुख का सीधे तौर पर दोनों देशों के साथ फ़िलहाल कोई सम्पर्क नहीं हुआ है, मगर वह मौजूदा हालात से चिन्तित हैं और घटनाक्रम पर क़रीबी नज़र रखे हुए हैं.हथियारबन्द चरमपंथियों ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल - पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में पर्यटकों पर हमला किया था, जिसमें कम से कम 26 लोगों के मारे जाने और कई अन्य लोगों के घायल होने की ख़बरें हैं.महासचिव गुटेरेश ने ध्यान दिलाया कि आम नागरिकों को निशाना बनाकर किए गए हमलों को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता.यूएन प्रमुख के प्रवक्ता ने भारत और पाकिस्तान से अधिकतम संयम बरतने और यह सुनिश्चित करने की अपील की है कि हालात और नहीं बिगड़ें.प्रवक्ता ने कहा, “हमारा मानना है कि पाकिस्तान और भारत के बीच कोई भी मुद्दा शान्तिपूर्ण, अर्थपूर्ण और पारस्परिक सम्पर्क व बातचीत से सुलझाया जा सकता है और जाना चाहिए.”जब यूएन प्रवक्ता से, भारत द्वारा पाकिस्तान के साथ सिन्धु जल सन्धि को निलम्बित करने की घोषणा के बारे में एक सवाल पूछा गया तो, उन्होंने अधिकतम संयम बरते जाने का आग्रह दोहराया.उन्होंने सचेत किया कि कोई भी ऐसा क़दम उठाए जाने से बचा जाना होगा, जिससे हालात और बिगड़ते हों और पहले से ही तनावग्रस्त इलाक़े में तनाव और अधिक बढ़े.

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement